दिल्ली पर बाढ़ का खतरा
18 June 2013

यूं तो देश भर में ही झमाझम बारिश होने की ख़बरें आ रही हैं, लेकिन दिल्ली पर मानसून कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। भारी बारिश के कारण पानी भरने से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में बाढ़ की आशंकाएं जताई जा रही हैं। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के साथ ही यहां के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सोमवार देर शाम यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 204.83 मीटर को पार कर गया है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के दिल्ली पहुंचने के बाद यह स्तर और बढ़ जाएगा। प्रशासन ने एहतियातन निचले इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया है। वहीं यमुना पर बने पुराने पुल पर आज आवागमन रोक दिया जाएगा। बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन तैयारी में जुटा है। इसके पहले जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर मुख्य सचिव डीएम सपोलिया ने राजस्व विभाग से लोगों को निचले इलाकों से निकालने तथा प्रशासन को किसी संभावित आपदा के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। सपोलिया ने बताया कि हरियाणा ने सोमवार सुबह यमुनानगर के समीप हथिनीकुंड बैराज से आठ लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी यमुना में छोड़ा है।

More Videos