पुस्तकें

नदी

Author : कुमार सरोज

नदी की तरह सोचो
तो सुंदर लगती है नदी
पास जाओ तो तुम्हारा नाम लेकर
पुकारती है नदी

जल का स्पर्श करो
तो तुरंत बजे मृदंग-सी कांपती है नदी-
सपने में आए तो
थरथराती लहरों-सी अद्विग्न-
महसूस करो तो आत्मा में
निरंतर बहती-सी लगती है नदी

कितने तो रूप हैं उसके
कितने तो नाम
पहाड़ को छूकर आए तो
पहाड़ी धुन और ऊपर झुके हों
बांस के झुरमुट
तो कभी-कभी
बांसुरी-सी बजती है नदी
किंतु यहां-जहां मैं हूं
काले हीरे की खरीद-फरोख्त में
व्यस्त बाजार के बीच
चार बाल्टी पानी में
चार बोरी कोयले का चूर्ण घोलती है नदी

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

SCROLL FOR NEXT