बच्चों ने पानी बर्बादी रोकने की मुहिम चलाई


भोपाल। मध्य प्रदेश में बच्चों की मुहिम ने रंग लाई है। यहां के बच्चों ने पानी की बर्बादी को लेकर बड़े-बूढों की खबर लेने का फैसला किया। इस अभियान से जुड़े सभी बच्चे आगर मालवा शाजापुर के संस्कार एकेडमी स्कूल में पढ़ते हैं। ये बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पानी बचाने की मुहिम भी चला रहे हैं। क्योंकि शहर में रोज़ हज़ारों लीटर पानी बेकार बह जाता है।

आगर शहर में हर दिन मुश्किल से आधा घंटा पानी की सप्लाई होती है। सप्लाई के लिए 5000 के लगभग निजी नल कनेक्शन और 500 से ज्यादा सरकारी नल कनेक्शन लगाए गए हैं। लेकिन ज्यादातर नल खराब होने की वजह से हजारों लीटर पानी नालियों में बह जाता है। ऐसे में बच्चों ने इस बर्बादी को रोकने का बीड़ा उठाया।

बच्चों ने घर-घर जाकर लोगों को समझाया और उन्हें गलती का एहसास कराया। लोगों को प्रेरित किया कि वो अपने घरों में खराब या टूटे नलकों को बदलवाएं। बच्चों ने सरकारी नलों में टोटियां लगाने की शुरुआत अपने शहर के ही वार्ड नंबर 4 से की। इसी वार्ड में नगरपालिका अध्यक्ष रहते हैं।अपनी मुहिम के तहत बच्चे नगरपालिका के अधिकारियों के पास गए और जानना चाहा कि पानी की बर्बादी बचाने के लिए आखिर वो क्या सोच रहे हैं।

अधिकारियों ने सबकुछ जल्द ठीक होने का भरोसा दिया है, लेकिन अगर अमल नहीं होता है तो बच्चे इस मुहिम में लगे रहेंगे।
 

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org