नदी और तालाब

शहरी कचरे और कोयले की कालिख में गुम हो गईं धनबाद की दो नदियां – कतरी और खुदिया

कभी बाढ़ लाने वाली कतरी और खुदिया नदियां आज अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही हैं। 49 वर्षों में इन दोनों नदी तंत्रों की 60% से अधिक जलधाराएं खत्म हो चुकी हैं। अवैध खनन, ओवरबर्डन डंपिंग, अतिक्रमण और नदी के बेसिन पर अतिक्रमण की वजह से इन नदियों का प्राकृतिक जल तंत्र कमजोर हो गया है। इसका असर धनबाद के भूजल, खेती और भविष्य की जल सुरक्षा पर दिखाई देने लगा है।

Author : सत्यम कुमार झा

1995 में झारखंड की कतरी नदी में इतना पानी था कि बारिश के दौरान आस-पास के इलाके जलमग्न हो गए थे। इसी राज्य में 1974 में खुदिया नदी में कुल 1,893 जलधाराएं मिलती थीं, जो आज घटकर सिर्फ 455 रह गईं। ये वो नदियां हैं जो कभी कोयलांचल की प्यास बुझाती थीं, खेतों को सींचती थीं, इनके घाटों पर झठ के गीत गूंजते थे और स्वच्छ जलधारा कल-कल बहती थी, वहां अब कोयले की काली गाद, प्लास्टिक का अंबार और शहर के नालों की दुर्गंध पसरी हुई है। विकास की अंधी दौड़ और खनन के बोझ तले दबी ये दोनों नदियां अब नदी कम और एक विशाल 'गंदा नाला' ज्यादा नजर आती हैं।

कतरी और खुदिया की बिगड़ती हालत एक बड़े संकट की ओर इशारा करती है। इन नदियों में पानी का घटता प्रवाह, प्रदूषण और नदी तंत्र पर बढ़ता दबाव केवल इनके किनारे बसे लोगों को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे जलग्रहण क्षेत्र पर असर डाल सकता है।

आखिर कतरी और खुदिया नदियों के साथ क्या हो रहा है? इनकी बदहाली धनबाद के पूरे नदी बेसिन और जल सुरक्षा के बारे में क्या बताती है? यह कहानी इन्हीं सवालों के जरिए समझने की कोशिश करती है कि जब छोटी नदियां कमजोर पड़ती हैं, तो उसका असर पूरे जल तंत्र पर कैसे फैलता है।

कतरी नदी (बाएं) जहाँ पानी की जगह जमीन दीखता है वही खुदिया (दाएं) नदी अब नाले की तरह प्रतीत होता है।

कतरी और खुदिया के बारे में

दामोदर नदी को पानी की आपूर्ति करने वाली धनबाद की कतरी और खुदिया नदी दोनों झरिया-रानीगंज कोलफील्ड क्षेत्र से जुड़ी दामोदर की सहायक नदियां हैं।

  • कतरी - पारसनाथ की पहाड़ियों से निकलती है। तोपचांची के जंगलों से निकलने वाला नासियो नाला भी इसमें पानी पहुंचाता है। यह नदी आगे चलकर दामोदर में मिलती है।

  • खुदिया - नदी का उद्गम तोपचांची के जंगलों में स्थित बेहिचिया पहाड़ी से होता है। यह आगे जाकर बराकर में मिलती है, और बराकर आगे दामोदर से मिल जाती है।

दामोदर पश्चिम बंगाल में कोलकाता से करीब 50 किलोमीटर नीचे हुगली में गिरती है। हुगली गंगा की वितरिका है, जो फरक्का के पास गंगा से अलग होकर सीधे समुद्र में जाती है। यानी दोनों नदियों का पानी दामोदर के रास्ते हुगली तक पहुंचता है। दामोदर सीधे गंगा की सहायक नहीं है, लेकिन गंगा के डेल्टा-तंत्र से जुड़ी है।

कतरी और खुदिया - दोनों नदियां बड़े संकट की एक जीवंत और नज़दीकी मिसाल हैं और दामोदर के जरिए यह संकट आगे चलकर हुगली तक भी पहुंचता है।

कतरी: पारसनाथ की पहाड़ियों से निकली नदी अब पतली धारा में सिमट गई है।

30 वर्षों में नदी से पतली धारा में बदल गई कतरी

कतरी नदी झारखंड के गिरिडीह और धनबाद जिले की सीमा पर स्थित पारसनाथ की पहाड़ियों से निकलती है। यह झरिया-रानीगंज कोलफील्ड क्षेत्र से होकर बहती हुई झारखंड के धनबाद जिले में मुनीडीह के पास दामोदर नदी से मिलती है।

यह नदी धनबाद शहर, लोयाबाद, बलियापुर और आसपास के कई गांवों से होकर गुजरती है, और परंपरागत रूप से इन इलाकों के लिए सिंचाई, घरेलू उपयोग और भूजल पुनर्भरण का एक अहम स्रोत रही है। लेकिन आज यह सिमट कर एक पतली धारा में बदल गई है।

1995 में कतरी में आयी थी भयावह बाढ़

कतरी नदी में कभी पानी की प्रचुरता को इस बात से समझा जा सकता है कि 1995 में धनबाद के गजलीटांड़ माइंस में आई कतरी नदी की बाढ़ ने 64 मजदूरों को जल समाधि दे दी थी। वह कतरी नदी, जो कभी अपने उफान से बेहद खतरनाक हो जाती थी, आज खुद अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। कभी करीब 150 फीट चौड़ी बहने वाली यह नदी अब जगह-जगह सिकुड़ चुकी है।

कतरासगढ़ के रहने वाले राहुल कुमार बताते हैं कि कतरी नदी आज जैसी दिखाई देती है, पहले ऐसी नहीं थी। उनके मुताबिक, कभी यह नदी साल के अधिकांश समय पानी से भरी रहती थी और इसकी धारा कहीं अधिक चौड़ी थी। लेकिन धीरे-धीरे नदी सिकुड़ती गई। अब स्थिति यह है कि नदी की धाराएं दो हिस्सों में बंटकर बहती हैं और उनके बीच की जमीन एक मैदान की तरह उभर आई है।

राहुल बताते हैं कि पहले स्थानीय लोग खेती से लेकर घरेलू जरूरतों तक के लिए इसके के पानी का इस्‍तेमाल करते थे। लेकिन, समय के साथ नदी का स्वरूप इतना बदल गया कि अब यह नदी कम और किसी नाले जैसी अधिक दिखाई देती है।

कतरास के राहुल कुमार कतरी के किनारे। छठ पर घाटों पर पानी पाइप से पहुंचाना पड़ता है।

कतरी नदी का धार्मिक महत्व

कतरी नदी के धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए वह कहते हैं कि लिलोरी स्थान (यह मां लिलौरी का मंदिर है, जो कतरास राजघराने की कुलदेवी हैं और कतरी नदी के किनारे बसा है।) से लेकर छठ पूजा तक, स्थानीय लोगों की आस्था इस नदी से गहराई से जुड़ी रही है। वर्षों से लोग इसी नदी में छठ पूजा करते आए हैं। लेकिन अब नदी की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके मूल स्वरूप को बनाए रखना भी मुश्किल है।

राहुल के मुताबिक, नदी को छोटे-छोटे तीन हिस्सों में बांटकर पक्कीकरण कर दिया गया है, ताकि इन हिस्सों में पानी को रोका जा सके और धार्मिक आयोजनों के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सके। लेकिन गर्मी या कम बारिश होने पर इन हिस्सों का पानी भी सूख जाता है। ऐसे में छठ पूजा के लिए बीसीसीएल (कोलियरी) की ओर से पाइप के जरिए नदी के इन हिस्सों में पानी डाला जाता है, ताकि घाटों पर पूजा हो सके।

आज नदी की हालत देखकर कोई यह नहीं कहेगा कि कभी यहां इतनी बड़ी नदी बहती थी, राहुल दुख जताते हुए कहते हैं।

कतरी पर पाइप डालकर बना पुल-नुमा रास्ता। नदी की धारा सिर्फ पाइपों से होकर गुजरती है।

खुदिया में कम हुआ पानी, जो है वो भी पीने लायक नहीं

कतरी की ही तरह दामोदर की सहायक नदी खुदिया का उद्गम पारसनाथ पहाड़ी की तलहटी से होता है। यह टुंडी के आदिवासी बहुल क्षेत्र से होते हुए नीचे गोविंदपुर की ओर उतरती है। बराकर नदी की यह सहायक नदी करीब 43-44 किलोमीटर लंबी है और उसी नियति से गुजर रही है जो कतरी की है। कभी यह नदी बड़ी आबादी की जीवनरेखा थी। Economic Survey 2016-2017 (पेज - 134) में 85.15 करोड़ रुपये की योजना से कुल 3,951 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बहाल करने का लक्ष्य रखा गया था। आज उसी जगह नदी की धारा इतनी पतली रह गई है कि मॉनसून के पीक सीज़न में भी उसे एक बड़े नाले से ज्यादा कुछ नहीं समझा जा सकता।

खुदिया नदी का चट्टानी तल अब थोड़े पानी तक सीमित।

दाहिबाड़ी कुमार बस्ती के रहने वाले बादल सिंह बताते हैं कि अब बरसात के मौसम में भी खुदिया नदी में पानी की स्थिति पहले जैसी नहीं होती है। नदी के पानी की गुणवत्ता को लेकर भी वे चिंता जताते हैं। उनके अनुसार अब खुदिया नदी का पानी सीधे पीने लायक नहीं रह गया है। स्थानीय लोग नदी का पानी पहले छानते हैं और फिर उबालकर पीते हैं, तभी उसका इस्तेमाल करते हैं।

बादल सिंह बताते हैं कि 2001 के आसपास इलाके में खनन शुरू होने के बाद से नदी और पानी की स्थिति धीरे-धीरे खराब होती गई। उनका कहना है कि खनन शुरू होने से पहले नदी में मछलियां और दूसरे जलीय जीव बड़ी संख्या में दिखाई देते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। पहले नदी में मछली और दूसरे जलीय जीव रहते थे, लेकिन अब सब खत्म हो गए हैं।

सरकार इस नदी की देखभाल नहीं करती। उनका कहना है कि इलाके में सरकार ने कई साल पहले पाइपलाइन तो बिछा दी, लेकिन अब तक उसमें पानी नहीं आया है। उनका कहना है कि इस इलाके की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि बोरिंग कराने के बावजूद पानी नहीं निकलता, इसलिए आसपास के लोगों की निर्भरता काफी हद तक नदी पर ही है।

पाइपलाइन बिछी, पानी नहीं आया: दाहिबाड़ी कुमार बस्ती के रहने वाले ग्रामीण आज भी नदी के भरोसे।

गोविंदपुर के रहने वाले काजल मंडल बताते हैं कि पहले खुदिया नदी के कारण खेती अच्छी हो जाती थी, लेकिन अब खेती पर आफत है। बरवाअड्डा से निरसा तक हार्डकोक भट्ठे, उद्योग, सड़कें और बढ़ती आबादी के दबाव के कारण अब नदी कम और नाला ज्यादा प्रतीत होती है। वह बताते हैं कि पहले इस नदी में साफ पानी रहता था, जिसे लोग रोजमर्रा के काम में भी उपयोग करते थे, लेकिन अब नदी ढूंढने से भी नहीं मिलती।

यह विडंबना ही है कि जो नदी कभी बाढ़ के रूप में जानलेवा साबित हुई थी, वह आज इतनी सिकुड़ चुकी है कि उसे नदी कहना भी मुश्किल हो गया है, और जो नदी कभी हजारों हेक्टेयर खेत सींचती थी, वह आज कहीं-कहीं महज़ एक नाले जैसी दिखती है।

नदी सिर्फ एक धारा नहीं, एक पूरा तंत्र है

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पर्यावरण वैज्ञानिक प्रो. अंशुमाली, जो नदियों पर शोध कर रहे हैं, इस बात पर जोर देते हैं कि किसी भी नदी को केवल उसके मुख्य प्रवाह से नहीं पहचाना जाता। उसकी पहली, दूसरी और तीसरी श्रेणी की सहायक जलधाराएं मिलकर पूरे वाटरशेड (जलग्रहण क्षेत्र) को जीवित रखती हैं। यही धाराएं बारिश का पानी इकट्ठा करती हैं, उसे छोटी-छोटी जोरियों और नालों के जरिए मुख्य नदी तक पहुंचाती हैं। आज कतरी और खुदिया नदी की हालत ऐसी हो गई है कि इसे नदी कहना भी कठिन है, इसके प्राकृतिक स्वरूप लगभग समाप्त हो चुके हैं।

खुदिया नदी में 85.15 करोड़ रुपये की योजना से कुल 3,951 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बहाल करने का लक्ष्य रखा गया था।

49 साल में आधी से ज्यादा जल धाराएं गायब

आईआईटी-आईएसएम की लेबोरेटरी ऑफ बायोजियोकेमिस्ट्री के प्रो. अंशुमाली, डॉ. राहुल कुमार पांडेय, गोविंद कुमार, नरेंद्र प्रसाद, अमित कुमार, संजय गोगोई रोजा एलिज़ा और संचित कुमार द्वारा किए गए अध्ययन में कतरी नदी के 1974 और 2023 के आंकड़ों की तुलना की गई है। यह तुलनात्‍मक अध्‍ययन नदी की बिगड़ती सेहत की बेहद गंभीर तस्वीर पेश करता है।

1974 में कतरी नदी तंत्र में कुल 205 जलधाराएं (streams) थीं, जो 2023 में घटकर सिर्फ 76 रह गईं यानी 129 जलधाराएं समाप्त हो गईं। यह करीब 62.9 प्रतिशत की भारी कमी है। इसी तरह नदी की कुल लंबाई (Lu) 1974 में 262 किलोमीटर थी, जो 2023 में घटकर 174.65 किलोमीटर रह गई यानी 87.35 किलोमीटर जलधारा खत्म हो गई, जो लगभग 33.3 प्रतिशत की बड़ी गिरावट को दर्शाता है।

ड्रेनेज डेंसिटी यानी जल निकासी घनत्व भी 0.83 से घटकर 0.55 हो गई। यानी इसमें भी करीब 33.3 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई। ड्रेनेज डेंसिटी में यह गिरावट साफ संकेत देती है कि नदी का प्राकृतिक जल प्रवाह और जल संग्रहण क्षमता लगातार कमजोर होती जा रही है। इन आंकड़ों के आधार पर अध्ययन ने कतरी वाटरशेड को “एंडेंजर्ड (Endangered)” श्रेणी में रखा है।

कतरी नदी को छोटे-छोटे तीन हिस्सों में बांटकर पक्कीकरण कर दिया गया है

आंकड़ों में खुदिया: कतरी से भी तेज़ हुआ क्षरण

1974 (संदर्भ वर्ष) में खुदिया नदी तंत्र में कुल 1,893 जलधाराएं थीं, जो 2023 (वर्तमान वर्ष) में घटकर सिर्फ 455 रह गईं यानी 1,438 जलधाराएं समाप्त हो गईं। यह करीब 75.96 प्रतिशत (लगभग 76 प्रतिशत) की भारी कमी को दर्शाता है। यह गिरावट कतरी नदी (62.9 प्रतिशत) से भी कहीं ज्यादा गंभीर है यानी खुदिया में सौ में से करीब 76 धाराएं पिछले पचास वर्षों में नक्शे से पूरी तरह मिट चुकी हैं।

श्रेणीवार आंकड़ों में भी यह गिरावट साफ दिखती है। अध्ययन के मुताबिक खुदिया वाटरशेड की पहली से लेकर छठी श्रेणी तक की जलधाराओं में 66.7 से 100 प्रतिशत तक की कमी दर्ज हुई, जबकि कुल लंबाई (Lu) और ड्रेनेज डेंसिटी (Dd) में करीब 55 प्रतिशत तक की गिरावट आई यानी नदी का कुल धारा-जाल जितना पचास साल पहले फैला हुआ था, उसका आधे से ज्यादा हिस्सा अब खत्म हो चुका है। यह प्रतिशत कतरी में दर्ज हुई लंबाई और ड्रेनेज डेंसिटी की गिरावट (33.3 प्रतिशत) से भी काफी अधिक है, जो साफ दिखाता है कि खुदिया का क्षरण कतरी से कहीं ज्यादा तेज़ और हाल के वर्षों में हुआ है। इन आंकड़ों के आधार पर अध्ययन ने खुदिया वाटरशेड को भी “वल्नरेबल से एंडेंजर्ड (Vulnerable to Endangered)” श्रेणी के बीच रखा है।

कतरी नदी में बीसीसीएल (कोलियरी) की ओर से पाइप के जरिए नदी के इन हिस्सों में पानी डाला जाता है, ताकि घाटों पर पूजा हो सके।

कतरी से पहले हुआ खुदिया का विघटन

प्रो. अंशुमाली बताते हैं, कतरी का जो विघटन हो रहा है, वो खुदिया में बहुत पहले से ही हो चुका है। खुदिया, जो आज से 50 वर्ष पहले बहुत स्वस्थ और सुंदर थी, उसकी सभी शाखाएं उस वक्त मौजूद थीं, उसके वाटरशेड क्षेत्रफल के अनुसार जितनी धाराएं और जितनी लंबाई होनी चाहिए थी, वह सब वहां थी। पिछले 50 वर्षों में जो विघटन हुआ, वो बहुत ऊपरी स्तर से, बहुत तीव्र गति से हुआ है, इसलिए खुदिया में अंतर ज्यादा दिखता है और कतरी में कम, क्योंकि कतरी पहले से ही बहुत ज्यादा डिस्टर्ब्ड वाटरशेड रही है। नदी का उद्गम और संगम स्थल, दोनों बहुत परिपक्व रूप से संरक्षित थे। लेकिन आज दोनों की स्थिति खराब है।

बदलती जमीन, सिकुड़ती नदी : LULC में क्या बदला

अध्ययन में शामिल सभी सात वाटरशेड (जिनमें कतरी और खुदिया भी शामिल हैं) में भूमि उपयोग और भू-आवरण (Land Use and Land Cover - LULC) के पैटर्न में बड़ा बदलाव दर्ज हुआ है।

भूमि उपयोग और भू-आवरण पैमानापहलेअब
कृषि क्षेत्र16.82%82.82%
निर्मित क्षेत्र (बस्तियां, उद्योग, सड़कें, कॉलोनी)9.79%390.40%
बंजर भूमि76.82%20.75%
वनस्पति31.40%15.97%
जलाशय क्षेत्र69.29%43.79%

अध्ययन के मुताबिक कृषि क्षेत्र में 16.82 से 82.46 प्रतिशत और निर्मित क्षेत्र (बस्तियां, सड़कें, उद्योग) में 9.79 से 390.40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं बंजर भूमि, वनस्पति और जलाशयों वाले क्षेत्र में क्रमशः 20.75–76.82 प्रतिशत, 15.97–31.40 प्रतिशत और 43.79–69.29 प्रतिशत की कमी आई है।

घाट की सीढ़ियां तो हैं, पर नदी का पानी घाट तक नहीं पहुंचता।

कतरी और खुदिया के मामले में यह बदलाव सीधे तौर पर कोयला खनन, हार्डकोक भट्ठों और बढ़ती बस्तियों के कारण हुआ है यही वह प्रक्रिया है जो चौड़ी बहने वाली नदियों को धीरे-धीरे नालों में बदल रही है।

दोनों नदियों के संकट की वजहें अलग-अलग

कतरी और खुदिया, दोनों नदियों का क्षरण एक जैसे आंकड़ों में झलकता है, लेकिन इसके पीछे की प्रक्रिया थोड़ी अलग है।

कतरीखुदिया
नदी के क्षरण की समस्या सीधे तौर पर सक्रिय खनन गतिविधियों, आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा ओबी डंपिंग और नदी के भीतर अस्थायी निर्माण (जैसे सीमेंट पाइप वाला पुल) से जुड़ी दिखती है यानी यह एक जारी, वर्तमान संकट है। खुदिया के क्षरण का कारण उद्गम क्षेत्र में आदिवासियों द्वारा कृषि का बढ़ता दायरा, मध्य क्षेत्र में हार्डकोक भट्ठे और बस्ती विस्तार, और निचले क्षेत्र (गोविंदपुर, बरवाअड्डा-निरसा) में उद्योग व कोयला खनन हैं।

हालांकि क्षरण की वजहें अलग-अलग होने पर भी दोनों नदियों की बर्बादी की तस्वीर कमोबेश एक सी है –

  • दोनों ही नदियां कभी चौड़ी, सशक्त धारा के रूप में बहती थीं, अब जगह-जगह सिकुड़कर, टूटकर, एक कमजोर, अनियमित प्रवाह में बदल चुकी हैं।

  • दोनों ही नदियों में नदी की सहायक धाराओं जोरियों, नालों, छोटी शाखाओं का लुप्त होना मुख्य धारा के कमजोर पड़ने का बड़ा संकट साफ दिखाई देता है।

कतरी और खुदिया दोनों बर्बादी के चलते एक ही नतीजे पर पहुंच गई हैं - ऐसा जल तंत्र जो अपनी सहायक धाराओं को खोकर, धीरे-धीरे नदी से नाले में बदल गया है।

खुदिया नदी के किनारे कपड़े धोते लोग 

बारिश उतनी ही, पर एक्विफर रिचार्ज घटा, बढ़ी फ्लैश फ्लड की मार

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रो. अंशुमाली कहते हैं, “एक और बात ध्‍यान देने वाली है कि हमने छोटी नदियों का विस्तार सिकोड़ दिया है, इसका सीधा परिणाम यह है कि हम फ्लैश फ्लड से जूझ रहे हैं। रेनफॉल उतना ही हो रहा है जितना 50 साल पहले होता था। यह थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है, लेकिन वाटरशेड एरिया की रेनवाटर हार्वेस्टिंग क्षमता बहुत तेज़ी से घट गई है।”

प्रो. अंशुमाली ने आगे बताया कि बारिश हो तो रही है, लेकिन उसे कैप्चर करने के लिए, चैनलाइज़ करने के लिए धाराएं ही नहीं बचीं, तो वह पानी एक्विफर को रिचार्ज नहीं कर पा रहा इसीलिए फ्लैश फ्लड आ जाते हैं, और इससे बहुत सारे कामकाज प्रभावित होते हैं, बहुत आर्थिक नुकसान होता है।

भूजल और शहरी जल सुरक्षा का सवाल

धनबाद में भूजल को समझने के लिए एक झलक केंद्रीय भूजल बोर्ड (CGWB) के आंकड़ों पर –

  • धनबाद में भूजल दोहन दर करीब 73.24% है। यह पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा है। झारंखड राज्य के सभी जिलों को देखें तो भूजल दोहन का औसत करीब 31% है।

  • बलियापुर ब्लॉक में यह दर 110% से ऊपर पहुंच चुकी है। यानी जिस जमीन की छोटी नदियां सबसे ज्यादा टूटी हैं, वहीं भूजल का सबसे ज्यादा दोहन भी हो रहा है। यानी दोनों नदियां लूज़िंग रिवर बन रही हैं।

गैनिंग रिवर (Gaining River): ऐसी नदी जिसमें आसपास की जमीन और भूजल से पानी रिसकर आता है। यानी नदी भूजल को प्राप्त करती है, जिससे उसका प्रवाह बना रहता है। लूजिंग रिवर (Losing River): ऐसी नदी जिसका पानी नदी तल से रिसकर आसपास की जमीन और एक्वीफर (जलभृत) में चला जाता है। यानी नदी भूजल को पानी देती है और उसका जलस्तर या प्रवाह घट जाता है।
जब कोई नदी अपनी सहायक धाराएं खोती है, तो बारिश का पानी जमीन में उतनी गहराई तक नहीं उतर पाता, जितना पहले उतरता था यानी नदी का सूखना सीधे शहर के भूजल-भंडार को भी कमजोर करता है। धनबाद जैसे शहर, जो अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भूजल पर ही टिके हैं, उनके लिए यह सिर्फ दो नदियों के सिकुड़ने की कहानी नहीं यह पूरे शहर की जल सुरक्षा का सवाल बन जाता है – प्रो अंशुमाली बताते हैं।
प्रो अंशुमाली, आईआईटी-आईएसएम धनबाद

800 करोड़ का STP, लेकिन नदी में पानी ही नहीं

दामोदर बचाओ आंदोलन के जिला समन्वयक अरुण कुमार रॉय इस संकट को एक बड़ी तस्वीर से जोड़ते हैं। उनके अनुसार, कतरी नदी दामोदर नदी में मिलती है, जो झारखंड की प्रमुख नदी है। छोटी-छोटी नदियों से ही दामोदर का आकार बड़ा होता है। अगर यह नदियां खत्म हो गईं, तो दामोदर नदी का भी अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उनका कहना है कि यहां अवैध खनन, ओबी डंप और अतिक्रमण इस रफ्तार से हुआ है कि यह जल तंत्र अब खत्म होने के कगार पर है और चूंकि यह जल तंत्र दामोदर का हिस्सा है, और दामोदर के रास्ते हुगली तक पहुंचता है। दामोदर सीधे गंगा की सहायक नहीं है, लेकिन गंगा के डेल्टा-तंत्र से जुड़ी है। इसलिए यह संकट सिर्फ धनबाद तक सीमित नहीं रह जाता।

अरुण कुमार रॉय एक और महत्वपूर्ण विरोधाभास की ओर इशारा करते हैं केंद्र सरकार दामोदर नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए करीब 808.33 करोड़ रुपये की लागत से 5 जगहों पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनवा रही है, और इनमें से कुछ प्लांट सीधे कतरी जैसी सहायक नदियों के ऊपर बनाए जा रहे हैं। इस परियोजना के तहत धनबाद शहर में कुल 192 एमएलडी क्षमता के 5 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाए जाएंगे, जिनकी क्षमता क्रमशः 18, 21, 75, 60 और 18 एमएलडी होगी। इसके साथ ही नालों के इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन तथा अन्य संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि STP लगाने से पहले जल स्रोतों का समुचित सर्वेक्षण किया जाना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि STP में किए जा रहे इस भारी निवेश का असल लक्ष्य पूरा हो सके।

धनबाद की कतरी नदी का हाल 

STP में तकनीकी खामियां

कतरी ओर खुदिया पर लगे एसटीपी में खामियों पर प्रो. अंशुमाली ने कहा, "नदियों पर यह परियोजना सिर्फ अपशिष्ट जल शोधन (wastewater treatment) तक सीमित है। इसका मकसद नदी में स्वच्छ पानी का पुनर्चक्रण (रीसाइकलिंग) करना है, लेकिन अगर नदी का प्राकृतिक प्रवाह ही खत्म हो चुका हो, तो इस परियोजना की उपयोगिता खुद-ब-खुद सीमित हो जाती है। उनके अनुसार उपचारित पानी का इस्तेमाल सिंचाई, औद्योगिक कार्यों और अन्य गैर-पीने योग्य जरूरतों में किया जा सकता है, लेकिन नदी को वाकई जीवित रखने का असली उपाय उसके प्राकृतिक जलग्रहण क्षेत्र और सहायक धाराओं को पुनर्जीवित करना जरूरी है। यह बेहद अहम है क्योंकि इतना बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश भी तबतक अधूरा रहेगा, जबतक नदी के मूल जल-तंत्र उसकी सहायक धाराओं को ठीक नहीं किया जाता।"

जलधाराओं का क्षरण: स्थानीय संकट से वैश्विक चुनौती तक

कतरी और खुदिया अकेली मिसाल नहीं हैं। इनकी जैसी छोटी नदियां इसी वैश्विक तस्वीर का एक स्थानीय, लेकिन बेहद ठोस उदाहरण हैं। –

अध्ययन के अनुसार गंगा बेसिन के सातों वाटरशेड और उनके 56 उप-वाटरशेड को मिलाकर औसत ड्रेनेज डेंसिटी पिछले पचास साल में 2.30 वर्ग किलोमीटर प्रति वर्ग किलोमीटर से घटकर सिर्फ 0.90 रह गई है। करीब 68 प्रतिशत उप-वाटरशेड या तो “एंडेंजर्ड” या “क्रिटिकली एंडेंजर्ड” श्रेणी में पाए गए।

इन आंकड़ों को पूरे गंगा बेसिन के अनुपात में अनुमानित करने पर पता चलता है कि गंगा बेसिन में करीब 18 लाख जलधाराएं अब खत्म या गंभीर रूप से प्रभावित हो चुकी हैं।

और लगभग 9,84,068 किलोमीटर लंबी लुप्त हो चुकी धाराओं को फिर से जीवित करना होगा, तभी ड्रेनेज डेंसिटी को दो किमी/वर्ग किमी के स्वस्थ स्तर तक लौटाया जा सकता है।

2023 में न्यूयॉर्क में हुए यूएन जल सम्मेलन में दुनिया भर की 300,000 किलोमीटर लंबी क्षतिग्रस्त नदियों को 2030 तक बहाल करने का लक्ष्य रखा गया था। अध्ययन के मुताबिक इस वैश्विक लक्ष्य को पूरा करने के लिए करीब 150,000 वर्ग किलोमीटर वाटरशेड क्षेत्र में जलधाराओं की संख्या, लंबाई और ड्रेनेज डेंसिटी इन तीन बुनियादी पैमानों पर संरक्षण कार्य करना होगा।

गजलीटांड़ में भी कतरी नदी पर अतिक्रमण, बीसीसीएल के आठ अधिकारियों पर प्राथमिकी

कतरी नदी पर अतिक्रमण की समस्या केवल तोपचांची तक सीमित नहीं है। बाघमारा के अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू की शिकायत पर कतरास थाने में बीसीसीएल एरिया-4 और उसकी आउटसोर्सिंग कंपनी आरके माइंस के आठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों में बीसीसीएल के महाप्रबंधक, एजीएम, गजलीटांड़ कोलियरी के प्रोजेक्ट ऑफिसर, मैनेजर और सुपरवाइजर के साथ आरके माइंस के प्रोजेक्ट हेड, मैनेजर और सुपरवाइजर शामिल हैं।

अंचलाधिकारी की शिकायत के अनुसार, गजलीटांड़ में कतरी नदी के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आरके माइंस ने नदी के प्राकृतिक बहाव को बाधित करते हुए आठ स्पैन का एक कच्चा पुल बनाया था। इसके अलावा, नदी के किनारे बड़े पैमाने पर मिट्टी भराई की गई थी, जिससे नदी का मूल क्षेत्र संकरा हो गया। नदी के प्राकृतिक स्वरूप में इस तरह के बदलाव से बारिश के दौरान आसपास के इलाकों में जलजमाव और बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई। मिट्टी और मलबे से नदी का पानी दूषित होने और आसपास धूलकण बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की गई।

हालाँकि, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी ने गजलीटांड़-चैतुडीह कोलियरी के बीच कतरी नदी पर बनाए गए कथित अवैध पुल को हटाने का काम शुरू कर दिया। पहले डोजर की मदद से नदी में भरी गई मिट्टी हटाई गई और फिर अस्थायी पुल में लगाए गए आठ पाइप निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई।

गजलीटांड़ में कतरी पर बना कथित अवैध पुल, जो FIR के बाद हटाया गया।

NGT ने भी कतरी में अवैध उत्खनन पर जताई चिंता

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की ईस्टर्न जोन बेंच, कोलकाता ने कतरी नदी पर झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा पुल निर्माण के नाम पर हो रहे अवैध पत्थर उत्खनन और क्रशर संचालन को पर्यावरण की दृष्टि से हानिकारक माना है। यह मामला जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी की शिकायत पर सामने आया, जिन्होंने एनजीटी में याचिका (संख्या 156/2026/EZ) दायर कर कतरी नदी पर हो रहे पुल निर्माण और उसकी आड़ में चल रहे अवैध पत्थर खनन व क्रशर संचालन को चुनौती दी थी।

पत्थर खदान से जुड़े नियमों को पूरी तरह ताक पर रखकर काम किया जा रहा है। कतरी नदी पर इन्होंने अवैध पुल बना दिया है, जो नदी को सीधे प्रभावित कर रहा है। तोपचांची क्षेत्र की 20 पंचायतें कतरी नदी पर ही निर्भर हैं, जिससे खेती के लिए पानी की लगातार कमी हो रही है और पूरे क्षेत्र में इसी तरह अवैध पत्थर खदानें चल रही हैं, सरिता देवी कहती हैं।

प्रशासन की प्रतिक्रिया: आदेश तो आए, लेकिन असर सीमित

जून 2026 में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने जमुनिया, कतरी और दामोदर नदी किनारे हो रहे अवैध खनन या ओवरबर्डन डंपिंग पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था। इसके अलावा जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी नदियों, तालाबों और डैम से अतिक्रमण हटाने तथा कैचमेंट क्षेत्र की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि प्रशासनिक कार्रवाई और आदेश अब तक ज्यादातर कतरी और दामोदर तक सीमित रहे हैं। खुदिया नदी को लेकर टुंडी या गोविंदपुर क्षेत्र में इस तरह का कोई सार्वजनिक आदेश या विशेष निगरानी अभियान सामने नहीं आया है, जबकि आंकड़े बताते हैं कि क्षरण की रफ्तार खुदिया में कतरी से भी ज्यादा तेज़ रही है। यानी सवाल सिर्फ अतिक्रमण का नहीं है यह उस पूरे जल-तंत्र को बहाल करने का सवाल है, जो इन नदियों को पानी देता है। इसलिए दोनों नदियों पर बराबर ध्यान दिया जाना चाहिए।

आदेश और अभियान कतरी तक पहुंचे, पर नदी को पानी देने वाला जल-तंत्र अब भी सूख रहा है। (खुदिया नदी, धनबाद)

समाधान जो वैज्ञानिकों ने बताया - सिर्फ सफाई नहीं, पूरे जल-तंत्र की बहाली जरूरी

आईआईटी-आईएसएम का अध्ययन साफ करता है कि यह संकट सिर्फ इन दो नदियों का नहीं, बल्कि पूरे गंगा बेसिन का है, और इसका समाधान भी सिर्फ अतिक्रमण हटाने, STP बनाने या कोर्ट के आदेश तक सीमित नहीं हो सकता। जरूरत इस बात की है कि सरकार, स्थानीय प्रशासन और समुदाय मिलकर जलधाराओं के उद्गम से लेकर संगम तक यानी उनके पूरे वाटरशेड के ex-situ (कृषि भूमि, बस्ती, औद्योगिक क्षेत्रों में) और in-situ (संरक्षित वन व जैव विविधता क्षेत्रों में) संरक्षण के लिए ठोस, मापने योग्य कदम उठाएं। जबतक कतरी और खुदिया जैसी छोटी नदियों की सहायक धाराओं को वापस जीवित नहीं किया जाता, तबतक दामोदर और गंगा जैसी बड़ी नदियों को बचाने के दावे अधूरे ही रहेंगे।

नोट- यह ग्राउंड स्टोरी इंडिया वाटर पोर्टल - फेलोशिप 2026-27 के तहत लिखी गई है।

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

SCROLL FOR NEXT