WATERWIKI
सीरिया

सीरिया स्थित: लगभग 320300से 370150उ. अ. तथा 350100से 420300पू. दे. के मध्य दक्षिणी पश्चिमी एशिया में एक स्वतंत्र अरब देश है जिसके उत्तर में टर्की, पश्चिम में लेबनान तथा भूमध्य सागर, दक्षिण में जॉर्डन तथा इजराइल के भाग और पूर्व में इराक है। फ़रात यहाँ की मुख्य नदी है जो यहाँ मैदानों तथा मरुस्थल से होकर दक्षिण और दक्षिण पूर्व की ओर बहती है। ऑरुटे, जॉर्डन तथा यारमुक यहाँ की अन्य नदियाँ हैं।

सीरिया के मुख्य भौगोलिक विभागों में (क) उत्तरी सीरिया के ढालू मैदान जिसे फ़रात के पूर्व फ़जीरा कहते हैं, (ख) फ़रात के दक्षिण तथा पश्चिम सीरिया का मरुस्थल, (ग) हॉरन का मैदान जिसमें ड्रज का पर्वत सम्मिलित है तथा (घ) ऐंटी लेबनान पर्वत जो सीरिया और लेबनान के मध्य सीमा का एक भाग है, सम्मिलित हैं।

भूमध्यसागरीय प्रदेश के अंतर्गत सीरिया के आंतरिक मैदानों और मरुस्थली भागों में जलवायु विषम तथा समुद्रतटीय प्रदेश में सम है। वर्षा जाड़ों में होती है। जिसमें मरुस्थली भाग का औसत 10 सेमी से कम और तटीय मैदानों में 101 सेमी से अधिक है। जाड़ों में पर्वतों पर बर्फ गिरती है। गरमियों में गरम मरुस्थली वायु चलती है जो कभी-कभी सीरिया के मरुस्थलों को पार कर तटीय भागों में पहुँच जाती है।

यहाँ के स्थायी निवासी विभिन्न भाषाएँ बोलते हैं। अधिकांश निवासी अरब हैं। कुर्द, आरमीनियाई और थोड़े यहूदी जैसे लोग अन्य वर्गों के हैं।

सीरिया कृषि प्रधान देश है जहां दो-तिहाई से अधिक लोग किसान या भेड़िहारे हैं। कुछ बड़े जमींदार कृषि के आधुनिक यंत्रों का प्रयोग करने लगे हैं किंतु अधिकतर पुरानी विधियां ही प्रचलित हैं।

यहां पशु पालन के अतिरिक्त गेहूँ, जौ, चुकंदर, दलहन, तंबाकू, जैतून, कपास, फल, ऊन और साग-सब्जियाँ पैदा की जाती हैं। भेड़ों से ऊन तथा मलबरी के वृक्षों पर रेशम प्राप्त किए जाते हैं। यहाँ नमक, लिंगनाइट, भवन निर्माण वाले पत्थर, ऐस्फाल्ट, खड़िया मिट्टी और कुछ लौह खनिज मिलते हैं।

प्रचलित उद्योगों में वस्त्र, साबुन, सीमेंट, खाद्य तेल तथा परिलक्षित फलों के अतिरिक्त घरेलू धंधों में चमड़े के सामान, किमखाब और जरदोजी, धातु तथा लकड़ियों की पच्चीकारी के कार्य किए जाते हैं। खुले बाजारों में चाँदी, पीतल, ताँबे, चमड़े आदि के काम होते हैं।

यहाँ का व्यापार लेबनान के बंदरगाह बेरूत से होता है। यहाँ से कपास, वस्त्र, पशु तथा भोजन सामग्री का निर्यात और लकड़ी, खजूर, रसीले फल, किरोसीन, चावल, चीनी, कपड़े, मशीनें, छोटी कारें, खनिज एवं धातुओं का आयात होता है। सीरिया का अधिकांश व्यापार अमरीका, ग्रेट ब्रिटेन, फ्रांस, लेबनान और निकटवर्ती पूर्वी देशों में होता है।

यहाँ 6400 किमी से अधिक लंबी सड़कों के विकास के अतिरिक्त लेबनान, टर्की और जोर्डन तक रेलें व मरुस्थलों में कारवाँ मार्ग जाते हैं। दमिश्क के निकट प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय एवं स्थानीय हवाई अड्डा है। मरुस्थल से होकर तेल की तीन पाइप लाइनें गई हैं।

प्रमुख नगरों में यहाँ की राजधानी और खजूर के वृक्षों तथा प्राचीन मरुस्थलीय कारवाँ का केंद्र दमिश्क, अलेप्पो, दायर-इ-ज़ार, हामा, होम्ज और लकाकिया आदि हैं। (रामसहाय खरे)

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -