

आंख, नेत्रभित्ति और सर्पिल वर्षा पट्टियों से मिल कर कुछ इस तरह तैयार होती है चक्रवात की संरचना।
फोटो : IMD
बीते दिनों देश में अर्नब, मुरासु से मची तबाही के बाद अब ‘अकवान’ चक्रवात ने दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है। रिपोर्ट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना यह चक्रवाती तूफान तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात अकवान कल सुबह या शाम तक और भी तीव्र होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। इस चक्रवात के इतना प्रचंड होने की वजह इसके ‘साइक्लोन डोम’ को बताया जा रहा है, जो तटीय इलाकों में 120 से 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं से तबाही मचा सकता है। इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से आधिकारिक सलाह का पालन करने और सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।
इस चक्रवात का दायरा केवल दक्षिण भारत या तटीय इलाकों तक ही सीमित नहीं रहेगा। बल्कि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 से 72 घंटे में यह उत्तर भारत तक पहुंच सकता है। यूपी में पूर्वांचल की ओर से इसके दाखिल होने की संभवना जताई गई है। हालांकि उत्तर भारत में पहुंचने तक इसकी ताकत और हवाओं की तीव्रता काफी हद तक कम हो जाएगी।
मौसम विभाग ने बुधवार की सुबह चक्रवात का रुख पश्चिम से होकर उत्तर की ओर होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके उत्तर प्रदेश में 48 से 72 घंटों की ओर सक्रिय होने का अनुमान जताया जा रहा है। चक्रवात पूर्वांचल के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हो सकता है। इससे पूर्वांचल में तापमान में तेज गिरावट से जाड़े की गलन बढ़ने का अनुमान है। तूफान के उत्तर भारत में पहुंचने से पहले पूर्वांचल में बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.1°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। इसके साथ ही आर्द्रता न्यूनतम 69% और अधिकतम 81% दर्ज की गई। अकवान के पहुंचने के बाद पूरे इलाके में ठंड तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
अकवान का निर्माण बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बने कम दबाव के क्षेत्र से हुआ। यह मौसमी प्रणाली धीरे-धीरे संगठित होकर पहले अवदाब (Depression) और फिर गहरे अवदाब (Deep Depression) में बदली। 16 नवंबर 2026 को शाम 5:30 बजे यह और अधिक शक्तिशाली होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसके बाद भारतीय मौसम विभाग ने इसकी पहचान 'अकवान' के रूप में की।
18 नवंबर को जारी IMD के बुलेटिन के अनुसार, अकवान दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) बन चुका था। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। मौसम विभाग ने इसके 20 नवंबर को दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तट को पार करने का अनुमान जताया है। उस समय इसकी अधिकतम निरंतर हवाओं की रफ्तार 90-110 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान था। इससे पहले इसके अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन 18 नवंबर के नए बुलेटिन में इसकी संभावित तीव्रता घटाई गई।
अकवान नाम ईरान ने दिया है। फारसी साहित्य और पौराणिक कथाओं में भी अकवान का उल्लेख मिलता है। यह फिरदौसी के प्रसिद्ध महाकाव्य शाहनामा के अकवान-ए-दीव नामक पात्र से जुड़ा है। हालांकि, आधिकारिक चक्रवात नामकरण सूची में इस नाम का कोई विशिष्ट अंग्रेजी अर्थ नहीं दिया गया है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले चक्रवातों के नामकरण के लिए विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और संयुक्त राष्ट्र के एशिया एवं प्रशांत क्षेत्रीय आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (UNESCAP) के तहत एक क्षेत्रीय व्यवस्था काम करती है। इसके लिए 13 देशों ने मिलकर चक्रवातों के नामों की सूची तैयार की है। इनमें भारत, बांग्लादेश, ईरान, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं। अप्रैल 2020 में इस व्यवस्था के तहत 169 नामों की नई सूची स्वीकार की गई थी। इसमें हर देश ने 13 नाम दिए हैं। नामों का इस्तेमाल सूची में निर्धारित क्रम से किया जाता है। इसीलिए अकवान से पहले बांग्लादेश का दिया अर्नब और भारत का दिया मुरासु नाम चक्रवातों को दिया गया था। अकवान ईरान की ओर से सूची में दिया गया नाम है। चक्रवातों के नामकरण की व्यवस्था और प्रक्रिया के बारे में विसतार से जानने के लिए आप हमारा लेख क्या होता है चक्रवात (Cyclone) कैसे बनते हैं और कैसे रखे जाते हैं इनके नाम? पढ़ सकते हैं।
चक्रवातों का निर्माण मुख्य रूप से गर्म समुद्री जल के ऊपर होता है। समुद्र की सतह का तापमान लगभग 26.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना इसके विकास के लिए अनुकूल माना जाता है। गर्म समुद्र से बड़ी मात्रा में पानी वाष्पित होकर वायुमंडल में पहुंचता है। गर्म और नम हवा ऊपर उठती है, जिससे समुद्र की सतह के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने लगता है। आसपास के क्षेत्रों से हवा इस कम दबाव वाले हिस्से की ओर आने लगती है।
ऊपर उठती हवा ठंडी होकर संघनित होती है और बादलों का निर्माण करती है। इस प्रक्रिया में गुप्त ऊष्मा (Latent Heat) निकलती है, जो वायुमंडल को ऊर्जा देती है। इससे हवा का ऊपर उठना और तेज होता है तथा सतह पर दबाव और कम होने लगता है। परिणामस्वरूप आसपास की हवा और तेजी से केंद्र की ओर आने लगती है। पृथ्वी के घूर्णन के कारण कोरिऑलिस प्रभाव (Coriolis Effect) इस हवा को घुमावदार गति देता है। उत्तरी गोलार्ध में यह घुमाव वामावर्त (Anti-clockwise) होता है, जबकि दक्षिणी गोलार्ध में दक्षिणावर्त (Clockwise) होता है।
हालांकि, केवल गर्म समुद्र चक्रवात बनाने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसके लिए वायुमंडल में पर्याप्त नमी, पहले से मौजूद कम दबाव या वायुमंडलीय विक्षोभ, कोरिऑलिस प्रभाव और ऊंचाई के साथ हवा की गति तथा दिशा में बहुत अधिक अंतर न होना यानी कम ऊर्ध्वाधर पवन कतरन (Vertical Wind Shear) भी जरूरी है। इन अनुकूल परिस्थितियों में कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे शक्तिशाली चक्रवात में बदल सकता है। चक्रवातों की उत्पत्ति के बारे में विस्तार से जानने के लिए आप हमारा लेख क्यों आते हैं चक्रवात? पढ़ सकते हैं।
समुद्र के ऊपर बनते चक्रवात का निर्माण कुछ इस तरह से होता है।
फोटो : विकी कॉमंस
भारत के पूर्वी तट पर स्थित बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) उष्णकटिबंधीय चक्रवातों (Tropical cyclones) के निर्माण और तीव्र होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराती है। इसकी एक बड़ी वजह समुद्र की सतह का अपेक्षाकृत गर्म रहना है। गर्म पानी से वाष्पीकरण अधिक होता है और वायुमंडल को पर्याप्त नमी मिलती है। इसके अलावा खाड़ी के आसपास की भौगोलिक स्थिति और समुद्री जल धाराएं भी यहां के तापमान और मौसम को प्रभावित करती हैं।
बंगाल की खाड़ी का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू इसका उत्तर की ओर संकरा होता जाना है। यहां बनने वाले चक्रवात जब उत्तर या उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हैं तो तटीय क्षेत्रों की ओर उनका प्रभाव बढ़ सकता है। खाड़ी के उत्तरी हिस्से की उथली समुद्री बनावट और तटरेखा का आकार भी चक्रवात के साथ आने वाली समुद्री लहरों यानी तूफानी ज्वार (Storm Surge) के प्रभाव को बढ़ा सकता है। हालांकि, तूफानी ज्वार की ऊंचाई चक्रवात की तीव्रता, उसके आकार, आगे बढ़ने की गति, समुद्र की गहराई और तट की बनावट जैसे कई कारकों पर निर्भर करती है।
अरब सागर की तुलना में बंगाल की खाड़ी में ऐतिहासिक रूप से अधिक उष्णकटिबंधीय चक्रवात बने हैं। इसका अर्थ यह नहीं है कि अरब सागर में चक्रवात कम खतरनाक होते हैं। अरब सागर में भी समुद्र के गर्म होने और अनुकूल वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण शक्तिशाली चक्रवात बन सकते हैं।
एक शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय चक्रवात की संरचना को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में समझा जा सकता है। ये हैं आंख (Eye), नेत्रभित्ति (Eyewall) और सर्पिल वर्षा पट्टियां (Spiral Rainbands)। इन तीनों की अपनी अलग-अलग भूमिका होती है। अमेरिकी संस्थान National Oceanic and Atmospheric Administration यानी NOAA के पोर्टल पर दी गई जानकारी के अनुसार चक्रवात की संरचना कुछ इस प्रकार होती है-
आंख (Eye) चक्रवात का केंद्रीय हिस्सा होता है। यह अपेक्षाकृत शांत क्षेत्र होता है, जहां हवा की गति आसपास के हिस्सों की तुलना में काफी कम होती है। यहां हवा ऊपर से नीचे की ओर उतरती है, जिससे बादलों का निर्माण कम हो जाता है। इसलिए कई शक्तिशाली चक्रवातों के केंद्र में साफ आसमान भी दिखाई दे सकता है। आंख का आकार अलग-अलग चक्रवातों में अलग होता है।
नेत्रभित्ति (Eyewall) आंख को चारों ओर से घेरने वाली ऊंचे और घने तूफानी बादलों की दीवार जैसी संरचना होती है। चक्रवात की सबसे तेज हवाएं और भारी बारिश सामान्यतः इसी हिस्से में होती हैं। चक्रवात की तीव्रता में बदलाव के साथ नेत्रभित्ति की संरचना भी बदल सकती है।
लहरदार वर्षा पट्टियां (Spiral Rainbands) चक्रवात के केंद्र से बाहर की ओर फैली घुमावदार बादलों और बारिश की पट्टियां होती हैं। इनमें तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाएं चल सकती हैं। ये पट्टियां चक्रवात के बाहरी हिस्सों में भी खराब मौसम पैदा कर सकती हैं।
अकवान चक्रवात के संबंध में जिस 'साइक्लोन डोम' (Cyclone Dome) का उल्लेख हो रहा है उसके लिए मौसम विज्ञान की मानक वैज्ञानिक शब्दावली में Central Dense Overcast या CDO कहा जाता है। तूफानी ज्वार (Storm Surge) के कारण चक्रवातों में इस गुंबद जैसी आकृति का बनना एक महत्वपूर्ण घटना होती है। इसमें चक्रवात के केंद्र के आसपास कम वायुदाब और तेज हवाओं के कारण समुद्र का जलस्तर सामान्य से ऊपर उठ जाता है। तेज हवाएं समुद्र के पानी को तट की ओर धकेलती हैं। जब यह पानी तटीय इलाकों में पहुंचता है तो समुद्र का स्तर अस्थायी रूप से बढ़ जाता है और निचले तटीय क्षेत्रों में समुद्री पानी भर सकता है। इसे समुद्र के पानी के एक बड़े उभार या गुंबद जैसी स्थिति के रूप में समझा जा सकता है, लेकिन, इसका अर्थ यह नहीं है कि चक्रवात के भीतर भौतिक रूप से किसी गुंबद 'साइक्लोन डोम' का ढांचा बनता है। इस नाम को इस्तेमाल किए जाने का कारण यह है कि उपग्रह से देखने पर चक्रवात के केंद्र के ऊपर सफेद गुंबद या छतरी जैसी आकृति बनाता दिखाई देता है। इसे वैज्ञानिक भाषा में सेंट्रल डेंस ओवरकास्ट (Central Dense Overcast यानी CDO) कहते हैं। यह चक्रवात के भीतर बनने वाली सबसे महत्वपूर्ण बादली संरचनाओं में से एक है। इसका निर्माण मुख्य रूप से चक्रवात की नेत्रभित्ति (Eyewall) और सर्पिल वर्षा पट्टियों (Spiral Rainbands) में सक्रिय गरज-चमक वाले बादलों से होता है।
इसकी प्रक्रिया समुद्र से उठने वाली गर्म और नम हवा से शुरू होती है। चक्रवात के केंद्र की ओर आने वाली यह हवा ऊपर उठती है और ठंडी होकर संघनित होती है। इससे ऊंचे कपासी-वर्षी बादल (Cumulonimbus Clouds) बनते हैं। इन बादलों के शीर्ष पर मौजूद बर्फ के सूक्ष्म कण और सिरस बादल (Cirrus Clouds) ऊपरी वायुमंडल में फैलने लगते हैं। चक्रवात के ऊपरी हिस्से में हवा बाहर की ओर निकलती है, जिसे अपर लेवल आउटफ्लो कहते हैं। इस प्रक्रिया से बादलों का विस्तृत और घना आवरण बनता जाता है। जब यह आवरण चक्रवात के केंद्र के आसपास लगभग गोलाकार रूप ले लेता है तो उपग्रह तस्वीरों में यह गुंबद जैसी संरचना दिखाई देता है।
भारत में हीटवेव, कोल्डवेव, सूखा और चक्रवात अब न्यू नॉर्मल बनता जा रहा है। बीते तीन दशकों में 436 मौसम संबंधी चरम आपदाएं आईं। Germanwatch की Climate Risk Index 2027 (CRI 2027) रिपोर्ट में 1998 में गुजरात और 1999 में ओडिशा के साथ-साथ 2014 के हुदहुद और अम्फान का जिक्र भी किया गया है। साथ ही इन चक्रवातों में हुईं मौतों व आर्थिक नुकसान को आपदाओं की वजह से हुए विश्व के बड़े नुकसानों में गिना गया है। रिर्पोर्ट में कहा गया है कि भारत अपनी 11,098,81 किमी लंबी तटीय रेखा (इसमें 7,870.51 किलोमीटर मेनलैंड यानी मुख्य भूमि की तटरेखा और 3,228.30 किलोमीटर द्वीप क्षेत्रों की तटरेखा शामिल है।) के कारण चक्रवात के प्रति जोखिम व उससे होने वाले नुकसान के प्रति बहुत संवेदनशील है। बता दें कि जलवायु जोखिम सूचकांक 2027 में भारत 10वें स्थान पर रहा है।
बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवातों का असर केवल तटीय क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहता। इनके कारण देश के आंतरिक हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। चक्रवात से जुड़ी नमी और वायुमंडलीय परिसंचरण के कारण कई राज्यों में बारिश, बादल और तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।
हालांकि, अकवान के मामले में उत्तर भारत में इसके सीधे पहुंचने की संभावना नहीं है। इसका संभावित रास्ता आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्र हैं। उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के लिए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance), उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं, बादलों की स्थिति और स्थानीय मौसम प्रणालियां अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
चक्रवात के कारण उत्तर भारत के मौसम पर अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ सकता है, लेकिन इससे ठंड अचानक बढ़ने का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। इसके लिए मौसम विभाग के तापमान और हवा संबंधी पूर्वानुमानों को देखना जरूरी है।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें