कसौली

Published on
2 min read

कसौली हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की एक छावनी तथा स्वास्थ्यशाला है जो उप-हिमालय प्रदेश में पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। यह अंबाला नगर से 45 मील उत्तर तथा शिमला नगर से 32 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यहाँ पर 1844-45 ई. में विज़ा राज्य की भूमि पर छावनी का निर्माण हुआ और उसी वर्ष सैनिकों के रहने का स्थान भी बन गया। गर्मी के मौसम के प्रतिवर्ष यहाँ बाहर से यात्री आते हैं। कसौली पहाड़ी सुवाठी समूह का ही एक शिखर है जो समुद्र की सतह से 6,322 फुट ऊँचा है। यहाँ के रमणीक दृश्य के एक ओर दक्षिण-पश्चिम के मैदानी भाग तथा दूसरी ओर हिमालय की बर्फीली पंक्तियाँ हैं। इसकी स्थापना सैनिक छावनी के रूप में हुई थी, किंतु इस समय यह एक स्वास्थ्यवर्धक और पर्यटक केंद्र के रूप में अधिक प्रसिद्ध हो गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रीष्मकाल में होटलों का प्रबंध रहता है, किंतु पानी के वितरण की व्यवस्था ठीक नहीं है। यहाँ उप कमिश्नर का प्रधान कार्यालय है। गर्मी के मौसम में अंबाला के कमिश्नर का प्रधान कार्यालय भी यहीं आ जाता है। यहाँ का व्यापार यात्रियों की तथा छावनी के सैनिकों की आवश्यकताओं तक ही सीमित है।

लारेंस सैनिक-आश्रय-स्थान यहां से तीन मील की दूरी पर सनावर नगर में स्थित है। उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध पैस्टर (Pasteur) संस्था की स्थापना कसौली में 1901 ई. में पागल पशुओं द्वारा काटे गए लोगों की चिकित्सा के लिए की गई थी। 1906 ई. में यहाँ एक केंद्रीय अनुसंधानशाला स्थापित की गई जिसमें भारतवर्ष में उत्पन्न विशेष रोगों का वैज्ञानिक रीति से अध्ययन किया जाता है।

अन्य स्रोतों से:

गुगल मैप (Google Map):

बाहरी कड़ियाँ:


1 -
2 -
3 -

विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia):

संदर्भ:


1 -

2 -

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org