यमुना अभियान: मथुरा में 27 को संत समागम की तैयारी

Published on
2 min read

यमुना प्रदूषण के खिलाफ उठ रही आवाज लगातार सशक्त हो रही है। यमुना प्रदूषण मुक्ति सत्याग्रह में विश्व सनातन धर्म रक्षक दल के आंदोलन को यहां 27 अप्रैल को होने वाला संत समागम नई धार देगा। उधर दिल्ली में जंतर-मंतर पर संत-किसानों के धरने से दबाव में केन्द्रीय कमेटी की बैठक सोमवार को होने की संभावना है।

यमुना प्रदूषण के खिलाफ आंदोलन की राह पर चल रहे ब्रजवासियों का जोश इस मसले पर और बढ़ता जा रहा है। पिछले डेढ़ दशक से यमुना प्रदूषण मुक्ति के लिए सत्याग्रह कर रहे विश्व सनातन धर्म रक्षक दल आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 27 अप्रैल को यहां गांधी पार्क में संत समागम होने जा रहा है।

इसमें दैनिक जागरण और नियो नेटवर्क का सहयोग है। इसकी तैयारी को लेकर विसधर पूरी ताकत के साथ जुटा है। विसधर दल के संस्थापक विपिन स्वामी ने बताया कि यमुना आंदोलन को देशव्यापी बनाने और संतों का साथ और सानिध्य प्राप्त करने के लिए संत समागम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए सभी स्थानीय संतों और जनता से सहयोग मांगा जा रहा है।

दूसरी तरफ जंतर मंतर पर चल रहे यमुना बचाओ आंदोलन के तहत धरने पर बैठे संत और किसानों का समर्थन करने के लिए जगह-जगह के संत-महंतों ने पहुंचकर आंदोलन कारियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं लाला बाबा का भी आमरण अनशन चल रहा है।

सोमवार को जंतर मंतर पर आंदोलन कर रहे आंदोलनकारियों की केन्द्र सरकार से वार्ता हो सकती है। यह वार्ता केन्द्र की ओर से गठित कमेटी के साथ होने के आसार हैं। इसमें यमुना में हथिनी कुंड से पानी छोड़ने की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।

यमुना सेवकों की रैली 26 को

मथुरा: यमुना सेवक दल युवा मिश्र मंडल के तत्वावधान में यमुना प्रदूषण के खिलाफ जन संदेश रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली 26 अप्रैल को शाम पांच बजे से कंकाली मंदिर बीएसए कालेज के पास से निकाली जाएगी।

रैली की तैयारी को लेकर हुई बैठक में जितेन्द्र वर्मा, कन्हैया लाल, संजय चतुर्वेदी, सर्वेश चतुर्वेदी, विष्णु ठाकुर, रेवती रमन, विवेक दिवाकर, अमित चतुर्वेदी, अमित कुमार, बल्लू, गोलू, योगेश यादव आदि ने जनता से अनुरोध किया है कि वे यमुना मैया को बचाने के लिए रैली में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत करें।

संबंधित कहानियां

No stories found.
India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org