WATERWIKI
अल्बर्टा कैनाडा

अल्बर्टा कैनाडा राज्य का एक प्रांत है जो ४९ उ. से ६० उ.अ. तथा ११० प. से १२० प.दे. रेखाओं के बीच स्थित है। इसके दक्षिण में संयुक्त राज्य अमरीका, पूर्व में ससकेचवान, उत्तर में उत्तर पश्चिम प्रदेश तथा पश्चिम में राकी पर्वत है। इसके मुख्य तीन प्राकृतिक भाग किए जा सकते हैं : दक्षिण पश्चिम में राकी पर्वतीय प्रदेश, उत्तर पूर्व में अथबस्का झील के निकट 'लारेंशियन शील्ड' नामक एक छोटा पठारी क्षेत्र तथा तीसरा, मध्य का बड़ा मैदान। यहाँ पर राकी पर्वत ८,००० से ९,००० फुट तक ऊँचा है। अल्बर्टा का अधिकतर भूभाग चीड़ आदि कोणधारी वृक्षों के वनों से भरा पड़ा है। अधिकतर आबादी दक्षिण के प्रेयरीज क्षेत्र में पाई जाती है। मुख्य नदियाँं ससकेचवान, अथबस्का, मिल्क तथा पीस हैं। जाड़े में ठंडक (औसत ताप १५ फा.) तथा गर्मी में पर्याप्त गर्मी (८० फा.) पड़ती है। वर्ष भर में लगभग २० इंच वर्षा होती है।

प्रांत में २,४८,८०० वर्ग मील भूमि तथा ६,४८५ वर्ग मील जल है। भूक्षेत्रफल में ८५,५६० वर्ग मील कृषि योग्य तथा ५१,०८० वर्ग मील वनप्रदेश है जिसे काटकर कृषि की जा सकती है। कैनाडा का ९७ प्रतिशत पेट्रोल यहाँ पर मिलता है। यहाँ जलशक्ति से लगभग १०,४९,५०० अश्वसामर्थ्य चौबीसों घंटे प्राप्त हो सकती है। झीलों तथा नदियों में मछली मारने का काम होता है। कृषि यहाँ का मुख्य उद्यम है। शुष्क क्षेत्रों में सिंचाई के साधन भी उपलब्ध हैं। जौ, गेहूँ , जई, मटर तथा चुकंदर मुख्य उपज हैं। यहाँ पर पशुपालन भी होता हे। १९७० की पशुगणना के अनुसार यहाँ पर घोड़े ८०,०००; गाएँ १,९८,०००; अन्य पशु ३३,३७,०००; भेड़ें २,४७,०००; सूअर १६,००,००० तथा मुर्गियां इत्यादि १,१२,२०,००० हैं।

परिवहन (यातायात) के प्रचुर साधन उपलब्ध हैं। १९७० में रेलमार्ग की पूरी लंबाई ६,०८१ मील थी। कैनेडियन पैसिफिक रेलवे यहाँ का प्रथम रेलमार्ग है जो देश के एक सिरे से दूसरे सिरे तक जाता है। कालगरी इसका मुख्य जंकशन है। ग्रैंड ट्रंक पैसिफिक (अब कैनेडियन नैशनल) का बनना १९०३ में प्रारंभ और १९१५ में पूरा हुआ। यह दक्षिणी ससकेचवान के उर्वरा मैदान से होकर जाता है। तीसरा, एक छोटा रेलमार्ग क्राउन नेस्ट से होता हुआ राकी क्षेत्र में जाता है। जलमार्ग, वायुमार्ग तथा सड़कों का विस्तार भी यहाँ यथेष्ट है जिनकी कुल लंबाई ८५,८१४ मील है। जनसंख्या १६,००,००० (१९७०) है, जिसमें ४,६२,००० व्यक्ति गाँवों में तथा ११,३१,००० व्यक्ति नगरों में रहते हैं। यहाँ के प्रमुख नगर एडमांटन (४,२२,४१८), कालगरी (३,८५,४३६), लेथब्रिज (३९,५२२) तथा मेडिसिनहट (२५,७१३) हैं (जनसंख्या १९७० के अनुसार)। (न.ला.)

अन्य स्रोतों से:

गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):

संदर्भ: