WATERWIKI
घाना

घाना गिनी की खाड़ी पर स्थित पश्चिमी अफ्रीका का एक प्रजातंत्र राज्य है, जिसका जन्म 6 मार्च, सन्‌ 1957 को हुआ था। इसके पूर्व यह गोल्डकोस्ट के नाम से ब्रिटिश साम्राज्य का एक अंग था। (देखें 'गोल्डकास्ट')

इतिहास और संस्कृति- निवासी मुख्यत: नीग्रो जाति के हैं। मध्यघाना में अशांटी और समुद्रतटीय क्षेत्रों में आकनवंशी ट्वी और फांटी उपजातियों का वास है। दक्षिण पश्चिम में रहनेवाली उपजातियों के नाम एनज़ीमा, अथांटा और इवेल आदि हैं। उत्तरी भागों में रहनेवाले मोशी दगोंबा या गोंजा समूह के हैं जो आकनवंशी ही हैं।

भाषा : सामान्यत: घाना 56 भाषाओं का देश है। किंतु 1962 से अंग्रेजी और फ्रांसीसी के अतिरिक्त 'अकुआपेम ट्वी' (Akuapem-Twi) आसांटे-ट्वी (Asante-Twi), दगबानी (Dagbani) दांगबे (Dangbe), इवे (Eve), फांटी (Fanti), गा (Ga), कासेम (Kasem) और एंज़ीमा (Nzima) नामक नौ भाषाएँ सरकार द्वारा मान्य हैं।

धर्म : यहाँ के लोग प्राय: आध्यात्मिक और आस्तिक हैं। ईसाइयों की संख्या 6,50,000 है जिनमें रोमन कैथोलिक, मेथोडिस्ट, और प्रेस्बाइटेरियन हैं।

इतिहास : घाना का प्राचीन इतिहास अनुमानों पर आधारित है। कहा जाता है यहाँ के वर्तमान निवासी हजार वर्ष पूर्व बसे पश्चिमी सूडान के घाना प्रदेश से आए थे। इससे इस अफ्रीकी प्रदेश का नाम भी स्वतंत्रता के बाद घाना पड़ गया।

1471 में कुछ पुर्तगाली व्यापारी इसके समुद्रतटों पर आ बसे थे। इसके बाद सोने के व्यापार के उद्देश्य से क्रमश: डच, डेनी, स्वीडी, अंग्रेज आदि भी आए। धीरे धीरे इस व्यापार ने दास व्यापार का रूप लिया। 1807 में अंग्रेजों ने इसे अवैध घोषित किया। 19वीं शताब्दी में अंग्रेजों के अतिरिक्त प्राय: सभी यूरोपीय जातियों ने घाना छोड़ दिया। दास व्यापार की समस्या को लेकर 1806 से 1900 तक अशांटियों और अंग्रेजों के बीच कई युद्ध हुए। अंतत: अंग्रेजों ने दास प्रथा को समाप्त किया और प्रदेश की बहुत सी भूमि उनके संरक्षण में आ गई। 1922 में जर्मन उपनिवेश टोगोंलैंड भी राष्ट्रसंघ के विशेषादेश से ब्रिटिश ट्रस्ट के अधिकार में आ गया।

द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद, विशेषत: 1946 से, घाना में तीव्र राजनीतिक चेतना का आविर्भाव हुआ। 1949 में सांवैधानिक संशोधन के निमित्त अखिल अफ्रीका स्तर की समिति गठित हुई। 1951 के निर्वाचन में देशी जनता ने सरकार बनाने में बहुमत प्राप्त किया। 1954 में संविधान में कुछ सुधार हुए, जिनके अनुसार 'गोल्ड कोस्ट' स्वायत्तशासन की इकाई बन गया। 1956 के आम चुनावों में पुन: अशांटी प्रदेश, उत्तरी भाग और टोगोलैंड के निवासियों को विशाल बहुमत प्राप्त हुआ। फलत: 6 मार्च, 1957 को अंग्रेजों ने सारे देश को स्वतंत्र कर दिया। स्वतंत्रता के बाद इसका नाम घाना पड़ा। उसी वर्ष इसने ब्रिटिश राष्ट्रमंडल की सदस्यता ग्रहण की। 1 जुलाई, 1960 को घाना गणराज्य घोषित हुआ।

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -