चिनाब

26 Feb 2011
0 mins read
कश्मीर से लौटते समय पैर उठते ही नहीं थे। जाते समय जो उत्साह मन में था, वह वापस लौटते वक्त कैसे रह सकता था? इसी कारण, जाते समय जो रास्ता लिया था, उसे छोड़कर पीर पुंजाल के पहाड़ों को पार करके हम जम्मू के रास्ते से आ रहे थे। श्रीनगर से जम्मू तक गाड़ी का रास्ता भी नहीं है। हिम्मत हो तो पैदल चलिए, वरना कश्मीरी टट्टू पर सवार हो जाइये। रास्ते में प्रकृति की सुंदरता और जहांगीर की विलासिता का कदम-कदम पर अनुभव होता है। जहां देखें वहां बंधे हुए जलाशय और पहाड़ों में बनाये हुए रास्ते दीख पड़ते हैं। आज शिमला की जो प्रतिष्ठा है, वहीं या उससे भी अधिक प्रतिष्ठा जहांगीर के समय में श्रीनगर की थी। ऐसे बादशाही पहाड़ी रास्ते से वापस लौटते समय भगवती चंद्रभागा के दर्शन किये थे। लोग आज उसे चिनाब के नाम से पहचानते हैं:

यदि मैं भूलता नहीं हूं तो हम रामबन के आसपास कहीं थे। सारा दिन और सारी रात चलना था। चांदनी सुंदर थी। थके-मांदे हम रास्ते पर पियक्कड़ आदमी की तरह लड़खड़ाते हुए चल रहे थे पांवों के तलुओं में छाले निकल आये थे। घुटनों में दर्द था और निराश नींद का रूपांतर हुआ था आधी क्लान्ति में। निद्रा सुखावह होती है; तन्द्रा वैसी नहीं होती।

ऐसी हालत में हम आगे बढ़ रहे थे, इतने में दायीं ओर की गहरी घाटी में से गंभीर ध्वनि सुनाई दी। सामने की टेकरी पर से झुककर आया हुआ पवन शीतल सुगंधित मालूम होने लगा। तन्द्रा उड़ गयी। होश आया। और दृष्टि कलरव का उद्गम खोजने दौड़ी। कैसा मनोहर दृश्य था! ऊपर से दूध के जैसी चांदनी बरस रही है। नीचे चंद्रभागा पत्थरों से टकराकर सफेद फेन उछाल रही है। और उसका आस्वाद लेकर तृप्त हुआ पवन हमें वहां की शीतलता प्रदान कर रहा है।

साथ आये हुए एक आदमी से मैंने पूछा, “यह कोई नदी है, या पहाड़ी प्रवाह है?” उसने जवाब दिया, “दोनों है। वह मैया चिनाब है।” मैंने चिनाब को प्रणाम किया। नीचे तो उतरा हनी जा सकता था। अतः दूर से ही दर्शन करके पावन हुआ। प्रणाम करके कृतार्थ हुआ और आगे चलने लगा।

क्या यही है। वेदकालीन भगवती चंद्रभागा! कई ऋषियों ने अपने ध्यान और अपनी गायों को यहां पुष्ट किया होगा। आज भी उद्यमी लोग इस नदी माता का दोहन कम नहीं करते। मेरी जीवन-स्मृति शुरू होती है उसी समय पहाड़ों जैसे कद्दावर पंजाबी इस नदी के किनारे पर नहरें खोदते थे। आज पचीस लाख एकड़ जमीन इस माता के दूध से रसकस प्राप्त करती है और पंजाबी वीरों को पोषण करती है। वेदकालीन चिनाब का सत्त्व आर्यों के उत्कर्ष में काम आता था। रणजीत सिंह के समय में यही जल गुरू की फतह पुकारता था। आज का रंग भी अंतिम नहीं है। चिनाब का पानी बिलकुल निःसत्त्व नहीं हआ है। पंचनद की प्रतिष्ठा फिर से जागेगी और सप्तसिंधु का प्रदेश भारतवर्ष को भाग्य के दिन दिखलायेगा।

1926-27

(चिनाब का प्रवाह पंजाब की भाग्यरेखा होने के बजाय आज पंजाब के बंटबारे की रेखा बना है, यह कितना दैवदुर्विपाक है!)

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading