WATERWIKI
ग्वालियर

ग्वालियर स्थिति : 260 12` उ. अ. तथा 780 10` पू. दे. ब्रिटिश काल में ग्वालियर मध्य भारत की एक रियासत थी जो सन्‌ 1956 में राज्यपुनर्गठन के पश्चात्‌ नवीन मध्यप्रदेश का एक जिला बनाया गया, जिसका नाम गिर्द है। ग्वालियर नगर इस जिले का केंद्र है। नगर की आबादी 3,50,087 (1961) है। प्राचीन नगर किले के नीचे बसा है तथा वास्तविक केंद्र लश्कर उससे दो मील दूर है। 16वीं शताब्दी में ग्वालियर मालवा का एक प्रमुख नगर था। पत्थर पर नक्काशी करना, चमकीले खपरैल बनाना, जेवर तथा धातुओं के अन्य सामान बनाना यहाँ के प्रमुख व्यवसाय थे। यह नगर दक्षिण की ओर जानेवाले मार्ग पर पड़ता था। प्राचीन इमारतें तथा उनके अवशेष बड़ी संख्या में हैं जिनमें जामा मस्जिद, खंडोला खाँ की मस्जिद, नाजिरी खाँ, मुहम्मद गौस तथा तानसेन के मकबरे प्रमुख हैं।

ग्वालियर का किला भारत के प्रमुख किलों में से है। यह 300 फुट ऊँची बलुआ पत्थर की पहाड़ी पर बना है जो 1 1.25 मील लंबी तथा अधिकतम 2,800 फुट चौड़ी है। छठी शताब्दी के बाद से यहाँ का इतिहास किले से संबद्ध है तथा यह क्रमश: राजपूत राजाओं, मुगल बादशाहों एवं मरहठों के आधिपत्य में रहा।

लश्कर, जो ग्वालियर का ही भाग है, आधुनिक नगर तथा मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण व्यावसायिक तथा व्यापारिक केंद्र है। यह दिल्लीबंबई मुख्य रेलवे लाइन का स्टेशन है तथा सड़कों द्वारा दिल्ली, उत्तर प्रदेश के नगरों तथा बंबई से जुड़ा है। यहाँ काँच तथा चीनी मिट्टी के बरतन सूती कपड़े, रेयन तथा बिस्कुट बनाने के कारखाने हैं।

ग्वालियर का इतिहास आधुनिक ग्वालियर तीन शहरों से निर्मित है। प्रथम प्राचीन ग्वालियर जिसके पीछे अनेक किंवदंतियाँ प्रसिद्ध हैं। यह किले के उत्तर है। द्वितीय लश्कर है जिसका निर्माण लगभग 1800 ई. में महाराज दौलतराव सिंधिया द्वारा सेना के शिवर के रूप में हुआ था तथा तृतीय मुरार है जो किले के पूर्व है और जिसका प्रयोग अंग्रेजों ने फौजी छावनी के रूप में किया था।

ग्वालियर नगर की स्थापना की तिथि के बारे में अनेक मत हैं और यह प्रश्न अत्यधिक विवादग्रस्त है। प्रसिद्ध पुरातत्ववेत्ता कनिंधम के अनुसार जिस समय तोरमाण के पुत्र पशुपति के काल में उसके मंत्री द्वारा सूर्यमंदिर की स्थापना हुई थी संभवत: उसी समय ग्वालियर दुर्ग और सूर्यकुंड भी अस्तित्व में आए।

ग्वालियर की स्थापना के संबंध में एक प्रमुख किंवदंती यह है कि किसी समय कछवाहा नरेश सूर्यसेन कोढ़ से पीड़ित था। शिकार करते करते वह ग्वालिय (प) नामक एक साधु से मिला और इस साधु की कृपा से वह रोगमुक्त हो गया। सूर्यसेन ने उस साधु के नाम पर ग्वालियर दुर्ग का निर्माण करवाया और उसका नाम 'ग्वालिआवर' या 'ग्वालियर' रखा।

महाभारत में ग्वालियर का उल्लेख 'गोपराष्ट्र' तथा इस प्रदेश से प्राप्त अभिलेखों में 'गोपाचल', 'गोपाद्रि', 'गोपगिरि' 'गोपांद्वय भूधर' इत्यादि नामों से प्राप्त हुआ है। संभवत: इन्हीं नामों से आगे चलकर इसका नाम ग्वालियर पड़ गया हो।

ग्वालियर के इतिहास का सर्वप्रथम ज्ञात उल्लेख मौर्यकाल का है। चंद्रगुप्त मौर्य के समय उज्जयिनी एवं विदिशा, जो ग्वालियर प्रदेश में ही स्थित थे, प्रमुख नगरों में से थे। युवराज के रूप में अशोक उज्जयिनी में रह चुके थे और विदिशा की 'देवी' से उन्होंने विवाह भी किया था। उज्जैन में अशोक का एक स्तूप भी प्राप्त हुआ है तथा विदिशा के पास भी एक स्तूप के कुछ अंश प्राप्त हुए हैं।

मौर्यों के पश्चात्‌ उनके उत्तराधिकारी शुंग संभवत: विदिशा के ही निवासी थे। ग्वालियर राज्य के वेसनगर में यूनानी राजदूत हेलियोदोरस का एक स्तंभलेख भी प्राप्त हुआ है जो तक्षशिला के ग्रीक शासक का दूत था।

शुंगों के पश्चात्‌ विदिशा पर नागों (भारशिवों) का अधिकार हो गया जिनकी राजधानी पद्मावती, दूसरा नाम पदम पुवैया था, ग्वालियर राज्य में ही स्थित थी। इस वंश का प्रमुख शासक वीरसेन था।

गुप्त वंश के प्रतापी राजा समुद्रगुप्त ने गणपति नाग को हराकर इस प्रदेश पर अपना अधिपत्य स्थापित कर लिया था। यह भी कहा जाता है कि चंद्रगुप्त द्वितीय विक्रमादित्य ने विदिशा के पास ही डेरा डालकर शक क्षत्रपों का विनाश किया था। कुमारगुप्त के पश्चात्‌ के किसी गुप्त सम्राट् का अभिलेख इस प्रदेश में नही मिला है।

गुप्तों के पश्चात्‌ इस प्रदेश में प्रसिद्ध हूण शासक मिहिरकुल के 15वें वर्ष का एक अभिलेख मिलता है जिससे यह पता लगता है कि उसका यहाँ अधिकार था।

हूणें के पश्चात्‌ ग्वालियर प्रतिहारों के अधिकार में आ गया और मिहिरभोज के समय तो वह शासन का प्रधान क्षेत्र बन गया। 10वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में कच्छपघाट के शासक वज्रदामन ने इसे प्रतिहारों से छीन लिया और 1129 ई. तक यह उसके आधिपत्य में रहा। उस वंश के अंतिम शासक तेजकरण से प्रतिहारों की एक दूसरी शाखा ने इसको छीन लिया। ग्वालियर थोड़े समय को छोड़कर 1232 ई. तक इसी के अधिकार में रहा।

1232 ई. में इल्तुतमिश ने इस पर अपना अधिकार कर लिया तथा 1398 तक यह दिल्ली के मुस्लिम शासकों के अधिकार में रहा। तैमूर के आक्रमण से फैली हुई अराजकता से लाभ उठाकर तोमर वंशीय राजपूत शासक वीरसिंहदेव ने उसपर अधिकार कर लिया। तोमरों का अधिकार ग्वालियर पर 1525 ई. तक रहा। इस काल के शासकों में डुंगरसिंह और मानसिंह अधिक प्रसिद्ध हैं जिन्होंने अनेक बहुमूल्य जैन कलाकृतियों का निर्माण कराया था। मानसिंह के पश्चात्‌ ग्वालियर पर इब्राहीम लोदी का अधिकार हो गया। लोदियों के पश्चात्‌ इसपर मुगलों का आधिपत्य हुअ परंतु हुमायूँ के भारत से पलायन के पश्चात्‌ शेरशाह ने इस पर विजय प्राप्त की और इस्लामशाह के पश्चात्‌ उसके उत्तराधिकारियों के समय ग्वालियर उनके राज्य की एक शाखा की एक राजधानी भी बा। 1559 में वह एक बार पुन: मुगलों के अधिकार में आ गया और लगभ दो शतब्दियों तक उन्हीं के अधिकार में रहा। इस काल में इसका प्रयोग मुख्यत: राजकीय कारावास के रूप में ही होता था।

1754 में मराठों ने इसपर अधिकार कर लिया और 1777 ई. के आसपास पेशवा ने ग्वालियर को सिंधिया परिवारवालों को सौंप दिया। 1794 में दौलतराव सिंधिया ग्वालियर के शासक बने। इन्होंने अपनी सेना को फ्रांसीसी ढंग से शिक्षित किया और 1803 ई. से राघो जी भोंसले के साथ निजाम पर चढ़ाई भी की। परंतु सर आर्थर वेलेजली और लार्ड लेक ने इनको बुरी तरह हराया। ग्वालियर और दोहद सिंधिया से छीन लिए गए परंतु 1805 में एक नई संधि के अनुसार दोनों प्रदेश सिंधिया को वापस कर दिए गए।

1827 में दौलतराव की मृत्यु के पश्चात्‌ ब्रिटिश सरकार ने मूगतराव नामक एक बालक को ग्वालियर के सिंहासन पर बैठाया जो जनकोजी सिंधिया के नाम से प्रसिद्ध हुए। (दे. जनकोजी सिंधिया)। 1843 में जनकोजी की मृत्यु के पश्चात्‌ जयाजी राव नामक एक 8 वर्ष का बालक दत्तक पुत्र के रूप में उनका उत्तराधिकारी हुआ। 1885 में विद्रोहियों ने ग्वालियर पहुँचकर जयाजी राव को वहाँ से भागने को विवश किया परंतु शीघ्र ही अंग्रजों ने इसपर अपना अधिकार जमाया। 1886 में ग्वालियर झाँसी के बदले हमेशा के लिये सिंघिया राजाओं को प्राप्त हो गया।

1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात्‌ जिस समय देशी रियासतों का भारत में विलयन प्रारंभ हो गया उस समय ग्वालियर भी सिंधिया वंश के हाथ से निकलकर भारत संघ में संमिलित हो गया।

ग्वालियर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थानों में मुहम्मद गौस का मकबरा, जामा मस्जिद (जिसको औरंगजेब के गवर्नर मोतमिद खाँ ने बनवाया था), हिंडोला (जो तोमर राजाओं के काल में निर्मित किया गया था), गूजरीमहल (जो राजा मानसिंह द्वारा अपनी प्रिय महारानी नयनमंजरी के लिये बनाया गया था), चतुर्भुज मंदिर (जो अल्ला द्वारा निर्मित किया गया था), मानसिंह द्वारा निर्मित मानमंदिर, सास बहू मंदिर, माघवराव सिंधिया द्वारा निर्मित सरदार स्कूल, तथा तेली का मंदिर, महाराज महल, आदि उल्लेखनीय हैं। (रा. कु. भा.)

ग्वालियर दुर्ग समय समय पर क्रमश: विभिन्न शासकों के अधिकार में रहे ग्वालियर दुर्ग का प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सामरिक महत्व भारत के अन्य दुर्गों में अप्रतिम है। यह दुर्ग उत्तर से दक्षिण तक एक मील छह फर्लांग लंबी, 300 फुट ऊँची, और 600 से 2800 फुट चौड़ी बालुकाप्रस्तर की पहाड़ी के समतल और नीरव शिखरभाग पर अवस्थित है। यह आगरा से 73 मील दक्षिण और झाँसी से 64 मील उत्तर लगभग 30 फुट ऊँची दीवालों से निर्मित है। इसका प्रारंभिक इतिहास विवादास्पद है (दे. ग्वालियर)। इसके अंतर्गत छह महलों में मानमंदिर (मानसिंह का महल) और गूजरी महल प्राचीन भारत की वास्तुकला के उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। अनेक मंदिरों में से अब केवल सात ही शेष हैं। यह उत्तर भारत के सभी दुर्गों में अधिक मनोरम है।

(1) अन्य दुर्ग (क) अंतर दुर्ग यह ग्वालियर के सभी दुर्गों में सबसे विशाल और चंबल नदी की घाटी में स्थित होने के कारण सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। 18 वीं शताब्दी में सिंधिया ने राजपूतों को पराजित कर इसपर अधिकार कर लिया। इसका निर्माण देवगिरि कोट के नाम से महाराज बदनसिंह द्वारा 1644 में आरंभ हुआ और 1668 में महाराज महासिंह ने इसे पूर्ण किया।

(ख) भिंड दुर्ग 400 फुट लंबा और 250 फुट चौड़ा छोटा सा दुर्ग है। गोपालसिंह भदौरिया नामक राजपूत सरदार ने इसका निर्माण किया था। 18 वीं शताब्दी में यह सिंधिया वंश के अधिकार में चला गया।

(ग) चंदेरी ग्वालियर के तीन मुख्य पहाड़ी दुर्गों में इसका प्रमुख स्थान है। प्रस्तरनिर्मित 12 से 15 फुट तक ऊँची दीवालों से घिरा यह दुर्ग जिस शिखर पर स्थित है, उसकी लंबाई उत्तर दक्षिण 4,500 फुट और चौड़ाई पूर्व-पश्चिम 3,200 फुट है। इस दुर्ग का उल्लेख अल्बरूनी (1030) और इब्नबतूता (1036) ने किया है। शिलालेखों के अनुसार यह प्रतिहार वंश के 13 राजाओं का केद्र रहा। उसी वंश के सातवें राजा कीर्तिपाल ने इसका निर्माण कीर्ति दुर्ग के नाम स कराया था। उपलब्ध फारसी शिलालेखों के अनुसार दिलावर खाँ गोरी ने 1411 में इसे अधिक मजबूत किया। 1304 में अलाउद्दीन खिलजी ने इसे जीता। इसके पश्चात्‌ इसपर अनेक आक्रमण हुए और दुर्ग पर अधिकार बदलते रहे।

देवगढ़ दुर्ग यह ऊँची पहाड़ी पर स्थित है। दतिया राज्य की सीमा से लगे प्रदेश इसे दुर्ग के क्षेत्र में पड़ते हैं। इसके इसका सामरिक महत्व बढ़ गया है। उत्तर दक्षिण कोई 2,000 फुट लंबी और पूरब पश्चिम 350 फुट चौड़ी दुर्ग की दीवालें पत्थर और चूने से निर्मित हैं। इसके संबंध में ऐतिहासिक तथ्य अनुपलब्ध हैं।

गोहद दुर्ग ग्वालियर से उत्तर पूर्व 20 मील दूर वैशाली नदी के तट पर स्थित है। पूर्व पश्चिम 1,000 फुट लंबी और उत्तर दक्षिण 800 फुट चौड़ी दुर्ग की दीवालें बहुत विशाल और भारी पत्थरों तथा चूने से बनी हुई हैं। इसके अंदर की इमारतों में पुराना महल, नया महल और राना की छतरी मुख्य हैं। 18 वीं शताब्दी में जाटों ने इसपर अधिकार किया। इसके बाद यह भदौरिया और पेशवा के अधिकार में आया। अंत में अंग्रेजों के हस्तक्षेप से सिंधिया वंश ने दुर्ग पर आधिकार कर लिया।

करेरा दुर्ग यह झाँसी-शिवपुरी मार्ग पर स्थित है। यद्यपि अब यह काफी घ्वस्त हो चुका है, फिर भी देखने में मनोरम है। 115 फुट ऊँची पहाड़ी पर बने पूर्व-पश्चिम लगभग 1900 फुट लंबे और उत्तर दक्षिण 700 फुट चौड़े दुर्ग के अदंर की इमारतें वास्तुकला की दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं हैं। यह उल्लेख मिलता है कि करेरा दुर्ग सबसे पहले परमारों के हाथ में था। 1726 में मुहम्मद शाह ने परमारों से यह दुर्ग छीन लिया। इसके बाद इसके बाह्य अंगों में वृद्धि की गई। कालांतर में इसपर मरहठों का अधिकार हुआ। 1838 में अंग्रेजों ने इसे अपने हाथ में लिया और 1860 में सिंधिया को सौंप दिया।

नरवर दुर्ग नरवर जिले में ग्वालियर से दक्षिण-पश्चिम 50 मील दूर स्थित है। यह ग्वालियर राज्य के सभी दुर्गों में प्रमुख और क्षेत्रफल तथा ऊँचाई की दृष्टि से सबसे बड़ा है। प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से ग्वालियर दुर्ग के बाद इसी का स्थान है। यह लगभग ध्वस्त हो चुका है, फिर भी इसकी वास्तुकला प्रशंसनीय है और उससे भारत के प्राचीन शिल्प का परिचय प्राप्त होता है।

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -