झारखंड से निकल कर बिहार में पुनपुन नदी के जरिये गंगा में मिलने वाली फल्गु नदी को पुनर्जीवित करने की तैयारी चल रही है।
फोटो - फेसबुक
धार्मिक मान्यताओं में ‘मोक्षदायिनी' नदी के रूप में जानी जाने वाली गया की फल्गु यानी निरंजना को साल भर बहने वाली नदी यानी सदानीरा बनाने की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो चुकी हैं। बीते पितृपक्ष में इस मुद्दे के एक बार फिर से जोर पकड़ने के बाद अब बिहार सरकार ने इसके लिए 3500 करोड़ रुपये के एक मेगा प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें निजी क्षेत्र को भी भागीदार बनाया जाएगा। सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया के निवेशक इस परियोजना में पैसा लगाने को तैयार बताए जा रहे हैं।
परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन यानी DPR केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है। इसमें नहर के जरिये फल्गु नदी में सोन का जल लाकर और नलकूपों के जरिये भूजल उपलब्ध करा फल्गु नदी में पूरे साल पानी उपलब्ध कराने की योजना है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ‘गयाजी कॉरिडोर परियोजना’ के नाम से लगभग 3500 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में सोन नदी का जल फल्गु नदी तक लाकर वर्षभर जल की उपलब्ध करवा कर गयाजी धाम को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। इसके लिए फल्गु नदी और उसके घाटों के जीर्णोद्धार के साथ ही गया में सड़क, दर्शनीय स्थल, पर्यटन केंद्र और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
बोधगया महाबोधि कॉरिडोर के अंतर्गत कुल छह योजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें सड़क एवं यातायात व्यवस्था, विरासत हाट, पार्किंग, भोजनालय, जयप्रकाश उद्यान, पैदल एवं साइकिल पथ तथा मंदिर से नदी तक संपर्क मार्ग एवं घाट का विकास सम्मिलित हैं।
योजना पर विस्तृत चर्चा के लिए बिहार के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बीते सोमवार (9 नवंबर 2026) को पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को गौतम बुद्ध अभयारण्य क्षेत्र में टिकारी महाराज की ऐतिहासिक संपत्ति का सर्वेक्षण करवा कर उसे एक पर्यटन केंद्र अथवा हेरिटेज होटल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशने की राय दी। साथ ही एक ऐतिहासिक महत्व के पर्यटन स्थल के रूप में गया से बोधगया तक लगभग 8.6 किलोमीटर लंबे नदी तटीय क्षेत्र के विकास के लिए सीमांकन, अतिक्रमण रोकने एवं आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया।
रिपोर्ट में विधानसभा अध्यक्ष के हवाले से बताया गया है कि सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) एवं सिंगापुर सहित विदेश के कुछ निवेशक गयाजी एवं बोधगया क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये तक का निवेश करने के लिए तैयार हैं। क्योंकि यहां पर्यटन को बढ़ावा देकर होटल, भोजनालय, मनोरंजन पार्क, जल क्रीड़ा तथा ग्रामीण एवं पारिस्थितिकी पर्यटन जैसी परियोजनाओं के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। साथ ही इससे बड़ी संख्या में गया के स्थानीय लोगों रोजगार मिलने की भी संभावना है। इस परियोजना से गया में पर्यटन और होटल व्यवसाय के फलने-फूलने से बिहार सरकार की आमदनी (राजस्व) में भी काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में गया के विकास और फल्गु नदी के पुनर्जीजवन की इस परियोजना को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने 8 अक्टूबर को फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर बताया कि गया की जनता को किए वादे के अनुसार लोगों को जल्द ही एक बड़ी ख़ुशख़बरी मिलने वाली है। मांझी ने बताया कि अगस्त 2026 में उन्होंने गया से प्रवाहित होने वाली फल्गु (निरंजना) नदी के पुनर्जीवन के को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में उनके व अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में भाग लिया। इस बैठक में कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा हुई। एक रिपोर्ट के मुताबिक बैठक में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल तथा केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव भीउपस्थित थे। चार केंद्रीय मंत्रियों व उनके मंत्रालयों के शीर्ष अधिकारियों की इस उच्चस्तरीय बैठक में परियोजना के प्रशासनिक और अंतर-राज्यीय पहलुओं पर चर्चा करते हुए अड़चनों को दूर करने पर सहमति बनी।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यदि बिहार और झारखंड की राज्य सरकारें आपस में समन्वय स्थापित करके आवश्यक अनुमति व एनओसी जारी करें, तो भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) फल्गु नदी के पुनर्जीवन के पहले चरण का कार्य संभालेगा। इसमें नदी के जिन हिस्सों में तलछट के जमाव से बहाव रुक चुका है और भूमि समतल हो गई है, वहां डीसिल्टिंग व मिट्टी की खुदाई करवा कर नदी के मार्ग को पानी के सुचारु प्रवाह के लिए तैयार किया जाएगा।
अपने इस सहयोग के बदले एनएचएआई नदी निकाली गई मिट्टी का उपयोग राजमार्ग निर्माण में करेगा। इससे हाईवे निर्माण बिना अतिरिक्त रॉयल्टी खर्च के कर पाना संभव हो सकेगा। साथ ही फल्गु नदी का प्राकृतिक बहाव पुनः खुल सकेगा। बैठक में यह भी तय हुआ कि फल्गु के कैचमेंट में वैज्ञानिक भूजल पुनर्भरण, चेक डैमों का निर्माण, पारंपरिक आहर-पाइन प्रणालियों का जीर्णोद्धार भी कराया जाएगा। साथ ही आसपास के इलाकों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण भी कराया जाएगा, ताकि गया व बोधगया में भूजल स्तर को ऊपर लाया जा सके। इससे आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सूखे व गर्मी में भी स्वच्छ जल की व्यवस्था हो सकेगी। इसके अलावा मांझी ने फल्गु नदी के उद्गम स्थल से संगम तक लगभग 300 किलोमीटर लंबे नदी कॉरिडोर के विकास और भव्य परिक्रमा पथ विकसित करने पर भी जोर दिया।
फल्गू नदी को वर्षा जल संचय और भूजल रीचार्ज के जरिये सदानीरा बनाने के लिए रिवर रिचार्ज मिशन पर भी चलाया रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक गया जिले में 1,000 चेकडैम, 10 लाख पेड़ लगाकर और भूजल रिचार्ज व जल संरक्षण के जरिए नदी को नया जीवन देने की योजना पर पिछले पांच साल से काम चल रहा है। मिशन के संयोजक के रूप में इसकी शुरुआत करने वाले औरंगाबाद के रहने वाले संजय सज्जन सिंह के मुताबिक निरंजना रिवर रिचार्ज मिशन का यह अभियान कई मामलों में दूसरी नदियों के नवजीवन के प्रयास से कुछ अलग है।
इस परियोजना में प्रयास यह किया जा रहा है कि नदी के दोनों ओर पांच किमी के दायरे में वर्षा जल को अधिकतम मात्रा में रोका जाए। भूजल के दोहन को हतोत्साहित किया जाए। मिशन का मानना है कि नदियों में जब पानी कम जाएगा और उसमें से निकासी ज्यादा होगी, तो स्वाभाविक रूप से नदियां अंतर्ध्यान हो जाएंगी। हजार से अधिक चेक डैम और इसके किनारों पर 10 लाख पेड़ लगने के बाद पानी की निकासी कम और आपूर्ति अधिक होगी। ऐसा होते ही निरंजना नदी साल भर बहने लगेगी। यह मिशन केवल भावना पर ही नहीं, बल्कि व्यावहारिकता पर आधारित है।
मिशन की योजना है कि अगले दस वर्षों में नदी के उद्गम से लेकर संगम तक दोनों ओर पांच किलोमीटर के दायरे में छोटे बड़े एक हजार चेक डैम बनाए जाएंगे। नदी के किनारे दस लाख से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे। प्रयास यह किया जा रहा है कि इन पेड़ों के जरिये नदी के दोनों ओर पांच किमी के दायरे में वर्षा जल को अधिकतम मात्रा में रोका जाए। मिशन का मानना हैं कि पेड़ वातावरण से पानी खींच कर बूंद-बूंद करके अपनी जड़ों के आसपास छोड़ते रहते हैं। यह पानी रिसते हुए आसपास के तालाब, कुओं और नदियों में जाता है, जो नदी को रिचार्ज करते हैं। इस योजना पर 22 अगस्त 2021 को काम शुरू कर दिया गया है। सैकड़ों की संख्या में बौद्ध भिक्षुओं और सामाजिक कार्य करने वाले लोगों ने निरंजना नदी के तट पर दीप प्रज्जवलित करके निरंजना (फल्गू) रिवर रीचार्ज मिशन की शुरुआत की।
सज्जन सिंह का कहना है कि भारतीय परंपरा में मान्यता है कि कोई नदी मृत नहीं होती। वास्तव में वह केवल अंर्तध्यान हो जाती है। यदि मानव अपने आचरण और उद्यम से उसके लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण करे तो वह पुनः अपने भव्य रूप में प्रकट हो जाती है। वह इससे पहले बिहार की राम रेखा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए काम कर चुके हैं। लंबे समय तक किए गए प्रयासों के बाद वह नदी पुनः प्रकट हो चुकी है।
पितृपक्ष में गया में पिंडदान पर देश भर से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने फल्गु नदी में पानी बढ़ाने के लिए फल्गु नदी के कुछ हिस्सों में रबर डैम बनाने का कदम उठाया था। इससे पहले भी एक बार रबर डैम बनाया गया था, जिसका उद्घाटन 8 सितंबर 2022 को हुआ था।
यह भारत का सबसे बड़ा एयर-इन्फ्लेटेड रबर डैम था, इससे नदी में पानी की उपलब्धता बेहतर हुई थी। यह डैम 411 मीटर लंबा और लगभग 3 मीटर ऊंचा है। इसे ऑस्ट्रिया की कंपनी Hydro-Construct के सहयोग और IIT रूड़की के विशेषज्ञों की देखरेख में लगभग ₹312–334 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इसमें नदी के पानी को रोकने के लिए कंक्रीट की दीवार बनाने के बजाय इसमें 17 मिमी मोटी रबर की ट्यूब लगाई गई है। इसमें हवा भरकर इसे फुलाया जाता है जिससे पानी का प्रवाह रुकता है और नदी का जलस्तर बढ़ जाता है।
बाढ़ के समय हवा निकालकर पानी को आसानी से छोड़ा जा सकता है। इस रबर डैम के बनने के बाद अब डैम की वजह से विष्णुपद मंदिर के पास नदी में आमतौर पर 2 से 5 फीट तक पानी जमा रहता है। इसकी वजह डैम में पानी रुके रहने के कारण आसपास के क्षेत्रों में भूजल रिचार्ज (Groundwater Recharge) बेहतर होना है। जबकि, पहले नदी में केवल मानसून के 4 से 5 महीने ही पानी दिखता था।
हालांकि, रबर डैम बनने से नदी में जल की उपलब्धता का मतलब नदी का पुनर्जीवन नहीं है। नदी की सेहत सुधारने के लिए उस डैम के आसपास जमा होने वाली गाद की सफाई भी जरूरी है। यही वजह है कि 2023 में डैम की सफाई के लिए पानी निकालकर जमा गाद हटाने का काम करना पड़ा था। इसके साथ ही प्रशासन ने देवघाट से सीता पथ तक गाद हटाने और घाटों पर कूड़ेदान लगाने जैसे कदम भी उठाए थे। इससे धार्मिक आयोजन के लिए जल उपलब्ध कराने और घाटों की स्थिति सुधारने में मदद मिल सकती है, लेकिन नदी के पूरे जलग्रहण क्षेत्र में पानी की उपलब्धता, भूजल पुनर्भरण और प्राकृतिक प्रवाह का सवाल इससे अपने आप हल नहीं होता।
अब सरकार पूरे फल्गु नदी क्षेत्र में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए फल्गु को कई नदियों से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 996 करोड़ रुपये है। इसी योजना का दायरा बढ़ा कर 3500 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट तैयार किया गया है, जिसमें नदी के संरक्षण के साथ ही अन्य चीजों को भी शामिल किया गया है।
फल्गु नदी का उद्गम झारखंड के छोटा नागपुर पठार में स्थित चतरा जिले में होता है। यहां से निकलने वाली दो छोटी नदियों लीलाजन (निरंजना) और मोहना के मिलने से फल्गु नदी बन जाती है। आगे चल कर यह नदी गया होते हुए उत्तर की ओर बहती है और अंततः पुनपुन नदी में मिल जाती है, जो आगे चलकर गंगा नदी में मिलती है। इसीलिए कई संदर्भों में इसे सीधे पुनपुन के माध्यम से या पटना के पास गंगा में मिलने वाली गंगा की सहायक नदी के रूप में भी जाना जाता है। लीलाजन और मोहना के संगम के बाद फल्गु नदी की मुख्य धारा की कुल लंबाई लगभग 135 किलोमीटर है। यह नदी मुख्य रूप से झारखंड के पठारी हिस्सों से निकलकर बिहार के मैदानी इलाकों में गया, जहानाबाद और नालंदा, पटना के सीमावर्ती इलाके में बहती है। लीलाजन और निरंजना के रूप में यदि इसकी मुख्य उद्गम धारा को भी जोड़ा जाए, तो पूरे नदी तंत्र की लंबाई करीब 235 किलोमीटर तक बैठती है।
गया पहुंचते ही फल्गु नदी का दृश्य दूसरी तरह का है। यह नदी शहर के पूर्वी हिस्से से गुजरती है और सामान्य मौसम में इसका बड़ा नदी तल रेत से भरा दिखाई देता है। फल्गु नदी के सूखी और रेतीली दिखाई देने की सबसे प्रसिद्ध धार्मिक कथा माता सीता से जुड़ी है। मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान राम और लक्ष्मण के साथ सीता गया पहुंचीं और वहां दशरथ के लिए पिंडदान करना था। सीता जी के कहने पर राम और लक्ष्मण श्राद्ध में अर्पण के लिए फल लेने चले गए। दोनों के फल लाने जाने के दौरान सीता ने फल्गु के किनारे बालू से ही पिंड बनाकर दशरथ का श्राद्ध कर दिया। कथा के अनुसार सीता ने फल्गु नदी, गाय, तुलसी, वटवृक्ष और वहां मौजूद एक ब्राह्मण को इस अनुष्ठान का साक्षी बनाया। लेकिन राम के लौटने पर इन साक्षियों ने सीता के पिंडदान की पुष्टि नहीं की। इससे नाराज सीता ने फल्गु नदी को श्राप दिया कि उसका जल ऊपर से दिखाई नहीं देगा और वह अंतःसलिला होकर जमीन के नीचे बहेगी।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सऐप चैनल को फॉलो करें