

नदियों और जलस्रोतों में घुलने वाले फॉरएवर कैमिकल्स यानी PFAS को ज्यादातर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स भी पानी से हटा नहीं पाते।
फोटो : विकी कॉमंस
पानी में कैंसर पैदा करने वाले 'फॉरएवर केमिकल्स' की मौजूदगी भारत से लेकर अमेरिका तक में लोगों की सेहत के लिए एक बड़ा खतरा बनती जा रही है। बीते दिनों साइंस जर्नल्स में प्रकाशित दो रिसर्च रिपोर्ट्स में देश के कई राज्यों में पानी के नमूनों में PFAS पाए जाने से यह चिंता और भी बढ़ गई है। पर्यावरण पर नज़र रखने वाले राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण यानी NGT ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इन रिपोर्ट्स का संज्ञान लिया है। इनमें पहला अध्ययन Journal of Hazardous Materials Advances में PFAS contamination in key Indian states शीर्षक से 2025 में प्रकाशित रिसर्च रिपोर्ट है। जबकि दूसरा अध्ययन Occurrence of forever chemicals in Chennai waters, India शीर्षक से Environmental Sciences Europe में 2024 में प्रकाशित IIT मद्रास की रिसर्च रिपोर्ट है।
इन अध्ययनों समेत कई अन्य रिपोर्टों में भारत में पीने के पानी में PFAS प्रदूषण की बात सामने आने के बावजूद सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अबतक इन रसायनों की स्वीकार्य मात्रा और खतरनाक स्तर को तय करने के कोई मानक निर्धारित न किए जाने को लेकर NGT ने गंभीर चिंता जताई है। ट्रिब्यूनल ने अपने 20 नवंबर के ऑर्डर में पीने के पानी में PFAS की मौजूदगी और इसके संपर्क में आने से इंसानों को होने वाले नुकसानों पर जागरूकता और डेटाबेस की कमी पर भी नाराज़गी जताई है। कोर्ट ने अपने आदेश में गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में पेयजल के स्रोतों में PFAS कंटैमिनेशन की रिपोर्ट पर ध्यान देने को कहा है। यह देखते हुए कि यह मामला पर्यावरण नियमों के पालन से जुड़े बड़े मुद्दे उठाता है, NGT ने पर्यावरण मंत्रालय, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB), ब्यूरो ऑफ़ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS), IIT मद्रास और CSIR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च (IITR) को जवाबदेह बनाया है। मामले की सुनवाई 3 मार्च, 2027 को होगी।
ट्रिब्यूनल ने कहा कि टेक्सटाइल कोटिंग और इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किए जा रहे PFAS पर्यावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। साथ ही NGT ने "per-" समूह के रसायनों की मौजूदगी पर खासतौर पर चिंता जताई है। यह सिंथेटिक PFA केमिकल्स का एक ग्रुप है, जो अलग-अलग राज्यों के भूजल (ग्राउंडवाटर) में पाए गए। यहां "per-" एक रसायन विज्ञान (Chemistry) का उपसर्ग (prefix) है, जिसका अर्थ होता है "पूर्ण रूप से" या "अधिकतम संभव मात्रा में" (completely / thoroughly) होना। per-' यह दर्शाता है कि इन रसायनों में कार्बन के साथ फ्लोरीन का जुड़ाव पूर्ण रूप से है। इसमें कार्बन और फ्लोरीन का यह बंधन (bond) अत्यंत मजबूत होता है, जिसके कारण ये रसायन पर्यावरण में आसानी से नष्ट नहीं होते और इन्हें 'फॉरएवर केमिकल्स' (forever chemicals) कहा जाता है।
Swedish University of Agricultural Sciences (SLU) के Department of Aquatic Sciences and Assessment के पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ता राजनीश कुमार गौतम और उनके सहयोगियों के अध्ययन में गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में PFAS प्रदूषण से जुड़े उपलब्ध शोधों की समीक्षा की गई है। Journal of Hazardous Materials Advances के मई 2025 के अंक में PFAS contamination in key Indian states: A critical review of environmental impacts, regulatory challenges and predictive exposure शीर्षक से प्रकाशित यह अध्ययन आठ राज्यों में किए गए नए प्रत्यक्ष पेयजल नमूनों का सर्वेक्षण नहीं, बल्कि पहले से उपलब्ध अध्ययनों की समीक्षा और उनके आंकड़ों पर आधारित भविष्य का मॉडल है। इसमें शोधकर्ताओं ने 2024 से 2054 तक के लिए एक प्रिडिक्टिव मॉडल भी तैयार किया। इसके अनुसार, औद्योगिक गतिविधियों और लगातार उत्सर्जन के कारण कुछ राज्यों में सतही जल में PFAS की सांद्रता बढ़कर अंतरराष्ट्रीय पेयजल सुरक्षा सीमाओं से अधिक हो सकती है। अध्ययन में मछलियों के सेवन के जरिये भी PFAS के मानव शरीर में पहुंचने का आकलन किया गया। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे अधिक मछली खपत वाले राज्यों में लोगों के स्वास्थ्य पर PFAS का जोखिम अधिक होने की बात को खासतौर पर सामने लाया गया है। साथ ही शोधकर्ताओं ने अपनी रिपोर्ट में PFAS को लेकर भारत में नियमित निगरानी, सुरक्षा मानकों और प्रदूषण नियंत्रण तकनीकों की कमी को बड़ी चुनौती बताया है।
IIT मद्रास के शोधकर्ताओं G.V. Koulini और Indumathi M. Nambi की रिसर्च Environmental Sciences Europe नामक वैज्ञानिक जर्नल में 25 मार्च 2024 को प्रकाशित हुई थी। इसका शीर्षक Occurrence of forever chemicals in Chennai waters, India शीर्षक था। इसे भारत में PFAS प्रदूषण को लेकर सबसे महत्वपूर्ण अध्ययनों में से एक माना जा रहा है। इस अध्ययन के तहत शोधकर्ताओं ने दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच चेन्नई के अलग-अलग जल स्रोतों से 14 नमूने एकत्र किए। इनमें भूजल, नदियों, नहरों, झील और जल शोधन संयंत्र के विभिन्न चरणों से लिए गए पानी के नमूने शामिल थे।
अध्ययन के तहत लिए गए पानी के नमूनों में आठ प्रकार के PFAS की जांच की गई। ये PFAS थे -
PFHxA
PFPeA
L-PFBS
PFBA
PFOA
PFHpS
L-PFOS
PFHxS
नमूनों के विश्लेषण में भूजल में PFAS की मात्रा 136.27 ng/L तक मिली। अडयार नदी में 59.84ng/L तक, बकिंघम नहर में 60.17 ng/L तक और 33.32 चेंबरमबक्कम झील में ng/L तक पाई गई। कचरे के ढेर के पास घरों के कुओं से लिए गए ग्राउंडवाटर सैंपल में सबसे ज़्यादा लेवल रिकॉर्ड किया गया। साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के अलग-अलग स्टेज पर लिए गए नमूनों की जांच में सभी आठ टारगेटेड PFAS कंपाउंड्स का कंसंट्रेशन, कच्चे पानी की तुलना में ट्रीट किए गए पानी में 5% से 103% ज़्यादा पाया गया।
PFAS हमारे शरीर में कई स्रोतों से प्रवेश कर सकते हैं, जिनमें सबसे प्रमुख पानी खाने की चीजें और हवा है।
अध्ययन में सबसे चिंताजनक पहलू यह सामने आया कि पानी में घुले PFAS रसायनों को हटाने के लिए पारंपरिक शोधन प्रक्रिया पर्याप्त नहीं होती। आमतौर पर माना जाता है कि जल शोधन संयंत्र में पानी के उपचार के बाद पानी पीने के लिए पूरी तरह से उपयुक्त हो जाता है। पर, PFAS से दूषित पानी के मामले में ऐसा नहीं होता। वाटर ट्रीटमेंट के लिए सामान्य तौर पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बाद भी कई नुकसानदायक PFAS पानी में बने रहते हैं। इनमें से कई कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पैदा करने वाले भी होते हैं।
भारत में पेयजल की गुणवत्ता के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का IS 10500:2012 मानक लागू है। इसमें पानी के भौतिक, रासायनिक और सूक्ष्मजीवीय गुणों के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित हैं। लेकिन इसमें PFAS के लिए अलग से स्वीकार्य सीमा निर्धारित नहीं है।
इसी तरह, जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 में भी PFAS को लेकर कोई विशिष्ट नियामकीय व्यवस्था नहीं है हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि PFAS से जुड़े सभी रसायनों पर भारत में कोई नियंत्रण नहीं है। कुछ विशिष्ट PFAS और उनसे संबंधित पदार्थों को अंतरराष्ट्रीय स्टॉकहोम कन्वेंशन के तहत नियंत्रित किया गया है। भारत इस कन्वेंशन का सदस्य है।
इस समझौते के तहत PFOS को 2009 में Annex B में शामिल किया गया था। PFOA को 2019 में Annex A में शामिल किया गया। हालांकि, भारत की ओर से PFOA संबंधी संशोधन को स्वीकार करने की स्थिति और उसके घरेलू क्रियान्वयन की अलग से जांच जरूरी है।
PFAS को लेकर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में अक्टूबर 2025 में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग) विनियम, 2018 में संशोधन के मसौदे में खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली पैकेजिंग सामग्री के निर्माण में PFAS के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध का प्रस्ताव है। हालांकि, यह प्रस्ताव पेयजल के लिए PFAS मानक निर्धारित करने से अलग है, लेकिन उपभोक्ता उत्पादों के जरिये होने वाले संभावित संपर्क को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश होने के बवाजूद भारत में पेयजल में PFAS की मौजूदगी को नियंत्रित करने के मानकों का अभाव है। इसके विपरीत अमेरिका, कनाडा, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश कई साल पहले ही PFAS के लिए स्वीकार्य सीमाएं निर्धारित कर चुके हैं। इन मानकों को देखकर समझा जा सकता है कि विकसित देशों ने पानी में PFAS के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया है। पानी में PFAS को लेकर सबसे ज्यादा सख्ती वाले देशों में निर्धारित मानक कुछ इस प्रकार हैं -
पर्यावरण और सेहत के लिए खतरनाक PFAS जैसे स्थायी रसायनों की पानी में मौजूदगी भविष्य की जल सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। इनका लंबे समय तक पर्यावरण में बने रहना और सामान्य जल शोधन प्रक्रियाओं से पूरी तरह न हट पाना भविष्य की गंभीर चिंता पैदा करता है। ऐसे में भारत जैसे विशाल आबादी वाले देश को PFAS के गंभीर प्रभावों के सामने आने से पहले इसके नियंत्रण और नियमन की दिशा में तैयारी और जरूरी कार्यवाही करने की जरूरत है। इसके लिए बिना देरी किए पेयजल में PFAS की नियमित निगरानी, इन रसायनों के इस्तेमाल पर चरणबद्ध नियंत्रण और सुरक्षित विकल्पों को बढ़ावा देना होगा। साथ ही, देशभर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स को ऐसी तकनीकों से लैस करना होगा, जो इन छिपे हुए जिद्दी प्रदूषकों को प्रभावी ढंग से हटा सकें। सबसे पहली जरूरत इस बात की है कि PFAS के लिए स्पष्ट और वैज्ञानिक मानकों के साथ जवाबदेही की व्यवस्था बने। क्योंकि, भविष्य की जल सुरक्षा पानी के स्रोतों को इन अदृश्य रसायनों से बचा कर ही सुनिश्चित की जा सकती है।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें