WATERWIKI
अल्बर्ट झील

अल्बर्ट झील अफ्रीका महादेश के युगांडा राज्य में १ ९ से २ १७ द. तथा दे. ३० ३०से ३१ ३५पू. तक विस्तृत एक बृहत्‌ जलाशय है। यूरोपियनों को इसका पता सन्‌ १८६४ में चला। इसका क्षेत्रफल १,६४० वर्ग मील है;अधिकतम लंबाई १०० मील, चौड़ाई २२ मील तथा गहराई ५५ फुट है। इसकी सतह्‌ की औसत उँचाई समुद्रतल से २,०३० फुट है जो ऋतु के अनुसार बदलती रहती है पैलेस्टाइन की जार्डन नदी की घाटी से लेकर लालसागर होती हुई अबिसीनिया के भीतर से केनिया कालोनी तक विस्तृत एक विशाल निभंग उपत्यका है (ग्रेट रिफ्ट वैली) और अल्बर्ट झील यूगांडा राज्य की इसी उपत्यका के पश्चिमी भाग के उत्तरी सिरे पर स्थित है। इसके आसपास कई गर्म सोते पाए जाते हैं। किबीरो के पास लवणमय जल का भी एक सोता है जिससे नमक एकत्र करना यहाँ का एक प्रमुख व्यवसाय है।

अल्बर्ट झील के पूर्वी तथा पश्चिमी किनारे पर स्थित निभंग उपत्यका की पहाड़ी सीधी खड़ी है तथा इसका पाददेश झील की सतह को स्थान-स्थान पर छूता है। झील का संकरा उपकूल कई स्थानों पर घने जंगलों से आवृत है और चारों ओर पठार पर कहीं संकरी, चौड़ी सीढ़ियां धीरे-धीरे ऊपर तक चली गई हैं। पूर्वी किनारे की पहाड़ियां लगभग १,००० से २,००० फुट तक ऊँची हैं और पश्चिम तट की पहाड़ियों में कई नुकीली चोटियां हैं जिनमें से अनेक ८,००० फुट तक ऊँची हैं। इन दोनों किनारों में स्थान-स्थान पर गहरी खाइयां दिखाई पड़ती हैं। इन खाइयों पर से तथा पठारों के किनारों से बहनेवाली नदियों में कई सुंदर जलप्रपात हैं जो इस झील के सौंदर्य को और बढ़ा देते हैं। झील के दक्षिण में सेमलिकी नदी की प्रशस्त घाटी है और एडवर्ड झील का पानी इस नदी द्वारा अल्बर्ट झील में आकर गिरता है। पानी के अतिरिक्त सेमलिकी नदी द्वारा प्रचुर जलोढक (तलछट) भी अल्बर्ट में आ पहुँचता है। झील के उत्तर में पूर्वी किनारे पर विक्टोरिया नाइल नदी आकर इसमें मिलती है जो झील के समांतर दक्षिण दिशा में बहती हुई आती है। उत्तर में अल्बर्ट झील संकरी होती गई है और आगे चलकर एक संकीर्ण पहाड़ी के बीच से बहर-अल-जाबेल नामक एक छोटी नदी के रूप में निकली है।

अल्बर्ट झील धीरे-धीरे छोटी होती जा रही है। यह अनुमान किया जाता है कि इसकी पुरानी सतह से वर्तमान सतह लगभग १,००० फुट नीचे है। वैज्ञानिकों की धारण है कि भूचाल अथवा अपक्षरण के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। (वि.मु.)

अन्य स्रोतों से:

गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):

संदर्भ: