WATERWIKI
हावाई (Hawaii)

हावाई (Hawaii) यह प्रशांत महासागरस्थित एक सागरीय राज्य (Oceanic state) है। 21 अगस्त, 1959 ई. को संयुक्त राज्य, अमरीका के 50वें राज्य के रूप में सम्मिलित हुआ। यह सानफ्रांसिसको से 3,344 किमी दक्षिण पश्चिम की ओर स्थित है। मुख्य द्वीपसमूह में हावाई, मॉई (Maui), ओहँ (Oahu) मोलोकई (Molokai), लनाई (Lanai), निहाउ (Niihau) तथा कहूलाव (Kahoolawe) निकटवर्ती छोटे द्वीप के साथ सम्मिलित हैं। संपूर्ण द्वीपसमूह 180 550 से 280 250 उ. तथा 1540 480 से 1780 250 प. दे. तक लगभग 26,40 किमी में फैला हुआ है। इसका पूरा क्षेत्रफल 16,576 वर्ग किमी और जनसंख्या 632,722 (1960 ई.) है। जनसंख्या का घनत्व 60 मनुष्य प्रति वर्ग किमी है। 1950 ई. में जनसंख्या में 26.6% वृद्धि हुई। यहाँ की राजधानी होनोलुलू की जनसंख्या 1960 ई. में 2,94,194 थी। हीलो की जनसंख्या 25,966 (1960 ई.) है। हावाई द्वीपों का मुख्य समूह ज्वालामुखी के उद्गार से बना है और अधिकाशत: पहाड़ी है। समुद्रतल से ऊँचाई हावाई द्वीप की माउना की चोटी पर 13,784 फुट है। आंतरिक भाग अधिकांश जंगली है और सुंदर घाटियों तथा छोटी छोटी नदियों से परिपूर्ण है। यहाँ पर कोई बड़ी नदी अथवा झील नहीं है। कुआई (Kauai) में प्रसिद्ध वेमी (Waimea) कैनियन है। हवाई में ज्वालामुखी तथा लावा उगलनेवाला पहाड़ है जो दर्शकों के लिए बड़ा चित्ताकर्षक है।

हावाई की जलवायु आर्द्र और सम है। व्यापारिक वायुओं के मार्ग में स्थित होने के कारण ये द्वीपसमूह अक्षांशों की ऊँचाई से भी अधिक ठंढे और शीतोष्ण हैं। उत्तरी पूर्वी भाग में दक्षिणी पूर्वी भाग की अपेक्षा अधिक वर्षा होती है। समुद्री धाराएँ ठंडक को प्रभावित करती हैं। औसत दैनिक तापांतर होनोलुलू में 100 फ. है और अधिकतम तथा न्यूनतम ताप क्रमश: 880 फ. 560 फ. हैं।

शीतोष्ण प्रदेशीय वनस्पति बहुतायत से पाई जाती है। यहाँ विविध प्रकार के पशु पक्षी और तटीय प्रदेशों में मछलियाँ अधिक मात्रा में पाई जाती हैं।

चीनी उद्योग में बहुत लोग लगे हैं, अन्ननास (Pineapple) उद्योग, फलों तथा रसों के व्यापार से 10 करोड़ डालर की प्राप्ति होती है। दूसरे उद्योगों में पशु तथा मुर्गीपालन और कॉफी आदि का उत्पादन आता है। कृषि का औद्योगिकरण हुआ है और कृषि उत्पादन अमरीका के बाजारों में निर्यात किया जाने लगा है। 1959 ई. में हावाई द्वीपसमूह में 6,242 कृषि फार्म थे जो 24,61,455 एकड़ भूमि में उत्पादन करते थे।

वायुयात्रा बहुत अधिक बढ़ गई है। जलयानों का गमनागमन हावाई और प्रशांत सागर के अमरीकी स्थल के बीच होता है। हवाई बहुत से जलमार्गों का केंद्र है। 1960 ई. में 4728 किमी लंबी पक्की सड़कें थीं। एक जलयान यात्रा व्यवस्था द्वारा इन द्वीपों के विभिन्न भागों में यातायात का क्रम चलता है। यहाँ पर 13 व्यापारिक वायुयान के अड्डे हैं। हावाई के निवासी प्राय: ईसाई हैं। 6 और 16 वर्ष तक के बालकों के लिए स्कूल शिक्षा अनिवार्य है। 1907 ई. में हावाई विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। इस द्वीप की आदि संस्कृति आधुनिक संस्कृति के प्रभाव से लगभग नष्ट हो चुकी है। यह द्वीप सर्वप्रथम पोलीनेशियन जातियों द्वारा बसा जिनकी उत्पत्ति दक्षिणी पूर्वी एशिया में मानी जाती है। कैप्टेन जेम्स कुक ने 1778 ई. में हावाई द्वीपों का भ्रमण किया और इसका नाम सैनविच (Sanwich) द्वीप रखा। (शांतिलाल कायस्थ)

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -