

सीवेज और ठोस कचरे के कारण नाले का रूप ले चुकी दिल्ली की साहिबी नदी को साफ करने के प्रसास समय-समय पर होते रहे हैं, पर ये कोशिशें ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुई हैं।
स्रोत : फेसबुक
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित समिति ने सौंपी अपनी रिपोर्ट, हटाया गया 21,324 टन ठोस कचरा
दिल्ली, यूपी, एमपी के आंकड़े अधूरे, सिक्किम और ओडिशा में कोई हॉट स्पॉट नहीं
नदियों को हमारे देश में देवी मानकर पूजने की परंपरा है। पर, देशभर में इन्हीं नदियों में टानों-टन कचरा फेंक कर इन्हें लगातार प्रदूषित किया जा रहा है। इसे लेकर बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में भोपाल नगर निगम बनाम डा. सुभाष सी. पांडे मामले में कोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट में देश की 518 नदियों को प्रदूषित करने वाले कचरे के कुल 31250 हॉट स्पॉटों की हुई की गई है। साथ ही 21,324 टन ठोस कचरा हटाए जाने की जानकारी भी दी गई है। इसके साथ ही इस अनुपालन रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें और आंकड़े भी सामने आए हैं।
रिपोर्ट में कोर्ट को बताया गया है कि ठोस कचरे को नदियों और जल निकायों में पहुंचने से रोकने के लिए देशभर में 4542 सिस्टम लगाए गए हैं। दिल्ली में नालों से 1,95,571 टन सिल्ट निकाली जा चुकी है। अवैध रूप से कचरा डालने के 856 मामलों में नोटिस जारी हुए और 942 मामलों में कार्रवाई की गई है। पर, चौंकाने वाली बात यह है कि देश की राजधानी दिल्ली, गंगा-यमुना जैसी महत्वपूर्ण नदियों के मैदान वाले राज्य उत्तर प्रदेश और नर्मदा, चंबल, केन, बेतवा जैसी महत्वपूर्ण नदियों वाले राज्य मध्य प्रदेश के आंकड़े अधूरे हैं। उत्तर प्रदेश ने इस रिपोर्ट में शामिल करने के लिए कोई आंकड़ा नहीं दिया। मध्य प्रदेश ने 26 नदियों की जानकारी तो दी, लेकिन कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिस राज्य के नगर निगम से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, उसी ने प्रदूषण के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। यह रिपोर्ट की एक उल्लेखनीय कमी है।
इसके अलावा दिल्ली ने भी नदियों, नालों और कचरा डंपिंग स्थलों का पूरा ब्योरा नहीं दिया, जबकि यमुना में सबसे ज्यादा प्रदूषण दिल्ली में ही होता है और सीवेज और कचरे के प्रदूषण ने यहां बहने वाली साहिबी नदी को तो नाले में ही तब्दील कर दिया है। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) द्वारा कई बार इसे लेकर सख्त रवैया अपनाए जाने के बावजूद दिल्ली सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट की इस समिति को नदियों के प्रदूषण स्थलों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के 17 नवंबर 2026 के आदेश में समिति की रिपोर्ट के आधार पर 21,324.69 मीट्रिक टन कचरा हटाने, 4592 इंटरसेप्शन सिस्टम लगाए जाने और 778 नदी क्षेत्रों में पुनर्स्थापन का काम जारी होने या काफी हद तक पूरा होने की जानकारी दी गई है।
भोपाल नगर निगम बनाम डॉ. सुभाष सी. पांडे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ठोस कचरे के अनुचित प्रबंधन और उससे होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को गंभीरता से लिया है। इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट ठोस कचरा प्रबंधन की निगरानी कर रहा है। इस तरह मूल रूप से भोपाल नगर निगम के कचरा प्रबंधन से जुड़ा यह मामला अब देशभर में ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के अनुपालन की निगरानी तक पहुंच गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने 2026 में इस मामले में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। 5 मई 2026 के आदेश में कोर्ट ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 5 के तहत जिला कलेक्टरों को अधिकार सौंपने के लिए अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया। इसके तहत जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के क्रियान्वयन की निगरानी करनी है। इसके साथ ही हर जिले में एक विशेष प्रकोष्ठ यानी स्पेशल सेल बनाने का निर्देश भी कोर्ट ने दिया। इसमें संबंधित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों को भी शामिल किया जाना है। इन अधिकारियों को अधिकृत और अनधिकृत कचरा डंपिंग स्थलों का निरीक्षण करना, तस्वीरें उपलब्ध कराना और स्थानीय निकायों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करनी है।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पानी और बिजली की आपूर्ति रोकने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। इस तरह इस पूरी कवायद का उद्देश्य केवल नदियों के किनारे फेंके गए कचरे को उठाना नहीं, बल्कि कचरा पैदा करने और उसे नदियों के किनारे फेंकने वालों पर नकेल कसते हुए उनको अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए बाध्य करना भी है।
रिपोर्ट में दिल्ली के नालों से 1,95,571 मीट्रिक टन सिल्ट निकाले जाने का आंकड़ा भी शामिल है। इसके साथ ही नदियों और जल निकायों में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली में कुल 223 सिस्टम लगाए जाने की जानकारी भी दी गई है।
हालांकि, यहां सिल्ट और ठोस कचरे के बीच एक महत्वपूर्ण अंतर को समझना जरूरी है। सिल्ट में मिट्टी, गाद और दूसरी कुदरती तलछटी सामग्रियां शामिल होती है, जबकि ठोस कचरे में प्लास्टिक, कपड़े, घरेलू अपशिष्ट और दूसरी फेंकी गई वस्तुएं शामिल होती हैं। नालों से सिल्ट निकालना जल निकासी की क्षमता बनाए रखने के लिए जरूरी है, लेकिन इससे नालों में पहुंचने वाले प्लास्टिक और दूसरे ठोस कचरे की समस्या हल नहीं होती।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में अवैध रूप से कचरा डालने के 856 मामलों में नोटिस जारी किए गए और 942 मामलों में कार्रवाई भी की गई है। लेकिन, जब राजधानी के नालों और नदी क्षेत्रों का पूरा ब्योरा ही उपलब्ध नहीं है, तो इन कार्रवाइयों के वास्तविक प्रभाव का आकलन करना मुश्किल है।
यमुना के प्रदूषण में घरेलू सीवेज और औद्योगिक अपशिष्ट की बड़ी भूमिका है। इसके अलावा नदी में नालों के जरिये पहुंचने वाला ठोस कचरा भी समस्या को गंभीर बना देता है। इस कचरे में बहकर आने वाले प्लास्टिक और दूसरे प्रदूषक नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही नालों में कचरा जमा होने से जल निकासी बाधित होती है, जो बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को भी बढ़ा देती है।
रिपोर्ट में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में हॉटस्पॉट के मामले में तमिलनाडु सबसे ऊपर है। यहां कुल 30,345 हॉटस्पॉट दर्ज किए गए हैं। हालांकि, इस आंकड़े को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर पर ध्यान देना जरूरी है। तमिलनाडु के कुल हॉटस्पॉट में से 30,238 नगरीय निकायों के भीतर के स्थल हैं, जबकि नदी किनारे के केवल 107 स्थल ही बताए गए हैं। यानी इन सभी 30,345 स्थानों को सीधे नदी किनारे कचरा फेंकने के स्थल मानना सही नहीं होगा।
इसके मुकाबले जम्मू-कश्मीर में 38 नदियों, नालों और झीलों से जुड़े 78 हॉटस्पॉट दर्ज किए गए हैं। पंजाब में 11 नदियों, नहरों और जलधाराओं से जुड़े 47, गुजरात में छह नदियों से जुड़े 41 और मेघालय में नौ नदियों से जुड़े 39 हॉटस्पॉट की जानकारी दी गई है। हिमाचल प्रदेश में 37, उत्तराखंड में 34 और महाराष्ट्र में 29 हॉटस्पॉट दर्ज किए गए हैं।
यहां यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि अलग-अलग राज्यों ने नदियों, नालों, नहरों और दूसरी जलधाराओं को अलग-अलग श्रेणियों में रिपोर्ट किया है। इसलिए हॉटस्पॉट की संख्या से सीधे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि किस राज्य की नदियां सबसे अधिक प्रदूषित हैं। इसके लिए कचरे की मात्रा, उसकी प्रकृति, नदी में पहुंचने वाले प्रदूषकों और जल गुणवत्ता के आंकड़ों का एक साथ विश्लेषण किया जाना जरूरी है।
रिपोर्ट में सिक्किम और ओडिशा के आंकड़े भी उल्लेखनीय हैं। सिक्किम की चार नदियों और ओडिशा की 25 नदियों तथा दो नालों में ठोस कचरे के प्रदूषण से जुड़े किसी संवेदनशील स्थल की जानकारी नहीं दी गई है।
लेकिन, यहां भी एक सवाल उठता है कि क्या इन राज्यों में वास्तव में नदी किनारे कचरा फेंकने की समस्या नहीं है या फिर पहचान और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया में ही कोई कमी रह गई? किसी राज्य में एक भी हॉटस्पॉट दर्ज न होना अपने आप में इस बात का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि वहां नदियां पूरी तरह कचरा प्रदूषण से मुक्त हैं। इसके लिए नियमित निरीक्षण, स्थानीय निकायों की निगरानी, नागरिक शिकायतों और नदी किनारे जहां-तहां फैले कचरे की स्वतंत्र जांच जरूरी है। खासकर, छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में नदी किनारे खुले में कचरा डालने की घटनाएं अकसर स्थानीय स्तर पर दर्ज ही नहीं हो पातीं। इसलिए रिपोर्ट में जीरो हॉट स्पॉट आंकड़े वाले राज्यों के लिए भी निगरानी व्यवस्था की गुणवत्ता और सर्वेक्षण की समीक्षा किया जाना जरूरी है।
रिपोर्ट में नदियों और जल निकायों में ठोस कचरा पहुंचने से रोकने के लिए देशभर में 4542 सिस्टम लगाए जाने की जानकारी दी गई है। इसका मकसद नालों और जलधाराओं के जरिये बहकर आने वाले ठोस कचरे को नदी में मिलने से पहले रोकना है।
ऐसी व्यवस्थाओं में इंटरसेप्शन सिस्टम और कचरा रोकने वाली दूसरी संरचनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उदाहरण के लिए, नदी में मिलने से पहले नाले पर जाली या अवरोधक लगाकर उसमें बहकर आने वाली प्लास्टिक की बोतलें, पैकेजिंग सामग्री और दूसरे ठोस कचरे को रोका जा सकता है। इस कचरे को निकालकर उसका निस्तारण किया जा सकता है। हालांकि, केवल ऐसी संरचनाएं लगा देना पर्याप्त नहीं है। उनका नियमित रखरखाव, समय पर कचरा निकालना और उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी जरूरी है। अगर जमा कचरे को समय पर नहीं हटाया जाता, तो बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव में वह दोबारा नदी में पहुंच सकता है।
रिपोर्टिंग अवधि के दौरान नदी किनारों और जल निकायों से 21,324.69 मीट्रिक टन ठोस कचरा हटाया गया। यह मात्रा बताती है कि कचरे की समस्या केवल नदी में बहकर पहुंचने तक सीमित नहीं है। नदी किनारे खुले में कचरा डालना, उसे लंबे समय तक जमा रहने देना और फिर बारिश के पानी के साथ उसका जलधाराओं में पहुंचना भी प्रदूषण का बड़ा कारण है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने 18 अगस्त 2026 के आदेश में एक महत्वपूर्ण बात कही कि ठोस कचरे की समस्या का समाधान केवल सफाई कर्मचारियों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। हर व्यक्ति, परिवार, संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान कचरा पैदा करता है। इसलिए कचरे को अलग करना, सुरक्षित भंडारण और अधिकृत एजेंसी को सौंपने की जिम्मेदारी भी उसी की है।
ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के नियम 4 के तहत प्रत्येक कचरा पैदा करने वाले पर कचरे का पृथक्करण, सुरक्षित भंडारण और अधिकृत व्यवस्था को सौंपने की जिम्मेदारी डाली गई है। इसका संबंध संविधान के अनुच्छेद 51A(g) में दिए गए पर्यावरण संरक्षण के मौलिक कर्तव्य और अनुच्छेद 21 के तहत स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के अधिकार से भी जोड़ा गया है।
अदालत ने यह भी माना कि अनियोजित शहरीकरण और कचरे के बढ़ते उत्पादन के बीच मौजूदा ढांचे में व्यापक स्तर पर सुधार किया जाना जरूरी है। जब तक घरों, बाजारों, संस्थानों और उद्योगों से निकलने वाले कचरे का सही प्रबंधन नहीं होगा, तब तक नदियों में पहुंचने वाले ठोस कचरे पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट की 17 नवंबर 2026 की सुनवाई में समिति की 48 पन्नों की शॉर्ट टर्म रिपोर्ट और 387 पन्नों के संलग्न दस्तावेजों की समीक्षा की गई। अदालत ने माना कि निगरानी के लिए प्रशासनिक व्यवस्था तैयार करने की दिशा में प्रगति हुई है, लेकिन ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के वास्तविक अनुपालन में अभी काफी कमियां हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, देश के 784 जिला कलेक्टरों में से 755 केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के पोर्टल पर दर्ज थे। पर, केवल 59% जिलों में ही विशेष प्रकोष्ठ गठित किए गए। करीब 400 जिलों में ऐसी कोई व्यवस्था अभी तक नहीं बनी थी।
इसी तरह 28 राज्यों में से केवल नौ राज्यों ने शहरी नियमों से संबंधित लक्ष्य को पूरा किया। ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन के उपनियमों को शामिल करने की जानकारी 16 राज्यों ने नहीं दी। वहीं, 18 राज्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कचरे के चार श्रेणियों में पृथक्करण की व्यवस्था के बारे में कोई रिपोर्ट नहीं दी।
रिपोर्ट से पता चलता है कि इनिगरानी के लिए पोर्टल, समितियां और प्रशासनिक निर्देश तैयार कर देना पर्याप्त नहीं है। इनके माध्यम से जमीन पर कचरे के संग्रह, छंटाई, परिवहन और कचरे के निपटान की व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए। नदियों के प्रदूषण के मामले में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कचरा पैदा होने से लेकर उसके नदी में पहुंचने तक कई विभाग और संस्थाएं जिम्मेदार होती हैं। जबकि, घरों और बाजारों से निकलने वाले कचरे का संग्रह स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी है। उसके परिवहन और निस्तारण का काम अलग महकमें के पास होता है। वहीं, नालों और नदी किनारों पर निगरानी तथा प्रदूषण रोकने में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों की भूमिका है। अकसर इनके बीच समन्वय की कमी देखने को मिलती है और अगर इनमें से किसी एक स्तर पर भी लापरवाही होती है तो कचरा अंततः नदी या अन्य जल स्रोतों तक पहुंच जाता है। इसलिए जरूरी है कि कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की पहचान के साथ यह भी तय हो कि उनके लिए कौन-सा स्थानीय निकाय, विभाग या संस्थान जिम्मेदार है और वहां सुधार के लिए क्या समयसीमा तय की गई है।
इसके अलावा राज्यों को नदीवार और जिलेवार आंकड़े नियमित रूप से सार्वजनिक करने चाहिए। इनमें कचरा मिलने के स्थान, हटाई गई मात्रा, लगाए गए इंटरसेप्शन सिस्टम की स्थिति, कार्रवाई और दोबारा कचरा जमा होने की जानकारी शामिल होनी चाहिए। इससे यह पता लग सकेगा कि सफाई अभियान वास्तव में कितना प्रभावी है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी 17 नवंबर के आदेश में जिलाधिकारियों को कचरा प्रबंधन सुविधाओं की जियो-टैग्ड और समय दर्ज तस्वीरें उपलब्ध कराने तथा आगे की प्रगति की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे निगरानी को केवल कागजी दावों के बजाय वास्तविक स्थिति से जोड़ने में मदद मिल सकती है।
देश की 518 नदियों और उनसे जुड़ी जलधाराओं के संदर्भ में सामने आए ये आंकड़े केवल कचरे के जमाव की समस्या नहीं बताते, बल्कि हमारी जल संरक्षण व्यवस्था की कमजोरियों को भी उजागर करते हैं। नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जरूरी है कि कचरा नदी तक पहुंचने ही न दिया जाए। इसके लिए स्थानीय निकायों की जवाबदेही, नागरिकों की भागीदारी और प्रशासनिक निगरानी को एक साथ मजबूत करना होगा। वरना हर साल हजारों टन कचरा हटाने के बावजूद नदियों में कचरा पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें