WATERWIKI
ग्रीनलैंड

ग्रीनलैंड उत्तरी अमरीका के उत्तर-पूर्व में एक द्वीप है जो डेनमार्क के अधीनस्थ एकमात्र उपनिवेश है। यह क्षेत्रफल (लगभग 82,000 वर्ग मील) में आस्ट्रेलिया के बराबर है। शीत कटिबंध में स्थित ग्रीनलैंड एक ऐसा प्रदेश है जो आबाद है, लेकिन आबादी दक्षिणी समुद्री तट तक ही सीमित है जिसका क्षेत्रफल 46,740 वर्ग मील है। सन्‌ 1955 में इस द्वीप की आबादी 27,101 थी जिसमें से 1,867 यूरोपियन थे। पश्चिमी ग्रीनलैंड की आबादी 24,660, पूर्वी की 1,986 तथा उत्तरी ग्रीनलैंड की 455 थी।

खोज का इतिहास- ग्रीनलैंड की खोज 10वीं शताब्दी के पूर्वार्ध में नार्समेन के द्वारा हुई थी, और उनके कुछ उपनिवेश बने थे, लेकिन वे थोड़े समय में ही नष्ट हो गए। उत्तरी-पश्चिमी जलमार्ग की खोज के संबंध में इस द्वीप की पुन: खोज हुई और जॉन डेविस की यात्राओं से सन्‌ 1585-88 में द्वीप के पश्चिमी किनारे का पता चला। सन्‌ 1607 में हडसन ने पूर्वी किनारा भी देखा था। किंतु सन्‌ 1907 में यहाँ डेनिश सरकार की स्थापना हुई। सन्‌ 1852-1902 तक की विभिन्न यात्राओं से पश्चिमी तटीय प्रदेशों की खोज की गई तथा स्कोरेसबी नामक पिता पुत्र ने सन्‌ 1817-22 तक पूर्वी तटीय भागों का ज्ञान प्राप्त किया। यह खोज बाद में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा सन्‌ 1907 तक जारी रही।

प्राकृतिक बनावट- यह द्वीप पठारी है जिसकी औसत ऊँचाई 2000 6000 फुट और मध्य का अधिकतम ऊँचा भाग 5000 9000 फुट तक है। केवल तट के कुछ भागों को छोड़ कर संपूर्ण द्वीप हिम की लगभग 1000 फुट मोटी तह से ढका है। भीतर का हिम विभिन्न ग्लेशियरों के द्वारा तटों तक आता है, जहाँ इनके द्वारा निर्मितबड़ी संख्या में फियोर्ड्स (fjords) हैं। स्कोर्सबी नामक फियोर्ड 163 मील लंबा है। अन्य महत्वपूर्ण फियोर्ड फ्रैंज जोजेफ, किंग आस्कर गोथाब, उमीनाफ, जेकब शेवन, पीटर मान, ऑसबार्न हैं। फियोर्ड्स के बीच सैकड़ों स्थानों में हिम सीधे समुद्र में गिरता है।

हिमशैल भीतर से आता हुआ हिम बड़ी बड़ी शिलाओं में टूटकर निकटवर्ती समुद्रों में सैकड़ों आइसबर्गो के रूप में बहने लगता है। उनमें से बहुत से जलधाराओं के साथ बहते हुए उत्तरी अमरीका के तट तक पहुँच जाते हैं। मेलविल की खाड़ी में दस दस मील के और उससे भी बड़े हिमशैल देखे गए हैं जो जल के ऊपर 50-250 फुटतक दिखाई देते हैं।

जलवायु- (शीत जलवायु) संपूर्ण द्वीप में उत्तर से दक्षिण की ओर ताप का थोड़ा ही अंतर है। उत्तर में चार महीने सूर्य नहीं दिखाई देता है इसलिये जाड़ों में ताप का अंतर अधिक हो जाता है।

(i) ईविगतूत (अ) ग्रीष्म 90 से.
(ब) शीत  60 से.

(ii) ऊपरनावीक (अ) ग्रीष्म 3.40 से.
(ब) शीत  15.50 से.

(iii) गॉटहॉप (अ) ग्रीष्म 30 से.
(ब) शीत  110 से.

(iv) थैन्मगाड हारबर (अ) ग्रीष्म 170 से.
(ब) शीत  380 से.

जानवर- रेनडियर, सफेद खरगोश, आर्कटिक लोमड़ी, ध्रुवीय भालू तथा एरमीन प्रमुख जानवर हैं। इस द्वीप में 350 प्रकार के जंगली फूल तथा 600 प्रकार की काइयाँ पाई गई हैं।

खेती और व्यवसाय- शीत के कारण खेती सीमित क्षेत्रों में और साल के सीमित समय में होती है। फसलें गाजर, शलजम तथा सलाद प्रमुख है। प्राकृतिक घास पर चौपाए और भेड़ पालना प्रमुख व्यवसाय है। चमड़ा साफ करना, मछली का तेल निकालना अन्य व्यवसाय हैं।

ग्रीनलैंड में कोयले के सचित भंडार मिले हैं लेकिन व्यावसायिक दृष्टि से उनका महत्व अधिक नहीं है। ईविगतूत में क्रिओलाइट की खानें पाई गई हैं। सन्‌ 1958 में सीसे का उत्पादन 8460 मीटरी टन था।

व्यापार रायल ग्रीनलैंड कमीशन के निरीक्षण में सन्‌ 1774 से यहाँ व्यापार होने लगा। विदेशी न यहाँ बस सकते हैं और न यहाँ के निवासियों से व्यापारिक संबंध स्थापित कर सकते हैं। इस बड़े द्वीप को व्यापारिक प्रदेशों में बाँट दिया गया है। सन्‌ 1958 में

i. आयत (अ) डेनमार्क से (1000 क्रोनर में) 99,184
(ब) अन्य देशों से (1000 क्रोनर में) 11,917

ii. निर्यात (अ) डेनमार्क को (1000 क्रोनर में) 26,710
(ब) अन्य देशों (1000 क्रोनर में) 26,396

धर्म, भाषा और शिक्षा ग्रीनलैंड के निवासी क्रिश्चियन धर्म के डेनिश चर्च के मतावलंबी हैं, जो यहाँ के धार्मिक कायों और शिक्षा का प्रबंध करता है। एस्किमो यहाँ की प्रमुख भाषा है। पिछले साठ वर्षों में स्थानीय साहित्य प्रकाशित हुआ है।

शासन- ग्रीनलैंड पर डेनमार्क का पूरा अधिकार है। उत्तर तथा दक्षिण के भागों की दो अलग अलग इन्सपेक्टरेट हैं। ये व्यापार मिशन तथा एस्किमो लोगों के हितों को देखते हैं। एस्किमों लोगों की स्वयं म्युनिसिपल कौंसिल है। 5 जून, 1953 को डेनमार्क में नया संविधान लागू हुआ जिसके अनुसार ग्रीनलैंड डैनिश राज्य का अंग हो गया। सन्‌ 1941 में अमरीकी सरकार ने हवाई अड्डा बनाने तथा सेना और नौसेना का केंद्र बनाने के लिये डेनमार्क सरकार से संधि की है।

इतिहास- ग्रीनलैंड का इतिहास उत्तरी ध्रुव की खोज की कहानी से जुड़ा है। 10वीं शताब्दी के आरंभ में इस द्वीप के तटीय प्रदेशों पर बसकर ध्रुवीय क्षेत्र की यात्राएँ आरंभ कर दी गई थीं।

इसी समय नार्वे के गुनजर्न उल्सन नामक व्यक्ति ने इस द्वीप का पता लगाया। आइसलैंडवासी एरिक ने इस द्वीप का नामकरण किया और उपनिवेश बसाने के विचार से कुछ लोगों के साथ दक्षिणी पश्चिमी तट पर बस गया। खोजों का क्रम 17वीं शताब्दी के अनेक यात्रियों द्वारा पूरा हुआ। किंतु यह खोज तटीय प्रदेशां तक सीमित थी। पहले पहल एजेड ने स्थलभाग की यात्रा कर उसके आदिवासियों का अध्ययन किया। इसके पश्चात्‌ 20वीं शताब्दी के आरंभ तक अनेक व्यक्तियों ने इसी दृष्टि से यात्राएँ कीं। मिकिल्सन ने सर्वप्रथम उस प्रदेश के नक्शे तैयार किए। 20वीं शताब्दी में डेनमार्क वासी रासम्यूसेन (1910) और कोच की यात्राएँ उल्लेखनीय हैं।

अन्वेषण के इस क्रम में ग्रीनलैंड के आंतरिक बर्फीले प्रदेशों की खोज 18वीं शताब्दी तक असफल होती रही। फिर 1883 से 1913 तक लगातार आंतरिक प्रदेशों के विस्तृत क्षेत्रों की यात्राएँ की गई। विमान द्वारा द्वीप की यात्राएँ 1931 में सर्वप्रथम जर्मन ग्रोनाड और अमरीकी पार्क क्रेमर द्वारा की गई।

इस अन्वेषण का उत्तरी अटलांटिक प्रदेश के जलवायु ज्ञान में बहुत योगदान है। ऋतुवेत्ताओं ने तत्संबंधी परीक्षण किए। द्वितीय विश्वयुद्ध में यहाँ मित्र राष्ट्रों ने सैन्य हितों के लिये ऋतुमापी केंद्र स्थापित किए थे। 1944 में जांस्ट्रपु ने यहाँ के भूगर्भिक अनुसंधान की योजना बनाई 1951 में ग्रीनलैंड्स जियालाजिस्क अंड सोजेल्स (Greenlands Geologiske Sogelse) नामक स्थायी संस्था स्थापित हो गई।

उपनिवेशीकरण और राजनीतिक उन्नयन सन्‌ 986 में सर्वप्रथम एरिक वर्तमान जूलिएन हाब के उत्तर बसा। तत्पश्चात्‌ शीघ्र ही जुलिएन हाब और गाडथाब आदि स्थान बसे। इस समय तक यहाँ की जनसंख्या लगभग 3,000 थी। सन्‌ 1,000 के लगभग लीफ़ एरिक्सन ने ईसाई धर्मप्रचार आरंभ किया। 1126 तक यहाँ ईसाई धर्म फैल गया और पादरी ग्रीनलैंड के ही होने लगे।

1261 तक ग्रीनलैंड में प्रजातंत्र था। जनता नार्वे के सम्राट् द्वारा शासित थी। शनै: शनै: ग्रीनलैंड के संपूर्ण व्यापार पर नार्वे का एकाधिकार हो गया। इसके बाद का इतिहास अंधकारपूर्ण है। नोर्स की खुदाई से 15वीं शताब्दी में वहाँ के रहन सहन पर यूरोप के स्पष्ट प्रभाव का पता चला है। उस समय की एस्किमो संस्कृति का कोई पता नहीं चलता।

16वीं-17वीं शताब्दी में डेन्मार्क ने नार्वे से संधि के संदर्भ में ग्रीनलैंड पर दृष्टि डाली और 1711 में हांस एजेड के नेतृत्व में पुन: गाडथाव के निकट बस्ती बसी। प्रदेश की सारी आर्थिक स्थिति पर हांस एजेड की मिशनरी का आधिपत्य हो गया। किंतु यह असफल हुआ और डेन्मार्क को इसमें सहायता करनी पड़ी। कुछ काल तक ग्रीनलैंड के व्यापार पर व्यक्तिगत अधिकार रहे; किंतु 1774 से उसपर राज्य का अधिकार हो गया, जो 1951 तक रहा। इस काल में ग्रीनलैंड का शेष संसार स संबंध समाप्त सा हो गया। इसका देश के व्यापार पर कुप्रभाव पड़ा। फिर भी देशवासियों ने उन्नति की। 1805 से 1950 के बीच जनसंख्या वृद्धि और शिक्षाविस्तार के साथ संपूर्ण देश् में ईसाई धर्म फैल गया।

डेनमार्क की सर्वभौमिकता- 1814 में डेनमार्क और नार्वे की संधि भंग हाने पर ग्रीनलैंड डेनमार्क के अधिकार में आ गया। 1941 में जब जर्मनी ने डेनमार्क को अपने अधीन कर लिया तो ग्रीनलैंड की अस्थायी सुरक्षा का उत्तरदायित्व अमरीका ने लिया। उसी अवधि में अमरीका ने यहाँ अपने हवाई अड्डे आदि बनाए। द्वितीय विश्वयुद्ध में अमरीका ने युद्ध की बहुत सी कार्रवाइयों के लिये ग्रीनलैंड का उपयोग किया। युद्ध समाप्ति के पश्चात्‌ भी अमरीका ने अपनी स्थिति वहाँ ज्यों की त्यों कायम रखी। 27 अप्रैल, 1951 को अमरीका और डेनमार्क के मध्य कोपेनहेगेन में द्वीप की संयुक्त सुरक्षासंधि हुई जो 'नाटो' (नार्थ ऐटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन) के अंतर्गत थी। इस स्थिति में द्वीप पर अमरीका का भी हस्तक्षेप हो गया।

द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद डेनमार्क ने ग्रीनलैंड की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्थितियों को सुदृढ़ करने के सतत्‌ प्रयत्न किए।

शासन- डेनमार्क के 1953 के संविधान के अनुसार ग्रीनलैंड का औपनिवेशिक स्तर समाप्त हो गया और वह डेनमार्क शासन का अविच्छिन्न अंग बन गया। द्वीप का विभाजन दो निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ जिनसे निर्वाचित सदस्य डेनी संसद् में द्वीप का प्रतिनिधित्व करते हैं। डेनी प्रधान मंत्री के प्रशासन के अंतर्गत ग्रीनलैंड में गवर्नर नियुक्त रहता है। प्रशासन हेतु संपूर्ण द्वीप तीन भागों में विभक्त है। पूर्वी और उत्तरी भाग डेनी प्रधान मंत्री के सीधे नियंत्रण में है और पश्चिमी भाग का नियंत्रण द्वीप के निवासियों द्वारा चुनी हुई समिति द्वारा होता है। डेनी संसद् में प्रस्तुत होने के पूर्व प्रत्येक विधेयक का निर्णय इस समिति द्वारा होता है।

सामाजिक और आर्थिक दशा सुदूर उत्तर से आनेवाले एस्किमो जो अब डेनी लोगों से मिल गए हैं, ग्रीनलैंड के नागरिक मान लिए गए हैं। 1951 से डेनमार्क वासी वहाँ जाकर अधिक संख्या में बसे। सन्‌ 1958 में उसकी जनसंख्या 38000 थी। ग्रीनलैंड वासी मुख्यत: एस्कीमो हैं जिनमें योरोपीय जातियों के रक्त का भी कुछ मिश्रण है।

सारी धार्मिक क्रियाएँ कोपेनहेगेन के बिशप के नेतृत्व में होती हैं। जनसंख्या के अनुसार शिक्षा का प्रसार भी उचित हुआ है। ग्रीनलैंड की भाषा राजकाज में प्रयुक्त होती है।

1951 में व्यापार का केंद्रीकरण और मूल्यनियंत्रण समाप्त हुआ। इससे ग्रीनलैंड के व्यापार को अधिक सहायता मिली। फिर भी विकासोन्मुख ग्रीनलैंड की आर्थिक स्थिति विशेष संतोषजनक नहीं है।

अन्य स्रोतों से:




गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:
1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):




संदर्भ:
1 -

2 -