WATERWIKI
स्पेन

स्पेन यह यूरोप महाद्वीप का एक गणतंत्र है। इसके उत्तर में बिस्के (Biscay) की खाड़ी तथा फ्रांस, पूर्व और दक्षिण में भूमध्यसागर, पश्चिम में पुर्तगाल तथा एटलैंटिक महासागर स्थित हैं। इसका कुल क्षेत्रफल बेलिऐरिक (Balearic) तथा कानेरि (Canary) द्वीपों सहित 5,03,486 वर्ग किमी है। भूमध्यसागरीय तटरेखा 1653 किमी तथा ऐटलैंटिक तटरेखा 675 मी लंबी है। 674 किमी लंबे पिरेनीज़ (Pyrenees) पर्वत स्पेन को फ्रांस से अलग करते हैं। यहाँ की भाषा स्पेनी (Spanish) है।

स्पेन पाँच स्थलाकृतिक (topographic) क्षेत्रों में विभक्त है, (1) उत्तरी तटवर्ती कटिबंध, (2) केंद्रीय पठार येसेटा, (3) स्पेन का सबसे बड़ा नगर आंडालूसीआ (4) दक्षिणी पूर्वी भूमध्यसागरीय कटिबंध लीवैंटे (Levante) और (5) उत्तर पूर्व क्षेत्र की कैटालोनिया (Catalonya) तथा एब्रो (Ebro) घाटी। स्पेन में छह मुख्य पर्वतमालाएँ हैं। सबसे ऊँची चोटी पर्डिडो (Perdido) है। स्पेन में पाँच मुख्य नदियाँ हैं, एब्रो, ड्यूरा (Duero), टैगस (Tagus), ग्वॉद्याना (Duadiana) तथा गवॉडलक्विवर (Guadalquivir)। स्पेन का समुद्री तट चट्टानी है।

स्पेन की जलवायु बदलती रहती है। उत्तरी तटवर्ती क्षेत्रों की जलवाय ठंढी और आर्द्र (humid) है। केंद्रीय पठार जाड़ों में ठंढा तथा गर्मियों में गर्म रहता है। उत्तरी तटवर्ती क्षेत्र तथा दक्षिणी तटवर्ती कटिबंध में वार्षिक औसत वर्षा क्रमश: 100 सेमी तथा 75 सेमी है। विभिन्न किस्म की जलवायु होने के कारण प्राकृतिक वनस्पतियों में भी विभिन्नता पाई जाती है। उत्तर के आर्द्र क्षेत्रों में पर्णपाती (deciduous) वृक्ष जैसे अखरोट, चेस्टनट (Chestnut), एल्म (elm) आदि पाए जाते हैं।

यहाँ की जनसंख्या बैलिएरिक तथा कानेरी द्वीपों सहित 3,01,28,056 (1960) है। जनसंख्या का औसत घनत्व प्रति वर्ग किमी 59.8 है। स्पेन की राजधानी मैड्रिड की जनसंख्या 19,66,070 (1960) है (देखें मैड्रिड)। अन्य बड़े नगर बार्सिलोना (देखें बार्सिलोना), वालेंशिआ (Valencia), सिवेले (Sivelle), मलागा (Malaga) तथा जैरागोज़ा (Zaragoza) आदि हैं। लगभग सभी स्पेनवासी कैथोलिक धर्म के अनुयायी हैं।

यद्यपि अन्य साधनों की तुलना में खेती का विकास नहीं हुआ है फिर भी यहाँ की आय का प्रमुख साधन कृषि ही है है। बैलिऐरिक तथा कानेरी द्वीपों की भूमि सहित यहाँ पर कुल 4,43,32,000 हेक्टर भूमि कृषि योग्य है। अनाज विशेषकर गेहूँ की पैदावार केंद्रीय पठार में होती है। स्पेन की मुख्य फसल गेहूँ है। अन्य उल्लेखनीय फसलें नारंगी, धान और प्याज आदि है। स्पेन संसार का सबसे बड़ा जैतून उत्पादक है तथा यहाँ आलू, रूई, तंबाकू तथा केला आदि का भी उत्पादन होता है। स्पेन में भेड़े सर्वाधिक संख्या में पाली जाती हैं।

उत्तरी समुद्रतट पर मछलियाँ पकड़ी जाती हैं। सारडीन (Sardine), कॉड (Cod) तथा टूना (Tuna) आदि जातियों की मछलियाँ ही मुख्य रूप से पकड़ी तथा बेची जाती हैं। लवणित सारडीन तथा कॉड डिब्बों में बंदकर विदेशों को भेजी जाती हैं।

यद्यपि यहाँ की कुल के 10% क्षेत्र में जंगल पाए जाते हैं फिर भी इमारती लकड़ियों का आयात करना पड़ता है। स्पेन संसार का दूसरा सबसे बड़ा कार्क (cork) उत्पादक देश है। रेज़िन तथा टर्पेंटाइन (Turpentine) अन्य प्रमुख जंगली उत्पादक हैं।

यहाँ लगभग सभी ज्ञात खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। खनन (mining) यहाँ की आय का मुख्य साधन है। लोहा, कोयला, ताँबा, जस्ता, सीसा, गंधक, मैंगनीज आदि की खानें पाई जाती हैं। संसार में सबसे अधिक पारे का निक्षेप स्पेन के अल्मादेन (Almaden) की खानों में पाया जाता है।

वस्त्र उद्योग यहाँ का प्रमुख लघु उद्योग है। महत्वपूर्ण रासायनिक उत्पाद सुपर फॉस्फेट, सल्फ्यूरिक अम्ल, रंग तथा दवाएँ आदि हैं। लोह तथा इस्पात उद्योग उल्लेखनीय भारी उद्योग हैं। सीमेंट तथा कागज उद्योग भी काफी विकसित हैं। स्पेन में उद्योग का तेजी से विकास हो रहा है।

शिक्षण संस्थाएँ सरकारी तथा गैरसरकासी दोनों प्रकार की हैं। गैरसरकारी शिक्षण-संस्थाएँ गिरजाघरों द्वारा नियंत्रित होती हैं। प्राथमिक शिक्षा अनिवार्य तथा नि:शुल्क है। स्पेन में विश्वविद्यालयों की संख्या 12 है। मैड्रिड विश्वविद्यालय छात्रों की संख्या की दृष्टि से स्पेन का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है। यहाँ का सर्वप्राचीन विश्वविद्यालय सालामांग्का (Salamanca) का है। इसकी स्थापना 1250 ई. में हुई थी।

स्पेन में मैड्रिड नगर तथा यहाँ का संग्रहालय, मैड्रिड के समीपस्थ एस्कोरियल महल (Escorial place), टोलिडू (Toledo) तथा सान सेबास्ट्यान (San Sebastian) के पास का एमेराल्ड समुद्रतट (Emeraled Coast) आदि प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं। स्पेन में त्योहारों तथा अन्य दिनों में भी वृषभयुद्ध का आयोजन किया जाता है। (देखें वृषभयुद्ध)। (नंदकुमार राय)

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -