पानी के लिए सड़क पर उतरे लोग

Published on
2 min read

हल्की सी गर्मी बढ़ते ही शहर जल संकट से जूझने लगा है। परेशान होकर लोग स्थानीय नेताओं के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को डबुआ कालोनी के वार्ड नंबर नौ की दर्जनों महिला-पुरुष पानी के लिए सड़क पर उतर आए। सर्वप्रथम लोगों ने स्थानीय विधायक व श्रम मंत्री पंडित शिवचरण शर्मा के मस्जिद स्थित कार्यालय पर गुहार लगाई, लेकिन वहां उन्हें कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्रदर्शनकारी निगम मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भारी गर्मी होने के कारण प्रदर्शन के दौरान एक महिला बेहोश भी हो गई। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी कमल भड़ाना ने बताया कि कालोनी के कई ब्लाकों में दो सप्ताह से एक बूंद पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण लोगों का जीना बेहाल हो गया है। कालोनी में मजदूर लोग रहते हैं, जो दिन में मजदूरी करते हैं और रात भर पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते हैं।

महिलाओं ने बताया कि पानी न मिलने पर सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें होती है, क्योंकि उन्हें घर संभालना होता है। कालोनी में रेनीवैल की सप्लाई को बाहर से रोक दिया गया है, जिसके कारण पानी कालोनी में नहीं पहुंच रहा है। यह पानी माफिया के इशारे पर हो रहा है। इसमें निगम कर्मियों की मिलीभगत है।

पानी की आपूर्ति अवरुद्ध होने पर लोग पानी माफिया से महंगा पानी खरीदने को मजबूर हो जाते हैं। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कई बार निगम अधिकारियों को शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए उन्हें मजबूरन यहां आकर प्रदर्शन करना पड़ा। इस मौके पर पंडित ठाकुर पांडेय, सीमा देवी, पुष्पा, नीतू सिंह, साधना, रति देवी, राम दयाल, सुधीर, महावीर, गीता सहित अनेक लोग मौजूद थे।

संबंधित कहानियां

No stories found.
India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org