'बिहार का शोक' कही जाने वाली कोसी नदी की बिगड़ैल बाढ़ को बांधने की तैयारी!

सुपौल में ₹108 करोड़ से तैयार हाइड्रोलिक फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का 15 दिसंबर को होगा उद्घाटन, देश में अपनी तरह का दूसरा सेंटर होगा
बारसात के दिनों में कोसी नदी विकराल रूप धारण कर बिहार के एक बड़े हिस्‍से में सैलाब लाती है।

बारसात के दिनों में कोसी नदी विकराल रूप धारण कर बिहार के एक बड़े हिस्‍से में सैलाब लाती है।

फोटो : शरत

Published on:
9 min read

'बिहार का शोक' कही जाने वाली कोसी की बिगड़ैल बाढ़ को नियंत्रित करना लंबे समय से इंजीनियरों और जल वैज्ञानिकों के लिए बड़ी चुनौती रहा है। नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलकर बिहार के मैदानी इलाकों में प्रवेश करने वाली यह नदी अपनी धारा बदलने, भारी मात्रा में गाद लाने और भीषण कटाव से तटबंधों को तोड़ने के लिए जानी जाती है। अब इस चुनौती से निपटने के लिए बिहार के सुपौल जिले के वीरपुर में एक अत्याधुनिक फिजिकल मॉडलिंग सेंटर तैयार किया गया है। करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से बने इस केंद्र का उद्घाटन 15 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।

पुणे के खड़कवासला में 1916 में स्‍थापित देश के पहले फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के बाद इसे देश का दूसरा ऐसा केंद्र बताया जा रहा है। इसका उद्देश्य कोसी समेत दूसरी नदियों के व्यवहार को प्रयोगशाला के माहौल में समझना और बाढ़, कटाव तथा गाद जमाव की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान तलाशना है।

फिजिकल मॉडलिंग सेंटर क्या है और कैसे काम करता है?

फिजिकल मॉडलिंग सेंटर को आसान भाषा में नदी की एक छोटी प्रयोगशाला कहा जा सकता है। यहां किसी नदी, बैराज, बांध, पुल या तटबंध की हूबहू छोटी प्रतिकृति तैयार की जाती है। इसे हाइड्रोलिक फिजिकल मॉडलिंग (Hydraulic Physical Modelling) कहते हैं। इसमें नियंत्रित परिस्थितियों में पानी बहाकर यह अध्ययन किया जाता है कि वास्तविक नदी में इन स्थितियों में पानी का व्यवहार कैसा हो सकता है। मसलन, किसी नदी में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ जाए, बैराज के कुछ गेट खोल दिए जाएं या नदी के तल में बड़ी मात्रा में गाद जमा हो जाए तो पानी किस दिशा में जाएगा? उसकी गति कहां बढ़ेगी? किस स्थान पर कटाव का खतरा पैदा होगा? तटबंध के किस हिस्से पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ेगा? इन सवालों का जवाब वास्तविक नदी में प्रयोग करके खोजना जोखिम भरा और महंगा हो सकता है। इसलिए नदी का छोटा मॉडल तैयार करके प्रयोगशाला में इन परिस्थितियों को दोहराया जाता है।

इसमें पानी की गति, दबाव, गहराई, बहाव की दिशा, गाद के जमाव और कटाव जैसी स्थितियों का अध्ययन किया जाता है। इसके आधार पर इंजीनियर यह तय कर सकते हैं कि नदी के किनारे स्पर (Spur), तटबंध, गाइड बांध या दूसरी सुरक्षा संरचनाएं कहां और किस डिजाइन में बनाई जानी चाहिए। भारत सरकार के केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र (CWPRS), पुणे के अनुसार फिजिकल मॉडलिंग का इस्तेमाल नदी प्रशिक्षण, तट संरक्षण, बैराज और पुलों के डिजाइन तथा बाढ़ सुरक्षा उपायों के वैज्ञानिक परीक्षण में किया जाता है।

फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के कुछ महत्वपूर्ण तथ्य

फिजिकल मॉडलिंग सेंटर क्या काम करेगा?

सुपौल के वीरपुर में बने इस केंद्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां कोसी नदी और कोसी बैराज के अलग-अलग भौतिक मॉडल तैयार किए गए हैं। इनके जरिए नदी के प्रवाह, गाद जमाव, कटाव और बैराज के संचालन से संबंधित समस्याओं पर प्रयोग किए जा सकेंगे। इसका परिसर करीब 20 एकड़ में फैला है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां दो प्रमुख मॉडल तैयार किए जा रहे हैं -

1. कोसी नदी का मॉडल : इसमें कोसी नदी के करीब 160 किलोमीटर लंबे हिस्से की भौगोलिक और नदी संबंधी विशेषताओं को छोटे प्रतिरूप में दिखाया जाएगा। इसके लिए 1:500 का क्षैतिज स्केल अपनाया गया है। यानी वास्तविक नदी की 500 मीटर की दूरी मॉडल में एक मीटर के बराबर होगी। इसमें नदी के मोड़, सहायक नदियां, पुल, बैराज, स्पर और तटबंध जैसी संरचनाओं को शामिल किया जाएगा।

इस मॉडल के जरिए यह समझने की कोशिश होगी कि नदी अलग-अलग स्थानों पर किस तरह बहती है, कहां पानी का दबाव बढ़ता है, किस हिस्से में गाद जमा होती है और किन स्थानों पर कटाव की आशंका अधिक है।

2. कोसी बैराज का मॉडल: बैराज के लिए 1:80 के अनुपात में मॉडल तैयार किया गया है। इसके जरिए बैराज के अलग-अलग फाटकों के संचालन, पानी के दबाव, बहाव और गाद के जमाव का अध्ययन किया जा सकेगा। प्रयोगों के आधार पर यह पता लगाया जा सकेगा कि किस परिस्थिति में कितने गेट खोलना बेहतर होगा और पानी के प्रवाह को किस तरह व्यवस्थित किया जाए। इस केंद्र में हाइड्रोलिक लैब, आईटी लैब और मॉडल तैयार करने से जुड़ी दूसरी तकनीकी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

Also Read
बूढ़ी गंडक की बदली कहानी: कभी रोज़गार का सहारा, अब बीमारी और बेबसी की वजह

बारसात के दिनों में कोसी नदी विकराल रूप धारण कर बिहार के एक बड़े हिस्‍से में सैलाब लाती है।

कोसी की बाढ़ को कैसे नियंत्रित करेगा यह केंद्र ?

बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए कोसी की बाढ़ के पीछे काम करने वाली तीन प्रमुख समस्याओं को समझना जरूरी है-

1. नदी में गाद का जमाव : कोसी अपने साथ बड़ी मात्रा में हिमालय से मिट्टी, बालू और गाद लेकर आती है। इसके नदी तल में जमा होने से पानी की गहराई और बहाव की परिस्थितियां बदलती रहती हैं। कई जगह नदी का तल आसपास के मैदानी इलाकों की तुलना में ऊंचा हो जाता है। इससे तटबंधों पर दबाव बढ़ता है और नदी का रास्ता बदलने का खतरा पैदा होता है।

2. नदी की धारा में बदलाव : कोसी एक बहुधारा नदी है। इसके प्रवाह की दिशा और मुख्य धारा समय के साथ बदलती रही है। नदी के किसी एक हिस्से में गाद जमा होने से पानी दूसरी दिशा में मुड़ सकता है। इससे तटबंधों और आसपास की बस्तियों पर खतरा बढ़ जाता है।

3. तटबंधों और स्परों का कटना : तेज बहाव के कारण नदी तटबंधों और स्परों के आसपास कटाव करती है। ऐसे में अगर किसी कमजोर स्थान पर तटबंध टूट जाए, तो एक बड़े इलाके में बाढ़ आ सकती है।

सुपौल का फिजिकल मॉडलिंग सेंटर इन तीनों समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक प्रयोगों का आधार तैयार करेगा। मॉडल में पानी के साथ गाद के व्यवहार का अध्ययन करके यह पता लगाया जा सकेगा कि कहां अधिक सिल्टेशन हो रहा है और इसका बहाव पर क्या असर पड़ रहा है। इसके आधार पर गाद प्रबंधन और नदी के प्रवाह को बेहतर बनाने के उपाय सुझाए जा सकेंगे।

इस मॉडल में परीक्षणों के जरिये अलग-अलग स्थानों पर स्पर, गाइड बांध, तट संरक्षण और दूसरी संरचनाओं पर पानी के प्रवाह के असर को समझा जा सकेगा। इससे यह तय करने में मदद मिलेगी कि कौन-सा उपाय किस स्थान पर अधिक कारगर होगा। इसके लिए कोसी बैराज के मॉडल में अलग-अलग फाटकों को खोलने और बंद करने की परिस्थितियों का परीक्षण किया जाएगा।  मॉडल से यह समझने में मदद मिलेगी कि बाढ़ के दौरान नदी का पानी किन स्थानों पर तटबंधों को अधिक प्रभावित कर सकता है। इसके आधार पर कमजोर हिस्सों को मजबूत करने और समय रहते बचाव कार्यों की योजना बनाई जा सकती है।

इस तरह यह केंद्र कोसी की बाढ़ को सीधे रोकने वाला कोई बांध या बैराज नहीं है, बल्कि बाढ़ और कटाव का जोखिम कम करने के लिए बेहतर इंजीनियरिंग समाधान तैयार करने वाली वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में काम करेगा।

कोसी नदी में जब पानी बढ़ता है, तो वह तटबंधों को भी पार कर जाती है या अपने प्रबल प्रवाह से उन्‍हें तोड़ देती है।

कोसी नदी में जब पानी बढ़ता है, तो वह तटबंधों को भी पार कर जाती है या अपने प्रबल प्रवाह से उन्‍हें तोड़ देती है।

फोटो : शरत

देश का पहला मॉडलिंग सेंटर कहां है और उसके काम

सुपौल के वीरपुर में तैयार केंद्र को देश का दूसरा फिजिकल मॉडलिंग सेंटर बताया जा रहा है। इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे के पास खड़गवासला में केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र यानी सेंट्रल वाटर एंड पावर रिसर्च स्टेशन (CWPRS) में इस तरह की सुविधा उपलब्ध है। इसकी स्थापना 1916 में की गई थी। वर्तमान में यह भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अधीन कार्य कर रहा है। पुणे स्थित CWPRS में केवल एक नदी का मॉडल नहीं है। वहां कोसी, यमुना और फरक्का बैराज के भौतिक मॉडल भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र नदी पर डिब्रूगढ़ की बाढ़ सुरक्षा के लिए भी संस्थान ने मॉडलिंग अध्ययन किया है। इसके प्रमुख कार्यों में  नदी इंजीनियरिंग, बैराज और पुलों का हाइड्रोलिक अध्ययन, तट संरक्षण, बाढ़ सुरक्षा, गाद प्रबंधन और जल संसाधन परियोजनाओं के डिजाइन का परीक्षण करना शामिल है। यह संस्थान केवल एक नदी के अध्ययन तक सीमित नहीं है। यहां देश की विभिन्न नदियों और जल संसाधन परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर शोध किया जाता है।

CWPRS की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संस्थान ने बिहार की कोसी नदी के चैनल उपयोग और नदी प्रशिक्षण से संबंधित हाइड्रोलिक मॉडल अध्ययन किए हैं। यहां कोसी नदी का 1:500 क्षैतिज और 1:70 ऊर्ध्वाधर स्केल वाला भौतिक मॉडल भी तैयार किया गया है। इसके अलावा गंगा नदी में भागलपुर के पास तट संरक्षण और कोसी के पूर्वी तटबंध तथा स्परों के संरक्षण से संबंधित अध्ययन भी संस्थान के कार्यों में शामिल हैं।

कोसी नदी को 'बिहार का शोक' क्यों कहा जाता है?

कोसी नदी का उद्गम नेपाल और तिब्बत के हिमालयी क्षेत्र में होता है। इसकी सात प्रमुख हिमालयी धाराओं के कारण इसे ‘सप्त कोसी’ भी कहा जाता है। ये धाराएं हैं -

1. सुनकोसी

2. अरुण

3. तमोर

4. दूधकोसी

5. लिखु

6. तामाकोसी

7. इंद्रावती

इन सातों धाराओं के संगम से नेपाल में सप्तकोसी नदी प्रणाली बनती है। नेपाल में इन धाराओं के मिलने के बाद यह नदी बिहार के सुपौल जिले के पास मैदानी क्षेत्र में प्रवेश करती है और आगे चलकर गंगा में मिल जाती है। कोसी की कुल लंबाई लगभग 720 किलोमीटर मानी जाती है और इसका जलग्रहण क्षेत्र नेपाल, तिब्बत और भारत में फैला है।

कोसी का सबसे बड़ा संकट है उसका अस्थिर मिजाज और बदलता मार्ग है। यह अपने साथ भारी मात्रा में गाद, बालू और दूसरे अवसाद लेकर आती है। हिमालय से मैदानी क्षेत्र में पहुंचने के बाद नदी की ढाल कम हो जाती है। इससे पानी की गति और मार्ग में बदलाव आता है और इसके साथ लाई गई गाद नदी तल तथा आसपास के क्षेत्र में जमा होने लगती है।

कोसी की कई धाराएं हैं। गाद जमने और नदी तल में बदलाव के कारण एक धारा कमजोर पड़ सकती है और दूसरी अधिक सक्रिय हो सकती है। इस प्रक्रिया को नदी का मार्ग परिवर्तन या एवॉल्यूशन (Avulsion) कहा जाता है।

कोसी के इतिहास में नदी का पश्चिम की ओर खिसकना एक महत्वपूर्ण भौगोलिक घटना रही है। कोसी के इस मिजाज के बारे में Bihar Kosi Flood Recovery Project बुकलेट में दी गई जानकारी के मुताबिक पिछले 200 वर्षों में इसके मुख्य प्रवाह में करीब 100-120 किलोमीटर तक पश्चिम की ओर बदलाव दर्ज किया गया है। यही कारण है कि इसके आसपास के इलाकों में बाढ़ और कटाव का खतरा लगातार बना रहता है।

Also Read
भागलपुर में डिजिटल मैपिंग से होगी गंगा के तटबंधों सुधारने की कोशिश

बारसात के दिनों में कोसी नदी विकराल रूप धारण कर बिहार के एक बड़े हिस्‍से में सैलाब लाती है।

2008 की बाढ़ में कोसी ने बदल लिया रास्ता

कोसी के इतिहास में 18 अगस्त 2008 की घटना सबसे भयावह बाढ़ त्रासदियों में गिनी जाती है। नेपाल के कुसहा गांव के पास कोसी के पूर्वी तटबंध में करीब 12.9 किलोमीटर के स्थान पर दरार आई। इसके बाद नदी अपने प्रवाह मार्ग से हटकर पूर्वी दिशा में पुराने परित्यक्त रास्तों की ओर बहने लगी।

इस घटना ने सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया और कटिहार सहित उत्तर बिहार के कई जिलों को प्रभावित किया। लाखों लोग विस्थापित हुए और बड़े पैमाने पर कृषि भूमि, सड़कें, मकान और दूसरी आधारभूत संरचनाएं प्रभावित हुईं। राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (NRSC) के बिहार फ्लड हैजार्ड एटलस और बिहार सरकार के बाढ़ प्रबंधन संबंधी दस्तावेजों में इस घटना का विस्तृत उल्लेख है। इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया कि केवल तटबंध बनाकर कोसी जैसी उग्र और बदलते मार्ग वाली नदी को नियंत्रित करना पर्याप्त नहीं है। नदी के तल में गाद का जमाव, प्रवाह में बदलाव और तटबंधों की नियमित निगरानी को एक साथ समझना जरूरी है। इसके मद्देनज़र ही बिहार सरकार ने 2008 की त्रासदी के बाद विश्व बैंक की सहायता से बिहार कोसी फ्लड रिकवरी प्रोजेक्ट शुरू किया। इसके तहत बाढ़ प्रबंधन, तटबंधों की निगरानी, नदी संबंधी आंकड़ों के संग्रह और पूर्वानुमान की व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए गए।

क्या मॉडलिंग सेंटर से बाढ़ की चेतावनी मिल सकेगी?

नए मॉडलिंग सेंटर के बनने से कोसी में बाढ़ की संभावना की चेतावनी बेहतर ढंग से मिल सकेगी। हालांकि बिहार में पहले से ही कोसी फ्लड फोरकास्टिंग एंड अर्ली वार्निंग सिस्टम (Kosi-FFEWS) संचालित है। इसे बिहार सरकार के बाढ़ प्रबंधन सुधार सहायता केंद्र (FMISC) ने विकसित किया था। यह गणितीय मॉडल और मौसम संबंधी पूर्वानुमानों के आधार पर कोसी तथा उसकी तीन सहायक नदियों के 17 स्थानों पर जलस्तर और डिस्चार्ज का 72 घंटे पहले तक पूर्वानुमान उपलब्ध कराता है। नए फिजिकल मॉडलिंग सेंटर से मिलने वाले प्रयोगात्मक निष्कर्षों को गणितीय मॉडल और मौजूदा पूर्वानुमान व्यवस्था के साथ जोड़ने से भविष्य में पूर्वानुमान और बाढ़ प्रबंधन की क्षमता बेहतर हो सकती है। इसका एक और बड़ा फायदा यह होगा कि कोसी से संबंधित भौतिक मॉडलिंग के लिए हर बार पुणे स्थित CWPRS पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी। स्थानीय स्तर पर शोध और प्रयोग होने से समय तथा लागत दोनों की बचत हो सकती है।

दूसरी नदियों के लिए भी उपयोगी होगा केंद्र

सुपौल के वीरपुर में तैयार फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का महत्व केवल कोसी नदी तक सीमित नहीं है। इसके जरिए बिहार और पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी भारत की दूसरी नदियों से जुड़ी समस्याओं पर भी अध्ययन किया जा सकेगा। बिहार में गंडक, महानंदा, बागमती, कमला बलान और बूढ़ी गंडक जैसी नदियां भी हर साल बाढ़ और कटाव की समस्या पैदा करती हैं। इन नदियों के प्रवाह, गाद जमाव और तटबंधों की स्थिति का वैज्ञानिक अध्ययन बाढ़ प्रबंधन की योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।

इस केंद्र की एक महत्वपूर्ण भूमिका नदी से जुड़ी परियोजनाओं के निर्माण से पहले उनके डिजाइन का परीक्षण करना भी होगी। मिसाल के तौर पर अगर किसी नदी पर पुल या बैराज बनाना हो, नया स्पर तैयार करना हो अथवा किसी संवेदनशील स्थान पर तटबंध को मजबूत करना हो, तो पहले उसके संभावित प्रभाव का अध्ययन मॉडल पर किया जा सकता है। इससे गलत डिजाइन के कारण होने वाली भविष्य की समस्याओं और सरकारी धन की बर्बादी को कम करने में मदद मिल सकती है।

Also Read
फल्गु नदी को सदानीरा बनाने के लिए 3500 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट तैयार, बिहार सरकार ने केंद्र को भेजा DPR

बारसात के दिनों में कोसी नदी विकराल रूप धारण कर बिहार के एक बड़े हिस्‍से में सैलाब लाती है।

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें