नैनीताल झील समेत उत्‍तराखंड की नौ झीलों में अल्‍गल ब्‍लूम और नुकसानदेह बैक्‍टीरिया से इको सिस्‍टम संकट में।

 

फोटो : विकी कॉमंस

जलवायु परिवर्तन

नैनीताल समेत उत्‍तराखंड की नौ झीलें खतरे में : जलवायु परिवर्तन और शहरी दबाव से अस्तित्व पर मंडरा रहा संकट

Author : कौस्‍तुभ उपाध्‍याय

तेजी से खराब हो रही नैनीताल, भीमताल, पूर्णाताल, सातताल, नौकुचियाताल, सुखाताल, कमल ताल, खुर्पाताल और गरुड़ताल की हालत

कुमाऊं विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग और मशीन लर्निंग माडल से किए वैज्ञानिक अध्ययन में हुआ खुलासा

जलवायु परिवर्तन और गहराता जल संकट पिछले कुछ दशकों में भारत के हिमालयी इलाकों में एक बड़ी समस्‍या बनकर उभरा है। इन दोनों को आमतौर पर अलग-अलग समस्‍याओं के तौर पर देखा जाता है। इसमें जलवायु परिवर्तन को एक ग्‍लोबल मुद्दा माना जाता है, जबकि पानी की कित्‍तत को स्‍थानीय समस्‍या के तौर पर देखा जाता है। लेकिन, एक हालिया रिसर्च बताती है कि यह दोनों ही समस्‍याएं गहराई में एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। रिसर्च के मुताबिक जलवायु परिवर्तन का असर अब मध्य हिमालय की प्राकृतिक झीलों के पारिस्थितिक तंत्र पर साफ दिखने लगा है। बढ़ता शहरी दबाव इस समस्‍या को और गंभीर बना रहा है।

रिमोट सेंसिंग और मशीन लर्निंग मॉडल से विश्‍लेषण

कुमाऊं विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के शोधकर्ताओं पी.सी. चन्याल, अक्षय सिंह, कैलाश चंद्र ने अपनी रिसर्च स्‍टडी में सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग और एलएसटीएम (लांग शार्ट-टर्म मेमोरी) मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, खुर्पाताल, कमलताल, सूखाताल, पूर्णाताल और गरुड़ताल की पारिस्थितिक स्थिति की जांच की। A Geospatial Assessment of Trophic Status of Natural Lakes in Lesser Himalaya, Using LSTM (Long Short-Term Memory) Machine Learning Mode शीर्षक से प्रकाशित इस अध्ययन में आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पाया गया कि जलवायु परिवर्तन और शहरी दबाव के चलते झीलों में एक्वाटिक इकोसिस्टम विकसित हो रहा है, जिससे इन झीलों में अल्‍गल ब्‍लूम (Algal bloom) का खतरा पैदा हो गया है। जलवायु परिवर्तन के कारण कम समय में ज्‍़यादा बारिश होने से खेतों की मिट्टी इन झीलों में बहकर जा रही है। इस मिट्टी में मौजूद नाइट्रोजन, फास्‍फोरस, पो‍टेशियम और यूरिया जैसे पोषक तत्‍व झीलों में शैवालों की अनियंत्रित वृद्धि कर रहे हैं।

इसके अलावा शहरी इलाकों का सीवेज झीलों में गिरने कई तरह के नुकसानदेह बैक्‍टीरिया भी झील के पानी में पनप रहे हैं। यह स्थिति हिमालयी झीलों में एक अलग तरह के नए इको सिस्‍टम को जन्‍म दे रही है, जो खुद इन झीलों की सेहत और अस्तित्‍व के लिए काफी नुकसानदेह है। इसके मूल्यांकन के लिए शोधकर्ताओं ने एक नया हिमालयन एक्वाटिक इकोसिस्टम इंडेक्स विकसित किया है। 

सैटेलाइट तस्वीरों से जाना झीलों की सेहत का हाल

इस शोध की एक खास बात यह है कि इसमें केवल पारंपरिक जल नमूना परीक्षणों पर निर्भर रहने के बजाय सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग और मशीन लर्निंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। शोधकर्ताओं ने वर्ष 2018 से 2024 के बीच की अवधि का विश्लेषण किया।इसके लिए मुख्य रूप से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के Sentinel-2 MSI और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के Landsat-8 और Landsat-9 उपग्रहों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग किया गया। Sentinel-2 की तस्वीरों से पानी में क्लोरोफिल-ए, गंदलेपन और शैवाल की मौजूदगी से संबंधित संकेतकों का आकलन किया गया। वहीं Landsat के आंकड़ों से झीलों की सतह के तापमान में होने वाले बदलावों का अध्ययन किया गया।

पेयजल आपूर्ति में इस्‍तेमाल लायक नहीं रहा पानी

अध्‍ययन में पाया गया कि कमलताल और सूखाताल हाइपर यूट्रोफिक (Hypereutrophic) यानी अत्यधिक पोषक तत्वों की मौजूदगी के कारण ऐसी स्थिति में पहुंच चुके हैं कि इनका पानी पेयजल आपूर्ति में इस्‍तेमाल के लिए उपयुक्‍त नहीं रह गया है। इन दोनों झीलों में क्लोरोफिल-ए का स्तर 17.4 से 18.8 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जिससे यहां शैवाल प्रस्फुटन (एल्गल ब्लूम) का बेहद गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

इसके अलावा पर्यटन के लिए मशहूर नैनीताल और भीमताल व पूर्णाताल भी प्रदूषण और जैविक क्षरण से प्रभावित श्रेणी यूट्रोफिक (Eutrophic) में पहुंच गई हैं। इसके अलावा नैनीताल जिले की सातताल, नौकुचियाताल, खुर्पाताल और गरुड़ताल को फिलहाल मध्यम पोषक तत्वों वाली स्थिति (Mesotrophic)में पाया गया है। शोध में यह भी सामने आया कि शहरी दबाव और अस्थिर जल प्रणाली वाली झीलों स्थिति काफी अस्थिर हो गई है। इन झीलों से लिए गए कुल छह नमूनों में से पांच नमूने यानी 83.3 फीसदी में पानी पीने के लिए अनुपयुक्त पाया गया, जबकि 16.7 फीसदी में यह अत्यंत खराब श्रेणी में मिला। इन झीलों से होने वाली जलापूर्ति की जांच के लिए नल के पानी (टैप वाटर) के 15 नमूने लेकर जांच करने पर 11 नमूनों यानी 73.3 फीसदी का पानी पीने योग्य नहीं मिला। झरनों के आठ नमूनों में 75 फीसदी पानी अनुपयुक्त पाया गया।  मानकों पर फेल झीलों के इस दूषित पानी की नलों के जरिये सप्‍लाई करने से हैजा, टाइफाइड, पीलिया और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा हो सकता है।

नौ झीलों की पारिस्थितिक सेहत का हाल

झीलशोध में बताई गई पोषक स्थितिक्लोरोफिल-aLSTM मॉडल R²
भीमतालयूट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहींशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहीं
गरुड़ तालमेसोट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहींउपलब्ध सार में अलग R² नहीं दिया गया
कमल तालहाइपरयूट्रोफिक18.8–17.4 µg/L (कमल ताल और सुखाताल के लिए संयुक्त रेंज)उपलब्ध सार में अलग R² नहीं दिया गया
खुर्पातालमेसोट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहीं0.341
नैनीतालयूट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहींउपलब्ध सार में अलग R² नहीं दिया गया
नौकुचियातालमेसोट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहींउपलब्ध सार में अलग R² नहीं दिया गया
पूर्णा तालमेसोट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहीं-0.356
साततालमेसोट्रोफिकशोध-सार में अलग मान उपलब्ध नहीं0.294
सुखातालहाइपरयूट्रोफिक18.8–17.4 µg/L (कमल ताल और सुखाताल के लिए संयुक्त रेंज)उपलब्ध सार में अलग R² नहीं दिया गया

स्रोत: कुमाऊं हिमालय की नौ झीलों पर आधारित संबंधित शोध का उपलब्ध शोध-सार। श्रेणियां शोधकर्ताओं के HAEI वर्गीकरण के अनुसार हैं। 

जलवायु परिवर्तन और शहरीकरण का दोहरा दबाव

हिमालयी झीलों का जल स्तर और पारिस्थितिक स्वास्थ्य आसपास के मौसम, वर्षा, तापमान और जलग्रहण क्षेत्र की परिस्थितियों से गहराई से जुड़ा होता है। तापमान बढ़ने पर झीलों के पानी का तापीय संतुलन बदल सकता है। इससे पानी की परतों के बीच मिश्रण, घुलित ऑक्सीजन और शैवाल की वृद्धि प्रभावित हो सकती है।

इसी तरह वर्षा के पैटर्न में बदलाव का असर भी झीलों पर पड़ता है। कम वर्षा या लंबे शुष्क अंतराल से झीलों में पानी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। दूसरी ओर, कम समय में अत्यधिक बारिश होने पर आसपास की पहाड़ियों से मिट्टी, तलछट, पोषक तत्व और प्रदूषक झीलों तक पहुंच सकते हैं।

इस समस्या को आसपास के इलाकों में बढ़ता शहरीकरण और पर्यटन का दबाव और गंभीर बना सकता है। पहाड़ी शहरों में आबादी और पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ घरेलू सीवेज, ठोस कचरे और निर्माण गतिविधियों का दबाव भी बढ़ता है। यदि इनका उचित प्रबंधन नहीं किया जाए तो झीलों में प्रदूषण और पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ सकती है।

नैनीताल और भीमताल जैसी झीलों के आसपास शहरी और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार इस संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इन झीलों की स्थिति को केवल जलवायु परिवर्तन के नजरिए से समझना पर्याप्त नहीं होगा। इनके जलग्रहण क्षेत्रों में भूमि उपयोग, सीवेज प्रबंधन, जल निकासी और निर्माण गतिविधियों का भी आकलन करना जरूरी है।

हालांकि, इस शोध के निष्कर्षों को लेकर यह सावधानी जरूरी है कि उपलब्ध शोध-सार जलवायु परिवर्तन और शहरी दबाव को झीलों के लिए प्रमुख जोखिमों के रूप में रेखांकित करता है। इससे यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि नौ झीलों में हुए सभी बदलावों के लिए जलवायु परिवर्तन ही जिम्मेदार है। इसके लिए झीलवार दीर्घकालिक जलवायु, जल गुणवत्ता और भूमि उपयोग के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण जरूरी होगा।

यूट्रोफिकेशन क्‍यों झीलों के लिए बना खतरा?

यूट्रोफिकेशन (Eutrophication) ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी झील या जलाशय में नाइट्रोजन और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्वों की मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है। इसके कारण पानी में शैवाल और जलीय वनस्पतियों की वृद्धि तेजी से होने लगती है। शुरुआत में यह प्रक्रिया झील में जैविक उत्पादकता बढ़ने का संकेत लग सकती है, लेकिन पोषक तत्वों की अधिकता लंबे समय में पूरे जलीय पारिस्थितिक तंत्र को प्रभावित कर सकती है।

इसका एक बड़ा कारण झीलों में घरेलू सीवेज, डिटर्जेंट, कृषि क्षेत्रों से बहकर आने वाले उर्वरक और अन्य प्रदूषकों का पहुंचना है। झील के आसपास बढ़ती आबादी और निर्माण गतिविधियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। जब इन स्रोतों से नाइट्रोजन और फॉस्फोरस पानी में पहुंचते हैं तो शैवाल की वृद्धि के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन जाती हैं।

शैवाल की अत्यधिक वृद्धि से पानी की पारदर्शिता घटती है। बाद में जब शैवाल मरकर सड़ते हैं तो उनके अपघटन में पानी की घुलित ऑक्सीजन खर्च होती है। इससे मछलियों और दूसरे जलीय जीवों के लिए संकट पैदा हो सकता है। कुछ परिस्थितियों में सायनोबैक्टीरिया (नील-हरित शैवाल) के पनपने और हानिकारक शैवाल प्रस्फुटन (Algal Bloom) का खतरा भी बढ़ता है।

इसलिए झीलों में यूट्रोफिकेशन केवल पानी के रंग या साफ-सफाई से जुड़ी समस्या नहीं है। यह पानी की गुणवत्ता, जैव विविधता और झीलों की पारिस्थितिक सेवाओं को प्रभावित करने वाली प्रक्रिया है।

रिसर्च टीम ने सुझाए सुधार के उपाय

रिसर्च के मुताबिक प्रदूषण, जल संकट और जैव विविधता पर असर: अंधाधुंध शहरीकरण, अनियंत्रित पर्यटन, सीवेज और जलवायु परिवर्तन मुख्य कारण हैं। इससे पारिस्थितिकी बिगड़ रही है और मछलियां व जलीय जीव नष्ट हो रहे हैं। इन झीलों के पारिस्थितिक तंत्र का संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, स्थानीय जल उपलब्धता इनके अस्तित्‍व और जैव विविधता को बनाए रखने के लिए जरूरी हैं। इनका संरक्षण केवल झील के भीतर सफाई अभियान चलाने तक सीमित नहीं रह सकता। इसके लिए सबसे पहले झीलों में पहुंचने वाले प्रदूषण के स्रोतों को नियंत्रित करना होगा। घरेलू सीवेज का उपचार, ठोस कचरे का उचित निस्तारण और निर्माण गतिविधियों से निकलने वाली मिट्टी तथा तलछट को झीलों में पहुंचने से रोकना जरूरी है।

इसके साथ ही झीलों के आसपास के प्राकृतिक जल निकासी मार्गों, छोटे जलस्रोतों और जलग्रहण क्षेत्रों को सुरक्षित रखना होगा। पहाड़ी ढलानों पर अनियंत्रित निर्माण और प्राकृतिक वनस्पति के नुकसान से बारिश का पानी तेजी से बहकर झीलों में पहुंच सकता है। इससे मिट्टी का कटाव और तलछट जमने की समस्या बढ़ती है।

इसे देखते हुए शोधकर्ताओं ने अपने अध्‍ययन के आधार पर हिमालयी झीलों की स्थिति सुधारने और उनके संरक्षण के लिए कई उपाय भी सुझाए हैं। इसमें आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों, मशीन लर्निंग और एचएईआई संकेतकों की मदद से तनावग्रस्त झीलों की निरंतर वैज्ञानिक निगरानी करने जैसे उपाय शामिल हैं। इसके अलावा शहरी दबाव व झीलों के इको सिस्‍टम में मानवीय दखल को रोकने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए प्रबंधन के स्‍तर पर ठोस रणनीति बनाने की आवश्‍यकता भी जताई गई है।

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

SCROLL FOR NEXT