इक्वेडोर पश्चिमी दक्षिण अमरीका का एक देश है (क्षेत्रफल : १,०४,५०५ वर्ग मील, लगभग; जनसंख्या ५५,८५,४०० (१९६७); राजधानी : कुइटो, जनसंख्या ४,६२,८६३)।
इसके उत्तर में कोलंबिया, पूर्व और दक्षिण में पेरू तथा पश्चिम में प्रशांत महासागर स्थित है।
प्राकृतिक दशाउत्तर दक्षिण फैला हुआ ऐंडीज़ इक्वेडोर को दो भागों में विभाजित करता है। इस देश में इसकी दो पर्वतश्रेणियाँ हैं जिनके मध्य में ऊँचे पठार हैं। भूतकाल एवं वर्तमान काल में संभवत: यही भूभाग, अमरीका में ज्वालामुखी से सर्वाधिक प्रभावित रहा है। इस समय यहाँ के चिंबोरज़ों (२०,५७५ फुट) तथा कोटापैक्सी (१९,३३९ फुट) संसार के सर्वोच्च ज्वालामुखी प्रदेश में बिखरे हुए हैं। यहाँ की नदियां नौकावहन के योग्य नहीं हैं।
जलवायुइक्वेडोर का समुद्रतटीय प्रदेश उष्ण और आर्द्र है। यहाँ का औसत ताप ७५फा. से ८०फा. तक है। आंतरिक प्रदेशों में घाटियों का ताप लगभग ९०फा. तथा उच्च पठारों का केवल ५०फा. रहता है।
वनस्पतिऐंडीज़ के उच्च पठारों तथा प्रशांत महासागर तट के शुष्क प्रदेश को छोड़कर समस्त इक्वेडोर सघन वनों से ढका है। यहाँ के वनों में डाई वुड (एक लकड़ी जिससे रंग निकलता है), सिनकोना (जिससे क्वीनीन निकलती है) तथा बलसा वुड (एक अत्यंत हल्की लकड़ी) बहुतायत से मिलते हैं।
उत्पादनपूँजी, यातायात के साधन तथा प्रशिक्षित श्रमिकों की कमी के कारण कृषि ही यहाँ का मुख्य उद्यम हैं। यहाँ के लोग सागरतटीय प्रदेश तथा निम्न धरातल की नदीघाटियों में उष्णप्रदेशीय वस्तुएँ और उच्च घाटियों तथा पर्वतीय ढालों पर अनाज, फल, तरकारी, आदि शीतोष्ण प्रदेशीय वस्तुएँ उत्पन्न करने के साथ पशुपालन भी करते हैं। यहाँ की ४.५ प्रतिशत भूमि पर कृषि तथा ४.१ प्रतिशत भूमि पर पशुपालन होता है। ७४.१ प्रतिशत पर वन हैं। १५.९ प्रतिशत भूमि कृषि योग्य नहीं है। १.४ प्रतिशत को कार्य योग्य बनाया जा सकता है।
कोको यहाँ का प्रधान कृषि उत्पादन है। कहवा, चावल, केला, चीनी, रुई, मक्का, आलू, संतरा, नीबू एवं पशु यहाँ के अन्य मुख्य उत्पादन हैं।
यहाँ का महत्वपूर्ण खनिज पदार्थ पेट्रोलियम है। सोना, ताँबा, चाँदी, गंधक यहाँ के अन्य मुख्य खनिज हैं।
हाल में यहाँ पर उद्योग धंधों में कुछ प्रगति हुई है। कताई बुनाई यहाँ का मुख्य उद्योग है। दवा, बिस्कुट, रबर की वस्तुएँ, नकली रेशम, सीमेंट आदि उद्योग यहाँ प्रगति पर हैं। यहाँ के अन्य उद्योग चीनी, जूता, लकड़ी, ऐल्कोहल, तंबाकू दियासलाई बनाना आदि हैं।
इक्वेडोर कच्चे मालों का निर्यात तथा पक्के मालों का आयात करता है। संपूर्ण निर्यात की हुई वस्तुओं की ९० प्रतिशत खनिज एवं कृषिज वस्तुएँ हैं। प्रमुखता के क्रमानुसार निर्यात की हुई वस्तुएँ कोको, कहवा, केला, चावल, कच्चा पेट्रोलियम तथा बलसा वुड हैं।
यहाँ की सरकार संसद् (सिनेट) तथा मंत्रिमंडल द्वारा बनी है। राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति चार वर्षों के लिए निर्वाचित होते हैं। यहाँ पर प्रारंभिक शिक्षा नि:शुल्क तथा अनिवार्य है। (शि.मं.सिं.)
अन्य स्रोतों से:
गुगल मैप (Google Map):
बाहरी कड़ियाँ:
विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):
संदर्भ: