मरम्मत और सफाई के लिए हुई सालाना बंदी के बाद हरिद्वार में गंग नहर के दोबारा खुलने से हर की पैड़ी में जलस्‍तर सामान्‍य हो गया है।


 

फोटो : विकी कॉमंस

प्रदूषण और जलगुणवत्ता

18 दिन बाद खुली गंग नहर, हर की पैड़ी में लौटा पानी और रौनक

मरम्मत और सफाई के लिए हुई सालाना बंदी के बाद 7 नवंबर को हरिद्वार में बहाल हुआ नहर का नियमित जल प्रवाह

Author : कौस्‍तुभ उपाध्‍याय

हरिद्वार में गंग नहर की 18 दिन की वार्षिक बंदी खत्‍म होने के बाद एक बार फिर हर की पैड़ी समेत शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर पानी अपने पुराने स्‍तर पर लौट आया है। सालाना सफाई और मेंटेनेंस के बाद उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने 7 और 8 नवंबर की मध्यरात्रि को गंग नहर का पानी फिर से चालू कर दिया है। इसके बाद रविवार सुबह से हर की पैड़ी और आसपास के घाटों पर जल प्रवाह सामान्य होने लगा। पानी लौटने के साथ ही सूने पड़े घाटों पर फिर से श्रद्धालुओं की आवाजाही और रौनक दिखाई देने लगी। 

इस साल 20 अक्टूबर की रात से दशहरे पर शुरू हुई गंग नहर की सालाना बंदी की खास बात यह रही कि इस बार इसका इस्तेमाल नहर की नियमित सफाई, गाद निकालने और मरम्मत के अलावा आगामी अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों के लिए भी किया गया। इस दौरान हरिद्वार में अर्धकुंभ स्‍नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नए घाटों का निर्माण, पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत और नहर से जुड़े दूसरे ढांचों को दुरुस्त करने का काम किया गया। इस तरह नहर की सालाना बंदी केवल सालाना रखरखाव तक सीमित न रह कर हरिद्वार में आगामी धार्मिक आयोजन के लिए सुविधाओं को विस्तार देने का भी अवसर बनी। 

घाटों पर फिर शुरू हुआ स्नान और पूजा-पाठ

गंग नहर में पानी छोड़े जाने के बाद हर की पैड़ी का नजारा फिर बदल गया है। पिछले 18 दिनों से जल प्रवाह कम होने के कारण जिन घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था, वहां अब फिर से गंगा की धारा पहुंचने लगी है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी और लोगों ने स्नान, पूजा-पाठ तथा धार्मिक अनुष्ठान शुरू कर दिए। गंगा आरती के लिए प्रसिद्ध हर की पैड़ी पर पानी की वापसी का विशेष महत्व है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान धार्मिक यात्रा का प्रमुख हिस्सा होता है। बंदी के दौरान जल स्तर घटने से घाटों का सामान्य स्वरूप बदल गया था। कई जगह तलहटी और किनारे दिखाई देने लगे थे। हालांकि सुबह और शाम को होने वाली गंगा आरती के समय सीमित मात्रा में पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। अब नहर में नियमित जल प्रवाह शुरू होने के बाद घाटों पर पूरे समय पानी की उपलब्धता हो गई है। हालांकि, पानी छोड़े जाने के बाद अलग-अलग घाटों तक पुराने जलस्‍तर ताक पानी पहुंचने में कुछ समय लग सकता है। 

10 नए घाटों सेसे 3.25 किमी बढ़ेगी स्नान की सुविधा

इस साल की गंग नहर बंदी में अर्धकुंभ 2027 के लिए नए घाटों का निर्माण किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने गंगा नहर और उससे जुड़े एस्केप चैनल के किनारे 10 नए घाटों का निर्माण किया है। इन घाटों की कुल लंबाई लगभग 3.25 किलोमीटर बताई गई है। हरिद्वार में पहले से गंगा के किनारे लगभग 12.5 किलोमीटर लंबे घाट उपलब्ध हैं। नए घाटों के निर्माण के बाद यह लंबाई बढ़कर लगभग 16 किलोमीटर हो जाएगी। अर्धकुंभ के दौरान देशभर से करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की उम्‍मीद है। ऐसे में 10 नए घाटों के निर्माण और घाटों की लंबाई बढ़ने से स्नान के लिए भीड़ के दबाव को कम किया जा सकेगा। इससे हर की पैड़ी और दूसरे प्रमुख घाटों पर एक साथ जुटने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने में आसानी होगी।

हालांकि, केवल घाटों की लंबाई बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। इनकी सीढ़ियों, सतह, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग और सुरक्षा इंतजाम भी उतने ही जरूरी हैं। खासतौर पर उन घाटों पर सुरक्षा का ध्यान रखना होगा, जहां पानी का बहाव तेज रहता है या तलहटी की बनावट ऊंची-नीची या असमान है।

हर की पैड़ी के पास बन रहा 82 मीटर लंबा नया घाट

अर्धकुंभ की तैयारियों के तहत हर की पैड़ी के आसपास भी घाटों का विस्तार किया जा रहा है। उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड (UIIDB) के माध्यम से उत्तराखंड प्रोजेक्ट्स डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (UPDCC) धनुष पुल और कंट्रोल एंड कमांड रूम के बीच लगभग 82 मीटर लंबे घाट का निर्माण कर रहा है।

यह स्थान हर की पैड़ी के नजदीक होने के कारण काफी महत्वपूर्ण है। यहां पर स्नान सुविधाओं का विस्‍तार किए जाने अन्‍य घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि नए घाटों को आसपास की व्यवस्थाओं से जोड़कर विकसित करना जरूरी है। क्‍योंकि, बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही केवल स्नान तक सीमित नहीं रहती। घाटों तक पहुंचने, वहां से बाहर निकलने और आसपास के रास्तों पर भी भारी दबाव रहता है। 

इस निर्माण कार्य के लिए नहर बंदी की अवधि उपयोगी रही, क्योंकि पानी का प्रवाह रोकने से उन हिस्सों में भी काम करना संभव हुआ जो सामान्य दिनों में जलमग्न रहते हैं। अब जल प्रवाह लौटने के बाद इन घाटों के बाकी निर्माण और सुंदरीकरण का काम पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, नए घाटों के निर्माण और सुंदरीकरण से जुड़े शेष कार्यों को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

56 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत

नए घाट बनाने के साथ इस साल पुराने घाटों की मरम्मत पर भी ध्यान दिया गया। ऊपरी गंग नहर के किनारे बने 34 पुराने घाटों और एस्केप चैनल के 22 घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत की गई है। इस तरह कुल 56 पुराने घाटों के उन हिस्सों की मरम्मत का काम किया गया, जो आमतौर पर पानी के भीतर रहते हैं। इन हिस्सों की मरम्मत इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि लगातार पानी के संपर्क में रहने से घाटों की सीढ़ियों, दीवारों और दूसरे ढांचों में टूट-फूट हो सकती है। जल प्रवाह के दौरान ऐसी क्षति दिखाई नहीं देती। पानी रोकने के बाद ही इन हिस्सों का निरीक्षण और मरम्मत करना संभव हो पाता है। अर्धकुंभ जैसे आयोजन में इन संरचनाओं की मजबूती श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्‍वपूर्ण होती है। क्‍योंकि बड़ी संख्या में लोग एक साथ स्नान के लिए पहुंचने पर कमजोर सीढ़ियां, क्षतिग्रस्त दीवारें या असमतल सतह किस बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। इसलिए नए घाटों के निर्माण के साथ पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों को दुरुस्त करना भी इस साल की बंदी का एक महत्वपूर्ण काम रहा।

गाद की सफाई के साथ सिंचाई नालों की मरम्मत भी हुई

गंग नहर की सालाना बंदी का मूल उद्देश्य नहर प्रणाली का रख-रखाव और मरम्मत करना है। आम दिनों में सालभर पानी बहने के दौरान नहर की तलहटी में गाद, रेत और दूसरी सामग्री लगातार जमा होती रहती है। खासतौर पर मानसून के दौरान बहकर आने वाली मिट्टी और अन्य अवशेष भी कई हिस्सों में जमा हो जाती है। इससे नहर का जल प्रवाह घटता है साथ ही उसकी पानी ले जाने की क्षमता में भी कमी आती है। इसलिए नियमित अंतराल पर गाद निकालना और तलहटी की सफाई करना जरूरी होता है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल बंदी के दौरान नहर के विभिन्न हिस्सों में सिल्ट की सफाई, सतह के समतलीकरण और मरम्मत के काम किए गए। इसके अलावा पुलों की मरम्मत, रंग-रोगन तथा सिंचाई के लिए बने नालों और खेतों तक पानी ले जाने वाले रजवाहों व छोटे सिंचाई नालों को भी दुरुस्त किया गया। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने बंदी के दौरान इन कार्यों को पूरा किया। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद अब इन संरचनाओं के जरिए जल वितरण दोबारा शुरू हो गया है।

इस तरह की बंदी का एक तकनीकी महत्व यह भी है कि इसमें पानी के भीतर छिपे खतरों की पहचान की जा सकती है। नहर के तटबंधों, दीवारों और पुलों के ऐसे हिस्सों की जांच व मरम्‍मत होती है, जो सामान्य दिनों में पानी के कारण आसानी से दिखाई नहीं देते। हालांकि, इस बार कुल कितनी गाद निकाली गई और कितने किलोमीटर नहर की सफाई हुई, इसका विस्तृत आंकड़ा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है। इसलिए सफाई की वास्तविक उपलब्धि का आकलन करने के लिए विभाग से निकाली गई सिल्ट की मात्रा और मरम्मत किए गए हिस्सों का विवरण सामने आने के बाद ही होगा।

किसानों को फिर मिलने लगा सिंचाई का पानी

गंग नहर की बंदी का असर केवल हरिद्वार के घाटों तक सीमित नहीं रहता। यह उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में सिंचाई व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। हरिद्वार से निकलने वाली नहर और उससे जुड़ी वितरक नहरों के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्रों तक पानी पहुंचता है। सालाना बंदी के दौरान इन क्षेत्रों में नहर से होने वाली सिंचाई प्रभावित रहती है। इस साल भी 18 दिनों तक जल प्रवाह बंद रहने के कारण नहर पर निर्भर किसानों को या तो खेती के काम को रोकना पड़ा या फिर पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी थी। अब नहर में पानी छोड़े जाने के बाद निचले क्षेत्रों में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध होने लगा है। यह समय कृषि के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रबी फसलों की बुआई का दौर चल रहा है। गेहूं सहित दूसरी रबी फसलों की बुआई के बाद खेतों में सिंचाई की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नहर में पानी की वापसी किसानों के लिए राहत लेकर आई है।

यूपी की ऐतिहासिक सिंचाई परियोजना है गंग नहर 

गंग नहर का महत्व समझने के लिए इसके ऐतिहासिक और तकनीकी पक्ष को भी देखना जरूरी है। ऊपरी गंगा नहर का संचालन वर्ष 1854 में शुरू हुआ था। यह भारत की ऐतिहासिक सिंचाई परियोजनाओं में शामिल है। इसका निर्माण मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्रों तक गंगा का पानी पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था।

इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स की जानकारी के अनुसार मुख्य गंग नहर की लंबाई लगभग 437 किलोमीटर है और इससे जुड़ी सहायक या वितरक नहरों का नेटवर्क करीब 6,440 किलोमीटर तक फैला है। यह आंकड़ा बताता है कि गंग नहर केवल हरिद्वार से होकर गुजरने वाली जलधारा नहीं, बल्कि उत्‍तर भारत की विस्तृत जल वितरण प्रणाली का एक महत्‍वपूर्ण हिस्‍सा है। इसका संचालन कृषि, जल प्रबंधन और क्षेत्रीय जलापूर्ति से जुड़ा हुआ है।

इसलिए नहर की सालाना बंदी और उसे दोबारा खोलना एक बड़े क्षेत्र की जल व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रिया है। हरिद्वार में इस नहर के खुलने और बंद होने से घाटों का जल स्तर घटता-बढ़ता है, तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसके जरिये एक बड़े इलाक में खेतों तक पानी पहुंचता है। यही कारण है कि मरम्मत और सफाई के लिए निर्धारित समय में काम पूरा करना जरूरी होता है, ताकि जल वितरण लंबे समय तक प्रभावित न रहे।

सफाई और सुरक्षा बनाए रखने की चुनौती

सालाना बंदी के दौरान अर्धकुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में घाटों की लंबाई बढ़ाने और पुराने घाटों की मरम्मत का काम हो गया है। पर कुंभ के दौरान सफाई और सुरक्षा को बनाए रखने की चुनौती अभी बाकी है। इसके लिए घाटों की नियमित सफाई, ठोस कचरे का प्रबंधन, पूजा सामग्री का उचित निस्तारण और नदी में प्रदूषण रोकना भी उतना ही जरूरी होगा। हरिद्वार में धार्मिक गतिविधियों के दौरान फूल, कपड़े, प्लास्टिक और दूसरी पूजा सामग्री नदी में पहुंचती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने पर इस तरह के कचरे की मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे में घाटों पर कचरा संग्रहण की व्यवस्था और नियमित सफाई के साथ श्रद्धालुओं को भी जागरूक करना होगा। नए घाटों के निर्माण के साथ ऐसी व्यवस्थाओं को भी योजना का हिस्सा बनाना चाहिए।

इसके साथ ही गंगा के प्रवाह और घाटों की संरचना के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। घाटों का विस्तार इस तरह होना चाहिए कि नदी के प्राकृतिक बहाव और जलधारा की निरंतरता पर प्रतिकूल असर न पड़े। विशेष रूप से जलमग्न हिस्सों में किए गए निर्माण की मजबूती और पानी के दबाव को सहने की क्षमता की नियमित जांच होनी चाहिए।

लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें

SCROLL FOR NEXT