यूपी, बिहार और उत्तराखण्ड में जमकर बरसे बदरा

24 Jul 2016
0 mins read


17 जुलाई को तीन सूबों में 200 से 300 फीसद ज्यादा बरसा पानी, मध्य प्रदेश में डेढ़ महीने में 69 फीसद से अधिक बारिश

.नई दिल्ली, 18 जुलाई। मानसून देश के 22 सूबों में बीते रविवार को जमकर बरसा। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखण्ड में सामान्य से दो सौ से तीन सौ फीसद से ज्यादा बारिश हुई। हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर में भी बदरा खूब मेहरबान रहे। वहीं, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ बारिश के लिये तरस गए। हाँ, मध्य प्रदेश में बरसात सामान्य रही। अगर जून से जुलाई के दूसरे पखवाड़े तक गौर करें तो मध्य प्रदेश अभी भी देशभर में सबसे अधिक बारिश वाला सूब बना हुआ है। वहाँ सामान्य से 69 फीसद ज्यादा पानी बरस चुका है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 17 जुलाई को 14 राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। वहीं, आठ में वर्षा सामान्य रही। सात राज्यों में अपर्याप्त और पाँच में अल्प वर्षा दर्ज की गई। अगर एक जून से 17 जुलाई की बात की जाए तो छह राज्यों में सामान्य से अधिक, 21 राज्यों में सामान्य बारिश हो चुकी है। आठ राज्यों में अपर्याप्त और एक राज्य में अल्प बरसात हुई है। यानी देश के नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वर्षा की स्थिति बहुत विकट है। इनमें पूर्वोत्तर के कुछ राज्य, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और गुजरात प्रमुख हैं।

 

14 राज्य बारिश से सराबोर


- यूपी में सामान्य से 272 फीसद, उत्तराखण्ड में 324 फीसद, जम्मू-कश्मीर में 164 फीसद, हरियाणा में 95 फीसद और पंजाब में 101 फीसद से ज्यादा बरसात दर्ज की गई। राजस्थान में सामान्य से 67 फीसदी अधिक बारिश हुई। बिहार में 203 फीसद अधिक पानी बरसा।

- पंजाब और हरियाणा में बादलों की मेहरबानी के बावजूद चंडीगढ़ में एक बूँद भी पानी नहीं बरसा। दिल्ली में 17 फीसद कम पानी बरसा। महाराष्ट्र में सामान्य से 63 फीसद, गुजरात में 57 फीसद और तेलंगाना में 99 फीसद कम पानी बरसा। देश में सामान्य से 39 फीसद अधिक बारिश हुई। कुल 13.7 मिलीमीटर बरसात हुई जबकि सामान्य वर्षा 9.9 मिलीमीटर है।

डेढ़ महीने का हाल मध्य प्रदेश ही एकमात्र ऐसा सूबा है जहाँ सामान्य से 50 फीसद अधिक बारिश हुई है। वहाँ एक जून से 17 जुलाई के बीच 69 फीसद ज्यादा पानी बरस चुका है। महाराष्ट्र में सामान्य से 28 फीसद, तेलंगाना में 20 फीसद आंध्र में 24 फीसद, राजस्थान में 33 फीसद उत्तराखण्ड में 20 फीसद अधिक पानी गिर चुका है। कुछ राज्यों में सामान्य से दो फीसद से नौ फीसद अधिक बरसात हुई है। देश भर में सामान्य से दो फीसद अधिक बारिश रिकार्ड की जा चुकी है।

डेढ़ माह में गुजरात में सामान्य से 47 फीसद मेघालय में 57 फीसद, मणिपुर में 72 फीसद, त्रिपुरा में 39 फीसद, चंडीगढ़ में 41 फीसद कम बारिश हुई है। अभी तक मुल्क में कुल 325.5 मिलीमीटर बरसात हुई है जबकि सामान्य वर्षा 318.4 मिलीमीटर है।

 

 

 

 

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading