Himalaya in Hindi

Published on
5 min read

• हिमालय संस्कृत के हिम तथा आलय से मिल कर बना है जिसका शब्दार्थ 'बर्फ का घर' होता है। हिमालय भारत की धरोहर है। हिमालय पर्वत की एक चोटी का नाम बन्दरपुच्छ है। यह चोटी उत्तर प्रदेश के टिहरी-गढ़वाल ज़िले में स्थित है। इसकी ऊँचाई 20,731 फुट है। इसे सुमेरु भी कहते हैं।
• हिमालय एक पर्वत श्रृंखला है जो भारतीय उपमहाद्वीप और तिब्बत को अलग करता है।
• भारतवर्ष का सबसे ऊँचा पर्वत जो उत्तर में देश की लगभग 2500 किलोमीटर लंबी सीमा बनाता है और देश को उत्तर एशिया से पृथक् करता है। कश्मीर से लेकर असम तक इसका विस्तार है।


अपवाह

हिमालय के अपवाह में 19 प्रमुख नदियाँ हैं। जिनमें ब्रह्मापुत्र व सिंधु सबसे बड़ी है, दोनों में से प्रत्येक का पर्वतों में 2,59,000 वर्ग किलोमीटर विस्तृत जलसंग्राहक बेसिन है। अन्य नदियों में से पाँच, झेलम, चेनाब, रावी, व्यास, और सतलुज सिंधु तंत्र की नदियाँ हैं। जिनका कुल जलग्रहण क्षेत्र लगभग 1,32,090 वर्ग किलोमीटर है। नौ नदियाँ, गंगा, यमुना, रामगंगा , काली, करनाली, राप्ती, गंडक, बागमती व कोसी, गंगा तंत्र की हैं, जिनका जलग्रहण क्षेत्र 2,17,560 वर्ग किलोमीटर है और तीन, तिस्ता, रैदक व मनास, बह्मपुत्र तंत्र की हैं जो 1,83,890 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपवाहित करती हैं।

प्रमुख हिमालयी नदियाँ पर्वतश्रेणी के उत्तर से निकलती हैं और गहरे महाखड्डों से होती हुई बहती हैं, जो आमतौर पर कुछ भौगोर्भिक संरचनात्मक नियंत्रण को स्पष्ट करता है। सिंधु तंत्र की नदियों का बहाव एक नियम की तरह पश्चिमोत्तर है, जबकि गंगा-ब्रह्मपुत्र नदी तंत्र की नदियाँ पर्वतीय क्षेत्र से बहते हुए पूर्वी मार्ग अपनाती हैं।

भारत के उत्तर में कराकोरम श्रेणी, जिसके पश्चिम में हिंदुकुश व पूर्व में लद्दाख़ श्रेणी है, एक विशाल जलविभाग बनाती है जो सिंधु तंत्र को मध्य एशिया की नदियों से अलग करता है। इस विभाजन के पूर्व में कैलाश श्रेणी और पूर्व की ओर आगे निआनकिंग तंग्गुला पर्वत हैं, जो ब्रह्मपुत्र, उच्च हिमालय श्रेणी के महाखड्ड को पार करने से पहले पूर्व की ओर लगभग 1,488 किलोमीटर बहती है। इसकी बहुत सी तिब्बती सहायक नदियाँ विपरीत दिशा में बहती हैं और संभवतः कभी ब्रह्मपुत्र की भी यही दिशा रही होगी।

हिमनद


एक जल-विभाजक के रूप में उच्च हिमालय श्रेणी की भूमिका को सतलुज व सिंधु घाटी के बीच के 579 किलोमीटर के क्षेत्र में देखा जा सकता है। उत्तरी ढालों में उत्तर की ओर बहने वाली ज़ॉस्कर व द्रास नदियाँ हैं, जो सिंधु नदी में अपवाहित होती हैं। ग्लेशियर (हिमनद) भी ऊँचे क्षेत्रों को अपवाहित करने व हिमालयी नदियों के पोषण (पानी देने) में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड में अनेक हिमनद हैं, जिनमें से सबसे बड़ा गंगोत्री हिमनद 32 किलोमीटर लंबा है और गंगा के स्रोतों में से एक है। खुंबु हिमनद नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र को अपवाहित करता है और इस पर्वत की चढ़ाई का सबसे लोकप्रिय मार्ग है। हिमालय क्षेत्र के हिमनदों की गति की दर उल्लेखनीय रूप से भिन्न है। कराकोरम श्रेणी में बाल्टोरो हिमनद प्रतिदिन दो मीटर खिसकता है, जबकि खुंबु जैसे अन्य हिमनद प्रतिदिन केवल लगभग 30 सेंटीमीटर तक ही खिसक पाते हैं। हिमालय के अधिकांश हिमनद सिकुड़ रहे हैं।

जलवायु

हवा और जल संचरण की विशाल प्रणालियों को प्रभावित करने वाले विशाल जलवायवीय विभाजक के रूप में हिमालय दक्षिण में भारतीय उपमहाद्वीप और उत्तर में मध्य एशियाई उच्चभूमि की मौसमी स्थितियों को प्रभावित करने में प्रमुख भूमिका निभाता है। अपनी स्थिति और विशाल ऊँचाई के कारण हिमालय पर्वतश्रेणी सर्दियों में उत्तर की ओर से आने वाली ठंडी यूरोपीय वायु को भारत में प्रवेश करने से रोकती है और दक्षिण-पश्चिम मॉनसूनी हवाओं को पर्वतश्रेणी को पार करके उत्तर में जाने से पहले अधिक वर्षा के लिए भी बाध्य करती है। इस प्रकार, भारतीय क्षेत्र में भारी मात्रा में वर्षा (बारिश और हिमपात) होती है, लेकिन वहीं तिब्बत में मरुस्थलीय स्थितियां हैं। दक्षिणी ढलानों पर शिमला और पश्चिमी हिमालय के मसूरी में औसत सालाना वर्षा 1,530 मिमी तथा पूर्वी हिमालय के दार्जिलिंग में 3,048 मिमी होती है। उच्च हिमालय के उत्तर में सिन्धु घाटी के कश्मीर क्षेत्र में स्थित स्कार्दू गिलगित और लेह में सिर्फ़ 76 से 152 मिमी वर्षा होती है।

स्थानीय ऊँचाई और स्थिति से न सिर्फ़ हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों की जलवायु में भिन्नता का निर्धारण होता है, बल्कि एक ही श्रेणी की विभिन्ना ढलानों पर भी अलग-अलग जलवायु होती है। उदाहरण के लिए, देहरादून के सामने मसूरी पर्वत पर 1,859 मीटर की ऊँचाई पर स्थित मसूरी शहर में अनुकूल स्थिति के कारण सालाना 2,337 मिमी तक वर्षा होती है जबकि वहाँ से 145 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में पर्वतस्कंध श्रृंखलाओं के पीछे 2,012 मीटर की ऊँचाई पर स्थित शिमला में सिर्फ़ 1,575 मिमी बारिश होती है। पूर्वी हिमालय, जो पश्चिमी हिमालय के मुक़ाबले कम ऊँचाई पर है, अपेक्षाकृत गर्म है। शिमला में दर्ज न्यूनतम तापमान- 25डिग्री. सेल्सियस है। 1,945 मीटर की ऊँचाई वाले दार्जिलिंग में मई महीने में औसत न्यूनतम तापमान- 11 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसी महीने में 5,029 मीटर की ऊँचाई पर माउंट एवरेस्ट के पास न्यूनतम तापमान लगभग- 8 डिग्री सेल्सियस होता है, 5,944 मीटर पर यह- 22 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है और यहाँ सबसे कम न्यूनतम तापमान- 29 डिग्री सेल्सियस होता है, अक्सर 161 किलोमीटर से अधिक रफ़्तार से बहने वाली हवाओं से सुरक्षित क्षेत्रों में दिन के समय सुदूर ऊँचाइयों पर भी अक्सर सूर्य की गर्माहट ख़ुशनुमा होती है।

इस क्षेत्र में आर्द्र मौसम के दो कालखंड हैं, जाड़े में होने वाली वर्षा और दक्षिण-पश्चिमी मॉनसूनी हवाओं द्वारा लाई गई वर्षा। शीतकालीन वर्षा पश्चिम की ओर से भारत में आने वाले कम दबाव की मौसमी प्रणालियों के आगे बढ़ने के कारण होती है, जिसके कारण भारी हिमपात भी होता है। जिन क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव होता है, वहाँ सतह से 3,048 मीटर की ऊँचाई पर हवा की ऊपरी परतों में संघनन होता है, परिणामस्वरूप ऊँचे पर्वतों पर अधिक वर्षा या हिमपात होता है। इसी मौसम में हिमालय की ऊँची चोटियों पर बर्फ़ एकत्र होती है और पश्चिमी हिमालय में पूर्वी हिमालय के मुक़ाबले अधिक वर्षा या हिमपात होता है। उदाहारण के लिए, जनवरी में पश्चिम स्थित मसूरी में लगभग 76 मिमी वर्षा या हिमपात दर्ज़ किया जाता है जबकि पूर्व में दार्जिलिंग में यह 25 मिमी से भी कम होता है। मई के अंत तक मौसमी परिस्थितियाँ उलट जाती हैं। पूर्वी हिमालय के ऊपर से गुज़रने वाली दक्षिण-पश्चिम मॉनसूनी हवाएँ 5,486 मीटर की ऊँचाई पर वर्षा और हिमपात का कारण बनती हैं, इसलिए जून में दार्जिलिंग में लगभग 610 मिमी और मसूरी में 203 मिमी से कम वर्षा या हिमपात दर्ज होता है। सितंबर में बारिश ख़त्म हो जाती है, जिसके बाद दिसंबर में जाड़े के मौसम की शुरुआत से पहले तक हिमालय में सबसे अच्छा मौसम रहता है।

अन्य स्रोतों से:

गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):

संदर्भ:

संबंधित कहानियां

No stories found.
India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org