बाढ़ से 'बरकत'

Published on
3 min read

बिहार में हर साल कहर बरपाने वाली बाढ़ भले ही आमजन के लिए बुरा सपना हो लेकिन सरकारी महकमों के बाबुओं और ठेकेदारों को तो इस आपदा का बेसब्री से इंतजार रहता है। तबाही का जश्न मनाने वाले ये लोग बाढ़ से मालामाल होते हैं।

पटना -बरसात की वजह से उफनती नदियां बिहार के लाखों लोगों की धड़कनें बढ़ा देती हैं लेकिन अफसरों और ठेकेदारों की एक ऐसी जमात भी है जो बाढ़ से प्यार करती है। तबाही का जश्न मनाने वाले इस समूह के लिए हर आपदा आमदनी का साधन है। हर साल बाढ़ नियंत्रण पर करोड़ों रुपए खर्च होते हैं लेकिन समस्या यथावत रहती है। नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक की रिपोर्ट भी अनियमितताएं रेखांकित करती रही है लेकिन घोटालेबाजों को लालू राज और पहले से भी खाद-पानी मिलता रहा है। बिहार की बड़ी आबादी हर साल बाढ़ की विभीषिका झेलने के लिए अभिशप्त है। इस साल भी पूर्वी कोसी तटबंध पर खतरा बना हुआ है। नेपाल से बार-बार अनुरोध के बावजूद तटबंध बचाने के लिए पायलट चैनल की खुदाई का काम आगे नहीं बढ़ पाया। तटबंधों पर दरारें गहरा गई हैं। बाढ़ की प्रलयकारी लीला में हर साल एक लाख लोग के घर बह जाते हैं। बाढ़ की चपेट में आने वाले घर जर्जर हो जाते हैं, फिर भी इन घरों में रहना लोगों की नियति है। बाढ़ ने बिहार में पिछले 31 सालों में 69 लाख घरों को क्षति पहुँचाई। इनमें 35 लाख मकान पानी में बह गए और 34 लाख घर क्षतिग्रस्त हुए। पीड़ितों को बसाने के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए लेकिन लोगों का घर शायद ही बन पाए

। बिहार का 76 प्रतिशत भूभाग बाढ़ के दृष्टिकोण से संवेदनशील है। कुल 94,160 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में से 68,800 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील हैं। कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, कमला बलान, महानंदा और अघवारा नदी समूह की अधिकांश नदियां नेपाल से निकलती हैं। इन नदियों का 65 प्रतिशत जलग्रहण क्षेत्र नेपाल और तिब्बत में है। नतीजतन नेपाल से अधिक पानी छोड़े जाने पर बिहार के गांवों में तबाही मच जाती है। 2007 की बाढ़ में 22 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। 2008 में कोसी नदी पर कुसहा बांध टूटा तो जल प्रलय की स्थिति पैदा हुई। बिहार सरकार ने 2007 में केंद्र से बाढ़ राहत के लिए 2,156 करोड़ मांगे लेकिन मदद नहीं मिली फिर 2008 के राष्ट्रीय आपदा के वक्त भी बिहार 14,808 करोड़ की मांग के बदले बिहार को सिर्फ एक हजार करोड़ रुपए मिले थे। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर विश्व बैंक की मदद से बाढ़ प्रबंधन का कार्य शुरू होने वाला है। कोसी के बाढ़ प्रबंधन के लिए विश्व बैंक ने 800 करोड़ रुपए की सहायता की पेशकश की है।

बिहार में बाढ़ की वजह से परेशान लोग

घोटाले लालू राज में भी हुए। बाढ़ राहत घोटाले में आरोपी पूर्व सांसद साधु यादव इन दिनों कांग्रेस में हैं। राहत सामग्री में घोटाला करने वाले संतोष झा ने उनके खाते में छह लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। साधु यादव ने तब कहा था कि यह राशि कार की कीमत है जो संतोष झा के पिता को बेची गई। निगरानी विभाग ने बाद में जांच में पाया कि कार एक लाख रुपए में दिल्ली के संतोष जेना से खरीदी गई थी और एक साल बाद उसे छह लाख में बेचा दिखाया गया। इस मामले में तत्कालीन जिला परिवहन पदाधिकारी बृजराज राय पर भी फर्जी कागजात तैयार करने का मामला दर्ज हुआ और वह गिरफ्तार हुए। निगरानी विभाग ने साधु यादव पर भी मामला दर्ज किया। छह साल पहले हुए इस घोटाले में साधु यादव ने 5 दिसंबर, 2006 को कोर्ट में सरेंडर किया था और उन्हें 5 जनवरी, 2007 को जमानत मिली। भारतीय प्रशासनिक सेवा के जिस तेज तर्रार अधिकारी गौतम गोस्वामी को 'टाइम' मैगजीन ने यंग एशियन एचीवर अवॉर्ड से नवाजा, वह भी बाढ़ घोटाले के आरोपी बन गए। ठेकेदार संतोष झा भी जेल काट चुके हैं।

राहत सामग्री के नाम पर मचती है लूट

Email:- raghvendra.mishra@naidunia.com

संबंधित कहानियां

No stories found.
India Water Portal - Hindi
hindi.indiawaterportal.org