एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप

 
नौकरियां और अवसर

SBI फाउंडेशन ने 'यूथ फॉर इंडिया' फेलोशिप 2026, गॉंवों की तकदीर बदलने का मौका

शहरी क्षेत्रों के युवाओं को गॉंवों को करीब से देखने व समझने का यह सुनहरना मौका है। एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप में शामिल होने वाले युवाओं को न केवल ग्रामीण भारत से जुड़ने का मौका मिलता है बल्कि साथ में उनके लिए भविष्‍य में कई क्षेत्रों में अवसर प्राप्त होते हैं। दरअसल यह फेलोशिप शहरों की चमक छोड़, गॉंवों की तकदीर बदलने का मौका देती है।

Author : इंडिया वाटर पोर्टल

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समूह की सीएसआर शाखा, SBI फाउंडेशन ने अपने प्रमुख कार्यक्रम 'SBI यूथ फॉर इंडिया' (YFI) फेलोशिप के 14वें बैच के लिए पंजीकरण शुरू करने की घोषणा की है। यह 13 महीने का एक बेहतरीन फेलोशिप प्रोग्राम है, जो शहरी युवाओं को ग्रामीण भारत की वास्तविकताओं से जुड़ने, वहां की समस्याओं को समझने और उनके स्थायी समाधान खोजने का अवसर प्रदान करता है।

युवाओं के लिए 'विकसित भारत' की ओर एक कदम

यह फेलोशिप उन युवाओं के लिए है जो सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं या इस दिशा में करियर बना रहे हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं। Viksit Bharat@2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए, यह फेलोशिप कार्यक्रम युवाओं को चैरिटी के बजाय सहयोग और जमीनी स्तर पर जुड़ाव के माध्यम से ग्रामीण-शहरी अंतर को खत्म करने के लिए प्रेरित करता है।

SBI फाउंडेशन के एमडी और सीईओ, स्वपन धर ने इस फेलोशिप की घोषणा करते हुए कहा, "यह फेलोशिप ऐसे 'चेंजमेकर्स' तैयार करती है जो 12 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करते हुए न केवल ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाते हैं, बल्कि स्वयं में नेतृत्व क्षमता का विकास भी करते हैं। हमारे 70% से अधिक पूर्व छात्र अब सामाजिक क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं, जो हमारी सफलता का प्रमाण है।"

कौन कर सकता है आवेदन?

इस फेलोशिप में किसी भी विषय से स्नातक छात्र या प्रोफेशनल्स आवेदन कर सकते हैं। इसमें न्यूनतम अर्हता स्नातक है। यह फेलोशिप भारत के नागरिकों के अलावा, ओसीआई (OCI) कार्ड धारकों, और नेपाल व भूटान के नागरिकों के लिए भी है। SBI कर्मचारी: बैंक के पुष्ट अधिकारी (Scale I/II) भी इसके लिए पात्र हैं।

आयु सीमा: 21 से 32 वर्ष के बीच।

फेलोशिप की मुख्य विशेषताएं

13 महीने का अनुभव : यह केवल एक ट्रेनिंग नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के साथ जीने और काम करने का अनुभव है।

नेटवर्क बिल्डिंग : 15 प्रतिष्ठित एनजीओ पार्टनर्स के साथ मिलकर देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 250 से अधिक गांवों में काम करने का मौका।

12 विषयगत क्षेत्र (Thematic Areas): स्वास्थ्य, ग्रामीण आजीविका, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, जल प्रबंधन, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, स्वशासन, सामाजिक उद्यमिता, पारंपरिक शिल्प और वैकल्पिक ऊर्जा।

पूर्व में फेलोशिप में भाग ले चुके छात्रों का कार्य

पिछले 14 वर्षों में, 700 से अधिक पूर्व छात्रों ने लाखों जिंदगियों को प्रभावित किया है।

गौतम कुमार (2018 बैच): इन्होंने मध्य प्रदेश के निवाली क्लस्टर में 4 सूक्ष्म-वनों (Micro-Forests) से शुरुआत की थी, जो 2025 तक 3 राज्यों में 1,800 से अधिक सूक्ष्म-वनों में बदल चुके हैं।

शशांक सिंह (2016 बैच): राजस्थान के तिलोनिया में वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) शुरू किया। 2025 तक इनके प्रयासों से 1,000 से अधिक परिवारों को साल भर पानी मिल रहा है, जिससे गर्मियों में ट्यूबवेल सूखने की समस्या खत्म हो गई है।

फेलोशिप के बाद का भविष्य

SBI YFI फेलोशिप युवाओं को समस्या सुलझाने, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और नेतृत्व के कौशल से लैस करती है। कार्यक्रम पूरा करने के बाद, लगभग 70% फेलो ग्रामीण विकास, सार्वजनिक नीति, प्रशासन और सामाजिक उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में अपना करियर बना रहे हैं। कई फेलो ने अपने खुद के 50 से अधिक सामाजिक उपक्रम भी शुरू किए हैं।

यदि आप भी भारत के गांवों की तकदीर बदलने और खुद के व्यक्तित्व को निखारने का जज्बा रखते हैं, तो SBI Youth for India Fellowship आपके लिए एक बेहतरीन मंच है।

आवेदन करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें - SBI Youth for India Fellowship

SCROLL FOR NEXT