

उत्तरांखड की धारा में बहता पानी
फोटो - सचिन गड़कोटी
उत्तराखंड का गढ़वाल क्षेत्र हो या कुमायुं, निचला हिमाचल हो या ऊपरी हिमाचल या फिर पर्वतीय राज्यों का कोई अन्य क्षेत्र, हर जगह जब गर्मियों में नौले और धारें सूखने लगती हैं, तब ग्रामवासी ईश्वर से एक ही प्रार्थना करते हैं - ‘बारिश जल्दी हो‘। बारिश के बाद जब नौले भर जाते हैं, धीमी पड़ी धारें तेज़ हो जाती हैं, तब सामान्यतः यही माना जाता है कि यह बीते मॉनसून की बारिश का पानी है। लेकिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान (NIH) रुड़की और सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (NIO) के वैज्ञानिकों के एक ताजा अध्ययन ने इस धारणा को एक नई वैज्ञानिक दृष्टि दी है।
दरअसल ज़रूरी नहीं है कि पहाड़ों पर जो पानी रिस रहा है वो हाल ही में हुई बारिश या बर्फबारी का हो। वो पानी एक साल, दो साल, पांच साल यहां तक 30 से 40 साल पुराना भी हो सकता है। और अलकनंदा नदी बेसिन के 'टकोली गाड' जलग्रहण क्षेत्र में ऐसा पाया भी गया है। यहां धारों, जिसके बड़े रूप को झरना कहते हैं, से निकलने वाले जल की उम्र लगभग 30 साल पायी गई है। यानी की जो पानी 30 साल पहले बारिश या बर्फबारी में पहाड़ पर गिरा था, वो अब यहां की धारों से निकल रहा है। दरअसल इतने वर्षों तक यह पानी सतह के नीचे मौजूद एक्विफर में एकत्र था।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के डॉ. नीतीश कुमार, प्रो. ए.एस. मौर्य, डॉ. ओम कुमार, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ ओशियोनोग्राफी के डॉ. सत्यब्रत दास, नेश्नल इंस्टिट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के डॉ. एमएस राव और डॉ. सुधीर कुमार की टीम ने धारों में मौजूद पानी के परमाणु फिंगरप्रिंट (आइसोटोप) का अध्ययन किया जिसमें यह सामने आया है कि यहाँ के 41% प्राकृतिक जल स्रोतों (Springs - बड़े झरने व छोटी धारें) से बह रहा पानी आज से 30 साल से भी अधिक पहले जमीन में समाया था।
उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में धाराएं, जो कहीं सूखी हैं, कहीं पानी कम है त कहीं पर्याप्त
सभी फोटो - सचिन गड़कोटी
वैज्ञानिकों ने पानी के आइसोटोप्स की मदद से पानी की उम्र निकाली, वैसे ही जैसे कार्बन डेटिंग के जरिए पेड़ों की उम्र निकाली जाती है।
शोध में पहाड़ की अलग-अलग ऊँचाई पर लिए गए पानी के सैम्पलों की उम्र अलग-अलग पायी गई। उदाहरण के तौर पर 600 से 1200 मीटर की ऊँचाई पर पाया गया पानी कुछ माह से लेकर 5 वर्ष पुराना था। 1000 से 1400 मीटर की ऊँचाई पर धारों का पानी 10 से लेकर 30 साल पुराना था। वहीं 1800 मीटर की ऊँचाई पर पानी 35 साल पुराना था।
ऐसे समय में जब नीति आयोग की रिपोर्ट यह चेतावनी दे रही है कि भारतीय हिमालयी क्षेत्र के लगभग 50% प्राकृतिक जल स्रोत सूख रहे हैं, आईआईटी रुड़की का यह शोध बताता है कि पहाड़ों की प्यास बुझाने वाला भूजल तंत्र कितना गहरा, जटिल और संवेदनशील है।
हिमालयी क्षेत्र में करोड़ों लोगों के जीवन, खेती, जैव विविधता और सांस्कृतिक परंपराओं का आधार ये प्राकृतिक जल स्रोत (नौले और धारें) ही हैं, जो पहाड़ी नदियों को भी बारहमासी प्रवाह देते हैं। पूरे हिमालयी क्षेत्र में यह जल तंत्र 4 करोड़ से अधिक आबादी की जरूरतों को पूरा करता है और गैर-मॉनसून महीनों में जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के लिए भी अनिवार्य है।
हालांकि, हाल के वर्षों में गर्मियों के दौरान इन स्रोतों के सूखने और पानी कम होने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इस संकट की जड़ तक जाने के लिए वैज्ञानिकों ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित टकोली गाड जलग्रहण क्षेत्र को चुना। यह जल ग्रहण क्षेत्र ही अपने आप में इस अध्ययन को खास बनाता है।
अध्ययन से जुड़ी दो महत्वपूर्ण बातें -
अध्ययन क्षेत्र का भूगोल: 143 वर्ग किलोमीटर में फैला यह जलग्रहण क्षेत्र अलकनंदा नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित है, जो 505 मीटर से लेकर 2,496 मीटर की ऊंचाई तक फैला है।
व्यापक सैंपलिंग: वैज्ञानिकों की टीम ने इस क्षेत्र में 155 जल स्रोतों व सरिताओं से 434 स्प्रिंग वाटर सैंपल (प्री-मॉनसून, मॉनसून और सर्दियों के मौसम में) तथा 67 गांवों में लगाए गए 75 रेनगेज स्टेशनों से 392 वर्षा जल के नमूने एकत्र किए।
बाएं- नदी का रूप लेती धारा, निरंतर पानी देता जलस्रोत
फोटो - सचिन गड़कोटी
यह जानने के लिए कि किसी स्प्रिंग में पानी कहाँ से आ रहा है और वह कितने समय से जमीन के भीतर है, वैज्ञानिक पानी के अणुओं में मौजूद स्थिर आइसोटोप तथा रेडियोधर्मी आइसोटोप ट्रिटियम का विश्लेषण करते हैं। ऐसा ही आईआईटी के वैज्ञानिकों ने भी किया। इसमें -
स्थिर आइसोटोप: हर मौसम की बारिश और वाष्पीकरण की प्रक्रिया पानी को एक खास रासायनिक पहचान (फिंगरप्रिंट) देती है। इससे यह पता चलता है कि पानी मॉनसून की बारिश का है या सर्दियों के पश्चिमी विक्षोभ के दौरान बारिश या बर्फबारी का, और जमीन में जाने से पहले उसका कितना वाष्पीकरण हुआ है।
ट्रिटियम डेटिंग: हाइड्रोजन का यह रेडियोधर्मी आइसोटोप भूजल की 'आयु' (कितने समय से पानी रूका था) बताता है। टीम ने 29 चुनिंदा जल स्रोतों में ट्रिटियम की मात्रा मापकर यह पता लगाया कि बारिश का पानी जमीन के भीतर कितने वर्षों तक रुका रहा।
सैटेलाइट और हाइड्रो-मौसमी डेटा: प्रयोगशाला के नतीजों को और पुख्ता करने के लिए वैज्ञानिकों ने GLDAS और NASA Giovanni जैसे रिमोट सेंसिंग मॉडलों से मिट्टी की नमी (0 से 200 सेमी गहराई तक), सतही बहाव और भूजल बेसफ्लो के आंकड़ों का भी विश्लेषण किया।
आइसोटोप मास बैलेंस मॉडल के जरिए वैज्ञानिकों ने पहली बार सटीकता से यह हिसाब लगाया कि टकोली गाड क्षेत्र के जल स्रोतों को साल भर जीवित रखने में किस मौसम की बारिश का कितना हिस्सा है।
अध्ययन के आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि हिमालयी स्रोतों का अस्तित्व पूरी तरह मॉनसून पर निर्भर है:
मॉनसून की बारिश: स्रोतों के कुल जल बजट में 82% योगदान अकेले दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (जून से सितंबर) का है।
सर्दियों की बारिश: पश्चिमी विक्षोभ से होने वाली सर्दियों की बारिश और बर्फबारी का योगदान मात्र 10% है।
मॉनसून-पूर्व (गर्मियों की) बारिश: मार्च से मई के बीच होने वाली बारिश का योगदान केवल 8% ही है।
इसके अलावा, बादलों से नमी बरसने के आकलन में यह भी सामने आया कि इस क्षेत्र में ऊपर उठते बादलों से औसतन 32% नमी बरस जाती है, जो मूसलाधार बारिश की घटनाओं के दौरान 59% तक पहुंच सकती है।
उत्तराखंड में निर्मल धारा से निकलता निर्मल जल
फोटो - सचिन गड़कोटी
इस शोध का सबसे महत्वपूर्ण और दिलचस्प पहलू जल स्रोतों के पानी की उम्र (Residence Time) से जुड़ा है। ट्रिटियम विश्लेषण के आधार पर वैज्ञानिकों ने टकोली गाड क्षेत्र के भूजल को उनकी आयु के हिसाब से छह वर्गों में बांटा है: सबसे नया पानी (1-2 वर्ष), उसके बाद 3-5 वर्ष, 8-10 वर्ष, 16-18 वर्ष, 20-25 वर्ष, और 30 वर्ष से अधिक पुराना पानी।
प्रमुख निष्कर्ष इस प्रकार हैं:
1. 41% स्रोत 30 साल से अधिक पुराने पानी पर टिके हैं: ये स्रोत चट्टानों की गहरी दरारों और घने जंगलों की जड़ों के माध्यम से धीरे-धीरे रिसकर जमा हुए 'गहरे भूजल' से पोषित होते हैं। लंबा भूमिगत सफर तय करने और बड़े भंडारण के कारण ये स्रोत वार्षिक बारिश में उतार-चढ़ाव के प्रति कम संवेदनशील होते हैं और साल भर पानी देते हैं।
2. 17% स्रोत केवल 1-2 साल पुराने पानी पर निर्भर हैं: इनका पुनर्भरण हालिया मॉनसून के 'उथले रिसाव' (Shallow infiltration) से होता है। कम भंडारण क्षमता के कारण सूखे और गर्मियों के मौसम में ये स्रोत सबसे पहले सूखने के खतरे में रहते हैं।
3. ऊंचाई का आयु से सीधा संबंध नहीं: अलग-अलग ऊंचाई पर लिए गए पानी सैम्पल में एक पैटर्न जरूर दिखा लेकिन जल स्रोतों की ऊंचाई और पानी की उम्र के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य ऊंचाई (1000-1500 मीटर) वाले क्षेत्रों में अलग-अलग गहराई के जलभृत आपस में जुड़े हुए हैं, जिससे विभिन्न आयु का पानी आपस में मिलता रहता है। लेकिन हां, ऊंचाई के साथ-साथ पानी का व्यवहार जरूर बदलता है।
गाँव के पानी की आयु जानका चकित रह गए गाँव वाले
इसी शोध टीम का अहम हिस्सा रहे प्रो. ए.एस. मौर्य ने इंडिया वाटर पोर्टल से बातचीत में कहा, "67 गांवों में जहां हमने वर्षामापी स्थापित किए और झरनों की गतिशीलता को समझने के लिए वर्षा और झरने के पानी के नमूने एकत्र किए और निवासियों के साथ बातचीत की वहां समुदायों को इस बात की बहुत मजबू समझ थी कि कौन से झरने बारहमासी हैं और कौन से मौसमी हैं। पीढ़ियों के अनुभव ने उन्हें सिखाया कि कौन से नौले या धारे कठोर सूखे मौसम में जीवित रहेंगे और कौन से रिसकर सूख जाएंगे। जिस चीज ने ग्रामीणों और हमारी टीम को वास्तव में आश्चर्यचकित किया, वह थी पानी की वास्तविक आयु और उनके पैरों के नीचे छिपा भूगोल।"
प्रो. मौर्य ने बताया कि स्थानीय लोगों ने स्वाभाविक रूप से यह मान लिया था कि सर्दियों या गर्मियों में पहाड़ी से बहने वाला झरना कुछ महीने पहले हुई बारिश को छोड़ रहा है। ट्रिटियम डेटिंग और इलेक्ट्रिकल रेसिस्टिविटी टोमोग्राफी सर्वेक्षण के माध्यम से जानना कि आज उनकी जरूरतों को पूरा करने वाला पानी वास्तव में उनके कई बच्चों के जन्म से 30 साल पहले बारिश के रूप में गिरा था, चौंकाने वाला था।"
एक जैसी ऊंचाई (1,000-1,500 मीटर) पर मौजूद दो झरने, ज़मीन के नीचे पानी के बिल्कुल अलग-अलग स्टोरेज का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह, हमारे जियोकेमिकल काम से पता चला कि नॉर्थ अल्मोड़ा थ्रस्ट, जो वाटरशेड को लगभग दो बराबर हिस्सों में बांटता है, एक दिखाई न देने वाले ज़मीन के नीचे के डिवाइडर की तरह काम करता है, जिससे इसके उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में अलग-अलग वॉटर केमिस्ट्री और फ्लो स्पीड बनती है।
प्रो. ए.एस. मौर्य
अध्ययन यह भी बताता है कि पहाड़ों में ऊंचाई बढ़ने और मौसम बदलने के साथ पानी का व्यवहार कैसे बदलता है:
वाष्पीकरण की मार: गर्मियों (प्री-मॉनसून) और शुष्क सर्दियों में कम नमी के कारण स्रोतों के पानी का वाष्पीकरण अधिक होता है। शोध के अनुसार, 1000 से 1500 मीटर की मध्य ऊंचाई पर स्थित स्रोतों में वाष्पीकरण का यह प्रभाव सबसे अधिक देखा गया।
प्रकृति का स्पंज तंत्र: जुलाई से सितंबर के बीच मॉनसून की भारी बारिश मिट्टी की सभी परतों (0 से 200 सेमी गहराई तक) को नमी से लबालब कर देती है। सितंबर में मॉनसून के विदा होने के बावजूद, जमीन के भीतर जमा हुआ यह पानी 'बेसफ्लो' (Baseflow) के रूप में अक्टूबर और पूरी सर्दियों में धीरे-धीरे स्रोतों को भरता रहता है। यही कारण है कि गर्मियों में जब मिट्टी सूखी होती है और बारिश का योगदान मात्र 8% रह जाता है, तब भी गहरे भंडार वाले स्रोत बहते रहते हैं।
उत्तराखंड की तमाम धाराएं गर्मी के मौसम में सूख जाती हैं।
फोटो - सचिन गड़कोटी
इस स्टडी में, 41% झरनों से 30 साल से ज़्यादा पुराना पानी निकलता है, जबकि 17% हाल के 1-2 साल पुराने मानसून के पानी पर निर्भर हैं। टकोली गाड के एक गाँव के लिए प्रैक्टिकल तौर पर, अगर लगातार दो बार मानसून कमज़ोर हो तो क्या होगा?
इस सवाल के जवाब में प्रो. ए.एस. मौर्य ने कहा, "अगर टकोली गाड के किसी गाँव में लगातार दो बार मानसून कमज़ोर हो, तो हाल के (1-2 साल पुराने) पानी से भरे 17% झरने सबसे पहले सूखेंगे। क्योंकि ये झरने कम गहराई तक पानी भरने और तेज़ सतही बहाव पर निर्भर हैं, इसलिए मानसून के दौरान जो भी बारिश होती है, वह जल्दी निकल जाती है, जिससे मानसून से पहले के गर्मियों के महीनों (मार्च-मई) के लिए बहुत कम पानी बचता है।"
प्रो. मौर्य ने इस अध्ययन के दौरान किए गए फील्डवर्क का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी टीम ने जिन 155 झरनों पर अध्ययन किया, उनमें से लगभग 30 प्री-मानसून सीज़न तक सूख चुके थे। इसके उलट, 30 साल से ज़्यादा पुराने पानी छोड़ने वाले 41% झरने गहरे, अच्छी तरह से भरे हुए पानी के स्टोरेज की तरह काम करते हैं। क्योंकि यह बारिश का पानी दशकों तक जंगल की जड़ों और चट्टानों की मुश्किल दरारों से धीरे-धीरे रिसता है, इसलिए एक या दो खराब मॉनसून उन्हें तुरंत नहीं सुखाएगा।
उन्हारेंने आगे कहा, "इस प्रकार की जलधाराएं बड़े अंडरग्राउंड स्टोरेज और मजबूत बेसफ्लो के कारण जीवित रहते हैं, जिससे वे साल भर के लिए बहुत मज़बूत लाइफलाइन बन जाते हैं। हालांकि, मज़बूत का मतलब यह नहीं है कि वे कभी नहीं सूख सकते। अगर एक दशक से ज़्यादा समय तक कमज़ोर मॉनसून या जंगलों की कटाई जारी रही, तो गहरे पानी के स्टोरेज को फिर से भरना बंद हो जाएंगे, और ऐसे में सदियों पुराने झरने भी आखिरकार कम होने लगेंगे।"
बीते कुछ दशकों में हिमालयी क्षेत्रों में लगातार, लंबे समय तक बारिश के बजाय कम समय के लिए, ज़्यादा तेज़ बादल फटने जैसी बारिश हो रही है। बारिश की तेज़ी में यह बदलाव मिट्टी के इनफिल्ट्रेशन पर भी असर डालता है। इस पर प्रो. मौर्य ने बताया कि जब लगातार, लंबे समय तक मानसून की बारिश किसी जंगली ढलान पर होती है, तो मिट्टी स्पंज की तरह काम करती है, और धीरे-धीरे गहरी परतों (1-2 मीटर और उससे भी नीचे) से पानी सोखकर उन 30 साल पुराने एक्वीफर्स को पानी देती है। लेकिन, बादल फटने जैसी छोटी और तेज़ बारिश ज़मीन पर उससे ज़्यादा तेज़ी से गिरती है जितनी वह सोख सकती है।
उन्होंने बताया कि चूंकि कैचमेंट की मिट्टी काफ़ी उथली होती है, इसलिए तेज़ बारिश तेज़ी से ऊपरी परत को भिगो देती है और उसकी इनफ़िल्ट्रेशन कैपेसिटी से ज़्यादा हो जाती है। टूटी हुई या बिना टूटी हुई चट्टानों में गहराई तक रिसने के बजाय, ज़्यादा पानी खड़ी ढलानों से ज़मीन के ऊपर बहने लगता है, जिससे अचानक बाढ़ आती है और नीचे की तरफ मिट्टी का कटाव होता है, जबकि गहरे एक्वीफ़र्स में पानी नहीं भरता।
प्रो. मौर्य के अनुसार आईआईटी की इस स्टडी के दौरान आइसोटोप मेज़रमेंट ने इन तेज़ तूफ़ानों के एटमोस्फेरिक फ़िंगरप्रिंट को भी कैप्चर किया, जो ढलानों पर बादलों से असामान्य रूप से ज़्यादा नमी (रेनआउट) दिखाते हैं। वे कहते हैं कि अगर मॉनसून लगातार बारिश से हमेशा के लिए तेज़ बारिश में बदल जाता है, तो कुल सालाना बारिश कागज़ पर नॉर्मल लग सकती है, फिर भी हमारे गहरे झरने असल में भूखे रह जाएंगे।
इन्हीं धाराओं से पूरी होती है आम लोगों की जरूरतें
फोटो - सचिन गड़कोटी
आईआईटी रुड़की का यह अध्ययन हिमालयी जल संरक्षण (Springshed Management) की योजनाओं के लिए एक स्पष्ट वैज्ञानिक रोडमैप प्रदान करता है। इस अध्ययन में दो अहम सुझाव दिए गए हैं:
30 साल से अधिक पुराने भूजल भंडार तभी बनते हैं जब घने जंगलों की जड़ें और स्वस्थ मिट्टी बारिश के पानी को धीरे-धीरे गहराई में रिसने दें। यदि इन रिचार्ज क्षेत्रों में वनों का क्षरण या अनियंत्रित निर्माण जारी रहा, तो तीन दशक पुराने इस प्राकृतिक जल बैंक का संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसा होने पर पर्वतीय राज्यों में पीने के पानी का संकट गहरा सकता है।
चूंकि 82% पुनर्भरण मॉनसून पर टिका है, इसलिए जलवायु परिवर्तन के कारण मॉनसून के पैटर्न में होने वाला कोई भी बड़ा बदलाव पहाड़ों की जल सुरक्षा और नदियों के प्रवाह को सीधे प्रभावित कर सकता है। ऐसे में पहाड़ों पर होने वाली हर गतिविधि में इससे पैदा होने वाले जोखिमों को संज्ञान में लेना चाहिए।
इस स्टडी से पता चलता है कि इनमें से 41% झरने गहरे इनफिल्ट्रेशन रास्तों से बने रहते हैं, जहां पानी मुश्किल चट्टानों की दरारों और जंगल की जड़ों के नेटवर्क से होकर निकलने से पहले लंबी दूरी तय करता है। कई मामलों में, गाँव के झरने (17% कम गहराई से पानी लेने वाले) को पानी देने वाला असली "कैचमेंट" या इनटेक एरिया सिर्फ़ टोंटी के ठीक पीछे कुछ मीटर नहीं होता - यह पहाड़ से सैकड़ों मीटर ऊपर एक जंगली रिज भी हो सकता है। हमारे कैचमेंट में झरनों की औसत रिचार्ज ऊंचाई उनकी अपनी जगहों से लगभग 218 m ऊपर होती है, जिसकी वैल्यू कम से कम 28 m से ज़्यादा से ज़्यादा 740 m तक होती है। झरने के ठीक ऊपर कम गहराई वाले गड्ढे खोदने से मौसमी झरनों को मदद मिल सकती है जो लोकल बारिश पर जल्दी रिस्पॉन्स देते हैं।
गहरे बसे बारहमासी झरनों के लिए, असरदार झरने को जीवितर खने या फिर से ज़िंदा करने के लिए पहले असली हाइड्रोजियोलॉजिकल रिचार्ज ज़ोन की मैपिंग करनी होगी। इसमें आइसोटोप, लोकल जियोलॉजी और फ्रैक्चर मैपिंग का इस्तेमाल करके - और पहाड़ियों पर घने ओक और मिक्स्ड ब्रॉडलीफ जंगलों को बचाना होगा। ऐसे क्षेत्र जहां जंगलों का स्वास्थ्य अच्छा है, ग्रीन कवर भरपूर है और मिट्टी सही सलामत है वही बड़े झरनों को बचा सकते हैं। यही नहीं हे जंगल आस-पास के गाँवों में क्षेत्रीय स्तर पर मौजूद गहरे जलभृतों की ज़रूरत को भी पूरा करते हैं।
कुल मिला कर हिमालयी राज्यों में किसी भी परियोजना को मंजूरी देते समय सरकार को जंगलों के संरक्षण को सुनिश्चित करना होगा, अन्यथा आने वाले समय में छोटी स्प्रिंग्स की तरह बड़े झरने भी समाप्त हो जाएंगे।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें