

नालंदा, बिहार। 13 महीनों के लंबे संघर्षों के बाद 4 जनवरी 2023 को तालाब से अवैध कब्जे हटाने के लिए कार्रवाई हुई। ग्राम+पोस्ट- बरही बिगहा, थाना- चिकसौरा, जिला नालंदा के मौजा- बरही बिगहा, थाना संख्या- 91, खाता संख्या-104, खसरा संख्या-234 एवं रकबा-23 डिसमिल गैरमजरुआ आम जमीन (गड्ढा) यानी तालाब के रूप में बिहार सरकार के नाम पर खतियान में दर्ज है। अब तालाब गायब है। तालाब पर भरपूर कब्जा है। बरही बिगहा के निवासी सुधांशु कुमार के बिहार लोक पोर्टल पर शिकायत के बाद जांच हुई। जांच में एक दर्जन से ज्यादा लोग अतिक्रमणकारी पाए गए। कार्रवाई की बार-बार तारीख तो दी जा रही थी, पर कार्रवाई ज़मीन पर देखने को नहीं मिल रही है। इस बीच अतिक्रमणकारियों ने माननीय पटना उच्च न्यायालय में एक वाद दायर किया। माननीय पटना उच्च न्यायालय ने अतिक्रमणकारियों को कोई राहत नहीं दी।
काफी संघर्षों के बाद 4 जनवरी 2023 को कार्रवाई की गई। पर वह भी आधी-अधूरी। खानापूर्ति के तहत महज कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। देश भर में अपने तालाबों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। लोग अपने एक्शन से दिखा रहे हैं कि ऐसे बचेंगे पार्क, नदियां, तालाब।
बरही बिगहा के युवाओं का मन है कि पूरी तरह से कब्जामुक्त होने के बाद अब तालाब का रिस्टोरेशन हो। इसके लिए अब वे योजना बनाने में लगे हैं।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें